मैनपुरी 26 नवम्बर, 2021- आयुक्त आगरा मंडल, रोल प्रेक्षक ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य का प्राथमिक विद्यालय कीरतपुर के बूथ नम्बर-280 की बूथ लेवल अधिकारी इन्द्रा से जानकारी करने पर पाया कि अब तक उनके द्वारा मतदाता सूची में नये नाम शामिल करने हेतु अभी तक 09 व्यक्तियों के फॉर्म-6 भरवाए गए हैं, जिसमें से 05 पुरूष एवं 04 महिला है, मतदाता सूची में नाम विलोपन हेतु अभी तक फॉम-7 के 07 फॉर्म प्राप्त हुये हैं जिन्हें फीड कराने हेतु सुपरवाईजर के माध्यम से तहसील को उपलब्ध कराया जा चुका है। उन्होंने मौके पर उपस्थित उप जिलाधिकारी, तहसीलदार से कहा कि जिसके द्वारा फॉर्म 7-ए भरा जाए, उन्हें नोटिस जारी कर बीएलओ के माध्यम से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने निरीक्षण के दौरान बीएलओ को कार्यों की सही जानकारी न होने पर असंतोष व्यक्त करते हुये कहा कि बूथ लेवल अधिकारी मतदाता सूची पुनरीक्षण के कार्य को पूरी संवेदनशीलता के साथ करें, जिन लोगों द्वारा फॉर्म-6, 7, 8 उपलब्ध कराये जायें उनके बारे में पूरी जानकारी करें, फॉर्म के साथ निवास सम्बन्धी साक्ष्य अवश्य लगवायें। उन्होने कहा कि सभी बूथ लेवल अधिकारी, पदाभिहीत अधिकारी, सुपरवाईजर अवशेष दिवसों में जनपद की मतदाता सूची में जेंडर रेशियो सुधारने की दिशा में काम करें, जो भी लड़कियां 01 जनवरी 2022 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रही हैं उनसे फार्म-06 भरवाकर उनके नाम मतदाता सूची में शामिल कराना सुनिश्चित करें, जनपद की मतदाता सूची का जेंडर रेशियो मानक के अनुसार नहीं हैं इसलिए इस ओर विशेष ध्यान दिया जाये। उन्होने जानकारी करने पर पाया कि विधान सभा करहल के बूथ संख्या-280 कीरतपुर पर कुल 732 मतदाता पूर्व से मतदाता सूची में शामिल हैं, जिसमें से 392 पुरूष एवं 348 महिला मतदाता हैं।
श्री गुप्ता ने कीरतपुर के प्राथमिक विद्यालय में अध्ययनरत् बच्चों से 02 अंकों के जोड़ कराकर देखे, कक्षा-04 के कुछ बच्चे जोड़ नहीं कर सके, जिस पर उन्होने सहायक अध्यापिका को शैक्षिक स्तर में सुधार लाने के आदेश दिये। उन्होने विद्यालय के रसोईघर का निरीक्षण करते हुये रसोईया, प्रधानाध्यापक से कहा कि बच्चों को निर्धारित मीनू के अनुसार गुणवत्ता पूर्वक मध्यान्ह भोजन समय से मुहैया कराया जाये, चावल-दाल, गेहूं, आटा आदि सभी सामिग्री बंद कंटेनर में रखी जाये, खाने में उत्तम क्वालिटी के मसाले, पैकिंग के तेल का प्रयोग किया जाये, विद्यालय परिसर के साथ-साथ रसोईघर, कक्षा कक्ष में सफाई के बेहतर प्रबन्ध किये जायें, विद्यालय में पंजीकृत सभी छात्र-छात्राओं की उपस्थिति सुनिश्चित करायी जाये।
मंडलायुक्त ने ग्राम घिटौली में 1.01 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन पंप हाउस, पाईप लाईन के कार्य का स्थलीय निरीक्षण करते हुये अधिशाषी अभियंता जल निगम को आदेशित करते हुये कहा कि कार्य की गुणवत्ता, समयबद्धता का पूरा ध्यान रखा जाये, निर्माणाधीन कार्य की समय-समय पर गठित टैक्निकल टीम से जांच करायी जाये। उन्होने मौके पर उपस्थित उप जिलाधिकारी से कहा कि पंप हाउस हेतु उपलब्ध करायी गयी भूमि की मौके पर पैमाइश कराकर चिन्हांकन का कार्य करायें, जो भूमि पंप हाउस स्थापना हेतु उपलब्ध करायी गयी है, पूरी भूमि सम्बन्धित विभाग के अधीन रहे, उस पर कोई अनाधिकृत कब्जा न रहे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार राय, संयुक्त विकास आयुक्त शशि मौली मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार, उप निदेशक सांख्यिकी नवीन चतुर्वेदी सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।