
मैनपुरी(सूवि) भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष संक्षिप्त मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान विशेष बूथ दिवस के मौके पर जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने कई मतदान केंद्रों का भ्रमण कर मतदाता सूची अपडेशन कार्य का स्थलीय निरीक्षण करते हुए बूथ लेवल अधिकारियों, पदाभिहीत अधिकारियों से कहा कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने हेतु प्राप्त फॉर्म-6 के साथ अभ्यर्थी के निवास सत्यापन सम्बन्धी कोई न कोई अभिलेख अवश्य लगवायें, जिन व्यक्तियों की आयु 21 वर्ष से अधिक हो चुकी है और उनके नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है, उनसे फॉर्म-6 भरवाते समय संलग्नक-3 पर घोषणा अवश्य भरवायें, अभियान के दौरान जो भी फॉर्म प्राप्त हों, उन्हें उसी दिन ऑनलाईन फीड कराया जाये। उन्होने बूथ लेवल अधिकारियों से कहा कि शेष दिनों में भी घर-घर भ्रमण करें, यदि कोई व्यक्ति अभी तक फॉर्म भरने से रह गया हो तो उससे फॉर्म भरवाकर उसका नाम मतदाता सूची में शामिल करायें, विशेषतौर पर महिला मतदाताओं के नाम शामिल करने पर ध्यान दिया जाए ताकि जनपद की मतदाता सूची में जेंडर रेशियो को सुधारा जा सके, घर-घर भ्रमण के दौरान 80 आयुवर्ग, दिव्यांग मतदाताओं के चिन्हांकन का कार्य पूरी जिम्मेदारी के साथ करें।
श्री सिंह ने बूथ लेवल अधिकारियों से संवाद करते हुये कहा कि अभियान के समाप्ति के उपरांत यदि कोई वैध मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से शेष रहा या किसी मृतक, शिफ्टिेड मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल पाया गया तो संबंधित बूथ लेवल अधिकारी की जिम्मेदारी तयकर कार्यवाही होगी। उन्होने कहा कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने हेतु प्राप्त फॉर्म-6 की तत्काल ऑललाईन फीडिंग करायी जाये, मतदाता सूची से नाम विलोपन कराने हेतु प्राप्त फॉर्म-7 पर नोटिस जारी कर सूची से नाम विलोपित किये जायें, बूथ लेवल अधिकारी, पदाभिहीत अधिकारी वार्ड, मोहल्ले में मतदाताओं की मौजूदगी में मतदाता सूची अवश्य पढ़ कर सुनाएं ताकि यदि किसी का नाम शेष रह गया हो या किसी का नाम गलत शामिल हो तो उसकी जानकारी हो सके, सूची पढ़ते समय की फोटोग्राफी कराई जाए।
जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय सिंहपुर के बूथ संख्या-270 की बूथ लेवल अधिकारी ममता देवी से अब तक प्राप्त फॉर्म-6, 7, 8 की जानकारी करने पर पाया कि मतदाता सूची में नये नाम शामिल कराने हेतु 15 फॉर्म एवं मतदाता सूची से नाम डिलीट कराने हेतु 05 फॉर्म प्राप्त हुये हैं, केन्द्र की मतदाता सूची में अभी 1075 मतदाताओं के नाम शामिल हैं जिसमें 587 पुरूष एवं 448 महिला मतदाता हैं। उन्होने बीएलओ से कहा कि प्राप्त फॉर्म-6 के साथ सम्बन्धित व्यक्तियों से निवास प्रमाण साक्ष्य के रूप में आधार कार्ड के अलावा राशन कार्ड, बैंक पासबुक, पैनकार्ड आदि में से कोई एक दस्तावेज अवश्य लगवायें। उन्होने प्राथमिक विद्यालय घिटौली के बूथ संख्या-299 की बूथ लेवल अधिकारी संध्या चौहान से जानकारी करने पर पाया कि अब तक 25 फॉर्म-6 एवं 11 फॉर्म-7 प्राप्त हुये हैं, जिन्हें फीडिंग हेतु उपलब्ध कराया जा चुका है, बीएलओ द्वारा प्राप्त सभी फॉर्म की पंजिका में प्रविष्टि की गयी थी, बूथ पर 1032 मतदाता हैं, जिसमें से 518 पुरूष एवं 474 महिला मतदाता हैं। उन्होने घिटौली के बीएलओ के कार्य की प्रशंसा करते हुये कहा कि शेष बीएलओ भी इनसे प्रेरणा लेकर कार्य करें।
श्री सिंह ने बूथ भ्रमण के दौरान प्राथमिक विद्यालय सिंहपुर की कक्षा-02 की छात्रा शिवानी से 12 का पहाड़ा, प्राथमिक विद्यालय घिटौली की कक्षा-02 के छात्र नमन से 13 एवं कक्षा-02 की ही छात्रा आशा चौहान से 05 का पहाड़ा सुना तीनों बच्चों ने सही पहाड़े सुनाये जिस पर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक ने बच्चों के बैज लगाकर उत्साह वर्धन किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार राय, उप जिलाधिकारी सदर वीरेन्द्र कुमार मित्तल आदि उपस्थित रहे।


