मैनपुरी 25 नवम्बर, 2023- पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के सम्मुख जन-सुनवाई के दौरान जब हटऊ मुबारकपुर निवासिनी मीना देवी ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि गाटा संख्या-316 सार्वजनिक चकमार्ग पर ग्राम के ही कुछ व्यक्तियों ने चकमार्ग को काटकर अपने खेत में मिलाकर अनाधिकृत कब्जा कर लिया है, जिस पर उन्होंने तत्काल उप जिलाधिकारी कुरावली से मोबाइल पर वार्ता कर चकमार्ग से अनधिकृत कब्जा हटवाकर दोषियों के विरुद्ध-151 में प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश देते हुए कहा कि यदि शिकायत फर्जी हो तो शिकायतकर्ता के विरुद्ध भी 151 में कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक भूमि यथा चकरोड, तालाब, चारागाह, मरघट, विद्यालय की भूमि पर कहीं भी अनाधिकृत कब्जा न रहे इसके लिए पूर्व में भी कई बार निर्देश दिए गए हैं, बावजूद इसके सार्वजनिक भूमि पर अनाधिकृत कब्जों की शिकायतें लगातार मिल रही है, संबंधित अधिकारी सुनिश्चित करें कि अभियान चलाकर सार्वजनिक भूमि पर जहां भी कब्जे हो उन्हें तत्काल पैमाइश कराकर हटवाया जाये यदि किसी के द्वारा पुनः कब्जा किया जाए तो उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई जाए।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि भूमिहीन पात्र व्यक्तियों को आवासीय, कृषि भूमि के पट्टे आवंटित किए जाएं, पट्टा आवंटन में निर्धारित शर्तों, नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए, पट्टा आवंटन में चयन प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी जन-शिकायतों के प्रति संवेदनशील रहकर कार्य करें, प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ निराकरण करें ताकि फरियादी को राहत महसूस हो, संचालित जन कल्याणकारी, लाभार्थीपरक योजनाओं का लाभ पात्रों को मिले, किसी भी पात्र व्यक्ति को योजना का लाभ पाने में असुविधा का सामना न करना पड़े, विकास खंड स्तर पर प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र व्यक्तियों की वरीयता सूची उपलब्ध रहे, सूची में शामिल व्यक्ति को भी जानकारी रहे ताकि उसे इधर-उधर न भटकना पड़े।
आज जन-सुनवाई के दौरान ग्राम कालाखेत नि. राम गोपाल ने भूमि पर कालीचरन, अगनू द्वारा किये गये अनाधिकृत कब्जे को हटवाने, ग्राम कुतुकपुर नि. सर्वेश कुमार पाण्डेय ने भूमि गाटा संख्या-377 से अनाधिकृत कब्जा े हटवाने, गोलाबाजार नि. मिथलेश कुमारी ने भूमि गाटा संख्या-146 पर कमलेश कुमार द्वारा किये गये अनाधिकृत कब्जे को हटवाकर कब्जा दिलवाये जाने, ग्राम खरपरी नि. राजवीर सिंह चौहान ने अपने खेतों के पास पुलिया के निर्माण हेतु स्वीकृति प्रदान किये जाने, ग्राम कंझरा नि. रविन्द्र कुमार ने कुमदेश के ट्रेक्टर ड्राइवर द्वारा गाली-गलौच किये जाने, नगला इन्दु नि. अनुराग कुमार ने खतौनी में अंकित गलत नाम को दुरूस्त करवाने, ग्राम बड़ाहार नि. कल्पना ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाये जाने, शांति बाल कल्याण संस्थान इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ने अपने विद्यालय को परीक्षा केन्द्र की स्वीकृति प्रदान करने की मांग अपने शिकायती प्रार्थना पत्रों के माध्यम से की, जिन्हे सम्बन्धित अधिकारियों को तत्काल गुणवत्तापरक निराकरण हेतु उपलब्ध कराया।
इस दौरान उप जिलाधिकारी सदर अभिषेक कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर संतोष कुमार, पैक्सफेड के अध्यक्ष प्रेम सिंह शाक्य, उदय चौहान, अरूण चौहान आदि उपस्थित रहे।

1 COMMENT

Comments are closed.