मैनपुरी(सूवि) जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के साथ भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित आदर्श आचार संहिता का अक्षरशः पालन सुनिश्चित कराने के संबंध में उप जिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों, थानाध्यक्षों, अधिशासी अधिकारी नगर निकाय के साथ आयोजित बैठक में साफ लहजे में कहा कि किसी भी दशा में कहीं पर भी आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन न हो, कहीं पर भी अनाधिकृत रूप से प्रचार सामग्री यथा होर्डिंग, बैनर, पंपलेट, पोस्टर, वॉल राइटिंग न की जाए, स्थाई रूप से जहां भी प्रचार सामग्री स्थापित है उसे सही ढंग से ढकवाकर बंद कराया जाए, एक्सप्रेस-वे, हाई-वे, मुख्य मार्गों के किनारे, चौराहों आदि कहीं पर भी प्रचार सामग्री लगी पायी गई या निर्धारित आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन मिला तो संबंधित थानाध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी, खंड विकास अधिकारी की जिम्मेदारी तयकर दंडात्मक कार्यवाही होगी। उन्होंने सचेत करते हुए कहा कि किसी भी सरकारी भवन, सड़क, विद्युत, टेलीफोन के पोल आदि पर किसी भी दशा में किसी भी राजनैतिक दल, प्रत्याशी द्वारा प्रचार सामग्री न लगाई जाए, निजी भवन पर भी भवन स्वामी की लिखित अनुमति के उपरांत ही प्रचार सामग्री लगाई जाए, ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग लिखित अनुमति के उपरांत ही निश्चित डेसीबल में किया जाए, रात्रि 10 बजे से प्रातः 06 बजे तक किसी भी दशा में ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग न हो, किसी भी धार्मिक स्थल का प्रयोग निर्वाचन गतिविधियों के लिए किसी भी दशा में न हो, उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में सुनिश्चित करायें।

श्री सिंह ने असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि जनपद में लाइसेंसी शस्त्र जमा करने की प्रगति बेहद निराशाजनक है, थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र के समस्त लाइसेंसी असलाह प्राथमिकता पर जमा करायें, कोई भी थानाध्यक्ष, प्रभारी निरीक्षक अपने विवेक से किसी भी लाइसेंसी शस्त्र धारक को शस्त्र जमा करने की छूट न दें यदि किसी को छूट देनी हो तो सूची बनाकर अपनी संस्तुति सहित रिपोर्ट प्रस्तुत करें, जिला स्तर पर गठित स्क्रीनिंग कमेटी की अनुमति के उपरांत ही शस्त्र जमा न करने की छूट दी जाए, क्षेत्राधिकारी अपने-अपने सर्किल में शस्त्र जमा करने की नियमित समीक्षा करें। उन्होंने उप जिलाधिकारियों, क्षेत्रधिकारियों से कहा कि अगले 24 घंटे में संवेदनशील, अति संवेदनशील मतदान केन्द्रों की रिपोर्ट प्रस्तुत करें, निरंतर भ्रमणशील रहकर मतदाताओं से संवाद करें, क्षेत्र के दबंग, शरारती तत्वों की जानकारी कर सूचीबद्ध कर पाबंदी की कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि अवैध शराब का प्रचलन प्रत्येक दशा में रोका जाए, मतदाताओं को प्रलोभन देने वालों पर पैनी नजर रखी जाए, नकदी का प्रचलन न हो, सुनिश्चित किया जाए, अवैध शराब, अनाधिकृत रूप से निर्धारित मात्रा से अधिक नकदी ले जाने वालों के विरुद्ध कठोरतम कार्यवाही की जाए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, उप जिला निर्वाचन अधिकारी राम जी मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक राहुल मिठास, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता, परियोजना निदेशक सत्येंद्र कुमार, उपायुक्त मनरेगा पी.सी. राम, उपायुक्त एन.आर.एल.एम. शौकत अली, उप जिलाधिकारी सदर, भोगांव, करहल, घिरोर, किशनी, कुरावली अभिषेक कुमार, संध्या शर्मा, नीरज कुमार द्विवेदी, सुप्रिया गुप्ता, प्रसून कश्यप, आर.एन. वर्मा, डिप्टी कलेक्टर गोपाल शर्मा, धु्रव शुक्ला, क्षेत्राधिकारी नगर, करहल, भोगांव, कुरावली, अजय सिंह चौहान, संतोष कुमार, सुनील कुमार, संजय वर्मा, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी शिवम यादव, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मयंक शर्मा, उपायुक्त उद्योग उत्कर्ष चंद, जिला कृषि अधिकारी डॉ. सूर्य प्रताप, जिला पूर्ति अधिकारी क्यामुद्दीन अंसारी, समस्त थानाध्यक्ष, अधिशाषी अधिकारी नगर निकाय सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।