मैनपुरी(सूवि) 26 नवम्बर, 2021- मंडलायुक्त, रोल प्रेक्षक अमित गुप्ता ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अन्तर्गत निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्य प्रगति पर है, आप सब इस कार्य में सहयोग करें उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधान सभा की निर्वाचक नामावलियों को साफ-सुथरा, त्रुटिविहीन, अद्यावधिक करने की दिशा में निरन्तर प्रयास किये जा रहे हैं, आयोग के निर्देशानुसार अर्हता दि. 01.01.2022 के आधार पर निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम में, जो पात्र व्यक्ति 01 जनवरी 2022 को 18 बर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, या अभी तक मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं है उन व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित किये जा रहे हैं। उन्होने बैठक में उपस्थित विभिन्न दलों के पदाधिकारियों से कहा कि मतदाता सूची संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम में आप सब सहयोग करें, शेष दिवसों में अपने-अपने बूथ लेवल एजेटों को सक्रिय कर मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित पात्रों के नाम निर्धारित प्रपत्र-06 भरवाकर नाम शामिल करायें।
श्री गुप्ता ने बैठक में उपस्थित जन प्रतिनिधियों, पदाधिकारियों से कहा कि पुनरीक्षण कार्य में यदि कहीं कोई शंका हो तो तत्काल संज्ञान में लायें, समस्या का समाधान प्राथमिकता पर कराया जायेगा, सभी बूथ लेवल अधिकारी समय से उपस्थित होकर अपने दायित्वों का निर्वहन निष्पक्ष रहकर करेंगे, पुनरीक्षण का कार्य संवेदनशीलता, सतर्कता, निष्पक्षता के साथ कराया जा रहा है, ताकि मतदाता सूची अद्यावधिक एवं त्रुटिरहित बन सके। उन्होने राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि बीएलओ से पुनरीक्षण का कार्य निष्पक्षता से कराया जायेगा यदि किसी के द्वारा इस कार्य में लापरवाही बरती गयी तो उसके विरूद्ध दण्डात्मक कार्यवाही होगी। बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा बताया गया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण से पूर्व भी मतदाता सूची में नाम शामिल कराने हेतु फॅार्म-6 उपलब्ध कराये गये थे, जिन्हे अभी तक फीड नहीं कराया गया है, इस पर उन्होने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देशित करते हुये कहा कि पूर्व में प्राप्त सभी फॉर्म को सूचीबद्ध करायें, जो फॉर्म बैद्य हों, उन्हें तत्काल फीड कराया जाये, जो अपात्र पाये जायें उन्हें नोटिस देकर निरस्त किया जाये, कोई भी फॉर्म अनिस्तारित न रखा जाये। उन्होने उप जिलाधिकारियों से कहा कि अपने-अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारियों के कार्यों की सघन मॉनीटरिंग करें, किसी भी बूथ लेवल अधिकारी द्वारा फॉम-6 प्राप्त करते समय निवास के साक्ष्य के रूप में कोई अभिलेख प्राप्त नहीं किया जा रहा है, मतदाता सूची में नाम शामिल कराने हेतु प्राप्त फॉम-6 के साथ राशन कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, बैंक खाते की प्रति आदि से कोई न कोई अभिलेख निवास साक्ष्य के रूप में अवश्य संलग्न किया जाये। उन्होने कहा कि 21 वर्ष से अधिक ऐसे मतदाता जिनके नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है, से फॉम-6 भरवाते समय संलग्नक 03 पर घोषणा पत्र अवश्य भरवाया जाये।
रोल प्रेक्षक ने उपस्थित जन प्रतिनिधियों, राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों का आव्हान करते हुये कहा कि जनपद की मतदाता सूची में अधिक से अधिक महिला मतदाताओं के नाम शामिल कराने में सहयोग करें, जनपद का जेंडर रेशियो 849 है जबकि जनगणना के अनुसार लिंगानुपात 876 है इसे भी सुधारे जाने की आवश्यकता है, सभी राजनीतिक दल जनपद की मतदाता सूची का जेंडर रेशियो सुधारने में सहयोग करें। बैठक में जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार राय, अपर आयुक्त न्यायिक मंजूलता, संयुक्त विकास आयुक्त शशि मौली मिश्र, अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्र, उप निदेशक सांख्यिकी नवीन चतुर्वेदी, सदस्य विधान सभा सदर, करहल, किशनी राजकुमार यादव, सोभरन सिंह यादव, इं. बृजेश कठेरिया, जिलाध्यक्ष बीजेपी प्रदीप चौहान, जिलाध्यक्ष समाजवादी पार्टी देवेन्द्र यादव, जिलाध्यक्ष कांग्रेस विनीता शाक्य, बहुजन समाज पार्टी से सुनील वर्मा, कम्युनिष्ट पार्टी से रामधन के अलावा देवेन्द्र सिंह यादव एड., करन पाल सिंह चौहान, विशम्भर तिवारी, समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार आदि उपस्थित रहे।



