मैनपुरी(सूवि) 26 नवम्बर, 2021- आयुक्त आगरा मंडल आगरा अमित गुप्ता ने थाना करहल के निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक को निर्देशित करते हुए कहा कि महिला, बालिका उत्पीड़न के प्रकरण मे तुरंत कार्यवाही की जाए, लंबित विवेचनाओं को तत्काल पूरा कराया जाए, हिस्ट्रीशीटर की गतिविधियों पर नजर रखी जाए, टॉप-10 अपराधियों के अलावा अन्य शातिर अपराधियों की सूची तैयार की जाए और उनकी गतिविधियों पर भी नजर रखी जाए। उन्होने महिला हेल्पडेस्क पर तैनात महिला निरीक्षक, आरक्षी से कहा कि महिला उत्पीड़न, छेड़छाड़ सम्बन्धी शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल प्रभावी कार्यवाही की जाये, थाने आने पर फरियादी की बात सुनी जाये। उन्होने कहा कि क्षेत्र के शरारती तत्वों, गुण्डा प्रवृत्ति के लोगों की फीेडबैक लें, भूमि पर अनाधिकृत कब्जा करने वालों का विवरण तैयार करें, भूमि विवाद सम्बन्धी शिकायतों को प्रथमिकता से निपटाया जाये।
मंडलायुक्त ने निरीक्षण के दौरान कहा कि प्रथम सूचना रिपोर्ट कम्प्यूटर पर ही दर्ज की जायें, एफआईआर दर्ज होने पर तत्काल कार्यवाही की जाये। उन्होने शस्त्रागार के निरीक्षण के दौरान कहा कि सभी अभिलेख अद्यावधिक रखे जायें, थाना समाधान दिवस पर प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समयसीमा में शत-प्रतिशत निराकरण किया जाये, भूमि विवाद सम्बन्धी जो भी शिकायतें मिलें उस पर थाने से ही पुलिस, राजस्व विभाग की टीम गठित कर मौके पर भेजकर समस्या का निदान कराया जाये। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार राय, संयुक्त विकास आयुक्त शशि मौली मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार, उप जिलाधिकारी करहल राम नारायण, क्षेत्राधिकारी करहल अशोक कुमार आदि उपस्थित रहे।

1 COMMENT

Comments are closed.