मैनपुरी 21 अक्टूबर, 2023- जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील सदर में जन-शिकायतें सुनने के उपरांत उपस्थित अधिकारियों से कहा की विभिन्न स्तर से प्राप्त शिकायतों, संपूर्ण समाधान दिवस पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में तेजी आई है, अधिकांश विभागों में शिकायत निर्धारित समयसीमा में निस्तारित की जा रही है लेकिन शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिस कारण शासन स्तर से काफी संख्या में असंतुष्ट फीडबैक मिल रहा है, अधिकारी शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें, शिकायत का निस्तारण करने के पश्चात शिकायतकर्ता से अवश्य बात करें, उसके संतुष्ट होने के उपरांत ही निस्तारण आख्या अपलोड की जाए। उन्होंने असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि बार-बार निर्देशों के बाद भी शिकायतों के निस्तारण के गुणवत्ता पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है, शिकायत के निस्तारण के उपरांत शिकायतकर्ता से वार्ता किए बिना निस्तारण आख्या अपलोड की जा रही है। उन्होंने सचेत करते हुए कहा कि यदि भविष्य में किसी भी विभाग द्वारा निस्तारण आख्या बिना शिकायतकर्ता से वार्ता किये अपलोड की गई तो संबंधित विभाग के अधिकारी की जिम्मेदारी तय कर दंडात्मक कार्यवाही होगी।
श्री सिंह ने राजस्व, पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि भूमि संबंधी विवादों के निस्तारण में विलंब न किया जाए बल्कि तत्काल राजस्व, पुलिस की टीम गठित कर मौके पर भेजकर तत्काल समस्या का निदान कराया जाए, कृत कार्यवाही पर दोनों पक्षों के साथ-साथ गांव के सभ्रांत व्यक्तियों के भी हस्ताक्षर कराये जाएं, एक बार पैमाइश, कब्जा दिलाने के बाद यदि किसी के द्वारा पुनः कब्जा किया जाए तो उन्हें भू-माफिया में चिन्हित कर प्रभावी कार्यवाही की जाए, उनके विरुद्ध प्राथमिक की दर्ज कराई जाए। उन्होने कहा कि जन-शिकायतों का प्रभावी, समयबद्ध, गुणवत्तापरक निराकरण सम्बन्धित विभाग के अधिकारी की व्यक्तिगत जिम्मेदारी है, इसलिए सभी अधिकारी प्रत्येक शिकायत की खुद जानकारी रखें, अधीनस्थों पर निर्भर न रहें यदि अधीनस्थ के स्तर से शिकायत का निवारण किया गया हो तो खुद शिकायतकर्ता से वार्ता कर फीडबैक लें।
आज आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान तहसील सदर के दूर-दराज ग्रामीण अंचलों से आए 55 फरियादियों ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र निस्तारण हेतु जिलाधिकारी के सम्मुख प्रस्तुत किए, जिसमें से 07 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारित कर फरियादी को राहत प्रदान की, ग्राम ईकरी नि. आशा देवी ने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना एवं कल्याण योजना का लाभ दिलवाये जाने, नगला भंत नि. विनीत यादव ने विपक्षी रामौतार द्वारा भूमि की नीव तोड़ने की धमकी दिये जाने, ग्राम तालिबपुर नि. बीरेस्वर सिंह ने आबादी गाटा संख्या-218 में बने मकान को आबादी में कराने हेतु आदेश पारित कराये जाने, ग्राम टिण्डौली नि. मुकेश ने संक्रमणीय भूमि खतौनी में दर्ज कराने, ग्राम बेरियाहार नि. संतोष कुमार, शिवसिंहपुर नि. देवेश चन्द्र ने निजी भूमि पर विपक्षियों द्वारा किये गये अनाधिकृत कब्जे को हटवाने, ग्राम टिण्डौली नि. संजय, राजेश ने सम्मिलित भूमि से गाटा संख्या की भूमि का अलग कराये जाने की शिकायत अपने शिकायती प्रार्थना पत्रों के माध्यम से की, जिन्हंे सम्बन्धित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में निस्तारण हेतु उपलब्ध कराया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता, उप जिलाधिकारी सदर अभिषेक कुमार, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार, परियोजना निदेशक सत्येन्द्र कुमार सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।