मैनपुरी(सूवि) जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 01 नवम्बर से 30 नवंबर तक विशेष संक्षिप्त मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य संचालित है, इस अवधि में 04 विशेष बूथ दिवस आयोजित होने थे, जिसमें से तीन विशेष दिवस आयोजित हो चुके हैं, आगामी 27 नवंबर को भी विशेष दिवस आयोजित होगा, इस दिवस पर सभी राजनैतिक दल अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट की उपस्थिति मतदान केंद्रों, बूथों पर सुनिश्चित कराकर 01 जनवरी 2022 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे नए मतदाताओं, अभी तक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने से वंचित व्यक्तियों से फॉर्म-6 भरवाकर उनके नाम शामिल कराने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जनपद की मतदाता सूची में जेंडर रेशियो 849 है जबकि जनगणना के अनुसार लिंगानुपात 876 है इसे भी सुधारे जाने की आवश्यकता है, सभी राजनीतिक दल शेष दिवसों में अधिक से अधिक महिला मतदाताओं के नाम शामिल कराने में भी भूमिका अदा करें ताकि जनपद की मतदाता सूची का जेंडर रेशियो सुधारा जा सके।
श्री सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन का मकसद मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटि रहित, एवं प्रत्येक वयस्क नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल कराना है ताकि प्रत्येक मतदाता आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन में अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपना योगदान कर सके। उन्होने बताया कि 01 नवंबर से 22 नवंबर तक विधान सभा मैनपुरी में 5918, विधानसभा भोगांव में 6179, विधान सभा किशनी में 5465 एवं विधान सभा करहल में 5064 कुल 22626 नये मतदाताओं के नाम शामिल कराने हेतु फॉर्म-6 एवं विधान सभा मैनपुरी में 1567, विधान सभा भोगांव में 1429, विधान सभा किशनी में 2111 एवं विधान सभा करहल में 1507 कुल 6614 फॉर्म-7 मतदाता सूची से नाम डिलीट कराने हेतु प्राप्त हुए हैं। उन्होंने उपस्थित राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों का आह्वान करते हुए कहा कि शेष दिनों में अवशेष लोगों से अधिक से अधिक फॉर्म भरवा कर जमा कराने में बूथ लेवल अधिकारियों का सहयोग करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन में प्रत्येक बूथ पर वीवी पैट का प्रयोग होगा, आगामी निर्वाचन हेतु इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन की प्रथम चरण की जांच का कार्य पूर्ण हो चुका है। उन्होंने कहा कि जन सामान्य एवं मतदान कार्य में लगने वाले कार्मिकों को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के संचालन हेतु उपलब्ध इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन में से 10 प्रतिशत का रेंडम चयन कर प्रशिक्षण, जागरूक किया जाएगा, प्रशिक्षण, जागरूकता अभियान हेतु चिन्हित इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के नंबर की सूची सभी राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जाएगी, प्रशिक्षण हेतु चिन्हित ईवीएम का प्रयोग मतदान प्रक्रिया में नहीं होगा। उन्होंने कहा कि जन सामान्य को ईवीएम संचालन के बारे में एलईडी वेन के माध्यम से भी जागरूक कराया जाएगा। उन्होने कहा कि मतदाता सूची का 30 नवम्बर तक दावे आपत्तियां प्राप्त की जायेंगी, प्राप्त आपत्तियों, दावों का निस्तारण 20 दिसम्बर तक किया जायेगा, मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 05 जनवरी 2022 को होगा।
श्री सिंह ने राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों से कहा कि मतदाताओं को मतदाता सूची में नया नाम शामिल कराने, किसी के नाम में कोई त्रुटि हो उसे ठीक कराने, मतदाता की मृत्यु की दशा में उसका नाम डिलीट कराने के लिए वोटर हेल्पलाइन एप, राष्ट्रीय मतदाता सर्विस पोर्टल ऐप डाउनलोड कर ऑनलाइन आवेदन करने के लिए जागरूक करें। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी राम जी मिश्र, उप जिलाधिकारी सदर वीरेन्द्र कुमार मित्तल, राजस्व अधिकारी प्रेम प्रकाश, डिप्टी कलेक्टर आदेश सिंह सागर, राजनीतिक दलों से देवेंद्र यादव, करन पाल सिंह चौहान, विद्याराम यादव एड., विनीता शाक्य, रामधन, सहायक निर्वाचन अधिकारी फूलचंद, सुनील मिश्रा आदि उपस्थित रहे।



