
मैनपुरी 10 नवम्बर, 2021- कार्पाेरेट सोशल रिस्पांन्सिबिलिटी प्रोग्राम के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोगांव में राजस्थान लिकर्स लि. द्वारा स्थापित 334 एल.पी.एम.पी.एस.ए. ऑक्सीजन प्लांट एवं 62.5 केवीए जनरेटर संयंत्र का लोकार्पण करते हुए आबकारी मद्य निषेध मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री ने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना कालखंड की दूसरी लहर में तमाम मरीजों को ऑक्सीजन की कमी का सामना करना पड़ा इसी कमी को दूर करने के लिए केंद्र, प्रदेश सरकार के साथ-साथ विधायक निधि, समाजसेवियों का सहयोग लेकर प्रत्येक जनपद में ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना कराने का निर्णय लिया ताकि आवश्यकता के समय किसी भी मरीज को ऑक्सीजन की कमी के कारण अपने प्राण न गंवाने पड़ें, जनपद में 04 ऑक्सीजन प्लांट स्थापित होकर संचालित हो चुके हैं, इन ऑक्सीजन प्लांट के चालू होने से जनपदवासियों को काफी राहत मिलेगी, ऑक्सीजन पर्याप्त मात्रा में जनपद में ही उत्पादित होगी। उन्होंने कहा कि राजस्थान लिकर्स लि. के प्रबंध निदेशक तिलक राज शर्मा ने विधानसभा भोगांव क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी है, उनके द्वारा स्थापित कराए गए ऑक्सीजन प्लांट का फायदा क्षेत्र की जनता को मिलेगा।
आबकारी मंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी ने पूरे विश्व में उथल-पुथल मचा दी, अमेरिका जैसा शक्तिशाली देश भी इस वैश्विक महामारी के सामने कमजोर दिखा, हमारे देश के प्रधानमंत्री ने संकट की घड़ी में पूरी योजना के साथ कार्य किया वायु, रेल, सड़क आदि के माध्यम से जहां-जहां ऑक्सीजन की आवश्यकता थी पहुंचाकर कोविड संक्रमित मरीजों की जान बचाने का कार्य किया, भविष्य में मरीजों को ऑक्सीजन की कमी के कारण कठिनाई का सामना न करना पड़े इसके लिए प्रत्येक जनपद में ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना कराई गई। उन्होंने कहा कि केंद्र, प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों विकास कार्यक्रमों के कारण देश, प्रदेश तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर हो रहा है, विगत 70 वर्षों में पिछली सरकारे जो न कर सकीं वह केंद्र की सरकार ने 07 वर्षों में कर दिखाया, प्रधानमंत्री ने पहली बार शपथ लेने के बाद कहा था कि केंद्र सरकार का खजाना गरीबों के कल्याण के लिए, देश से गरीबी को समाप्त करने पर एक-एक पैसा खर्च होगा।
श्री अग्निहोत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश प्रगति के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है, 2017 से पूर्व प्रदेश देश में 12 नंबर पर था लेकिन अब विकास में दूसरे स्थान पर है, हमारा प्रयास उ.प्र. को देश में प्रथम स्थान पर पहुंचाकर सर्वोत्तम प्रदेश बनाना है। उन्होने कहा कि प्रदेश में कोई गरीब भूखा न रहे, इसके लिए प्रदेश सरकार ने माह मार्च तक निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है, अब राशन कार्ड धारकों को गेहूं, चावल के साथ दाल, तेल, नमक भी होली तक निःशुल्क मिलेगा। उन्होने कहा कि केंद्र, प्रदेश सरकार ने गरीबों के कल्याण के लिए तमाम जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की हैं, झुग्गी-झोपड़ी, कच्चे मकानों में रहने वाले पात्र व्यक्तियों को बड़ी संख्या में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी, ग्रामीण, मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण में पक्के घर बनवाकर उपलब्ध कराए, उज्ज्वला योजना के अंतर्गत महिलाओं को धुऐं से निजात दिलाने के लिए गैस-सिलेंडर, चूल्हे उपलब्ध कराये गये, महिलाओं की सुरक्षा, उनके सम्मान के लिए भी कई कदम उठाए गये, सबका साथ-सबका-विकास-सबका विश्वास के साथ उ.प्र. तेजी से सर्वोत्तम प्रदेश बन रहा है।
जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने कहा कि आबकारी मंत्री की प्रेरणा से राजस्थान लिकर्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य भोगांव मे स्थापित कराया गया ऑक्सीजन प्लांट क्षेत्र के लोगों के लिए वरदान साबित होगा। उन्होंने कहा कि कोविड की दूसरी लहर में ऑक्सीजन की कमी के कारण तमाम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा, प्रदेश सरकार ने अब प्रत्येक जनपद में ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना कराकर ऑक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि जनपद में स्थापित चारों ऑक्सीजन प्लांट संचालित हो चुके हैं, इनकी देख-रेख, संचालन का कार्य पूरी जिम्मेदारी से कराया जाएगा, जनपदवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिले, स्वास्थ्य केंद्रों पर सभी मूलभूत सुविधाएं मुहैया रहे इसके भी प्रबंध किए जाएंगे।


