जिन परियोजनाओं पर धनराशि उपलब्ध नहीं है, बजट अवमुक्त हेतु शासन से पत्राचार किया जाए, निर्माण कार्यों में मानकों का ध्यान रखा जाए-जिलाधिकारी।
सर्पदंश से किसी व्यक्ति की मृत्यु न हो, स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचने पर तत्काल एंटी वेनम देकर जान बचाई जाए-जिलाधिकारी।
मैनपुरी 10 जुलाई, 2023- जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने मा. मुख्यमंत्री जी की प्राथमिकता वाले विकास कार्यों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्था यूपी.पी.सी.एल द्वारा निर्माण कार्यों में मानकों की अनदेखी करने, दोयम दर्जे की ईंट का प्रयोग करने, जिला स्तरीय टेक्निकल टीम को जांच रिपोर्ट, डी.पी.आर मुहैया न कराने पर परियोजना प्रबंधक को कारण बताओ नोटिस जारी करने, संस्था के सभी कार्यों की टेक्निकल जांच कराए जाने, कार्य प्रणाली में सुधार न करने पर कोई नया कार्य आवंटित न किए जाने के निर्देश देते हुए सभी कार्यदायी संस्थाओं के अभियन्ताओं से कहा कि निर्माणाधीन कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए, अद्योमानक कार्य पाए जाने पर संबंधित कार्यदायी संस्था के अभियंता के साथ-साथ ठेकेदार की जिम्मेदारी तय होगी। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं पर धनराशि उपलब्ध नहीं है, तत्काल धनराशि अवमुक्त कराने हेतु विभाग को पत्र लिखा जाए, जिन परियोजनाओं पर धनराशि उपलब्ध है, लेवर बढ़ाकर कार्य पूर्ण कराये जाए, जिन परियोजनाओं पर 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है उन्हें जनोपयोगी बनाया जाए, जो परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, उन्हें संबंधित विभागों को हैंडओवर किया जाए, निर्माणाधीन कार्यों की गुणवता की जांच हेतु 04 सदस्य टीमें गठित की जाएं, प्रत्येक टीम में 03 अभियंता एवं 01 सिविल अधिकारी को नामित कराया जाए।
श्री सिंह ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, खंड विकास अधिकारी सुल्तानगंज से कहा कि वृहद गौ-आश्रय स्थल अहिरवा में गोबर से प्राकृतिक पेंट निर्माण का कार्य प्रारंभ करें, संबंधित अधिकारी गौशालाओं को स्वावलम्बी बनाने की दिशा में कार्य करें, संरक्षित पशुओं की बेहतर देख-रेख की जाये, कोई भी निराश्रित गौवंश सड़कों पर दिखाई न दे। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी, कर्मचारी वर्षा जल संचयन के लिए प्रभावी कार्यवाही करें, खंड विकास अधिकारी सोखपिट बनवाएं, सभी सरकारी भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम बने, नदियों में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए नदियों को नहरों से जोड़ा जाए, जिन नदियों में पानी नहीं है, उनकी सफाई कराकर उनमें भी पानी की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने अधिशासी अभियंता विद्युत को आदेशित करते हुए कहा कि विद्युत चोरी रोकने के लिए प्रभावी कार्यवाही करें, उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, खराब ट्रांसफार्मर प्राथमिकता पर बदले जाएं, ढीले तारों को तत्काल ठीक कराया जाए, विद्युत तार, पोल की चपेट में आकर कोई व्यक्ति चोटिल न हो सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि अभी तक विद्यालयों के आसपास साफ-सफाई, झाड़ी कटान का कार्य नहीं कराया गया है, खंड विकास अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में स्थापित प्राथमिक विद्यालयों के चारों ओर साफ-सफाई, झाडी कटान का कार्य प्राथमिकता पर कराएं, विद्यालय परिसर, विद्यालय के आसपास जलभराव न हो, विद्यालय परिसर के अंदर शिक्षा विभाग के अधिकारी, अध्यापक सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करें, विद्यालय के छात्रों को प्रतिदिन वेक्टर जनित बीमारियों से बचाव हेतु बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जागरूक किया जाए।
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी से कहा कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में दवाएं उपलब्ध रहें, सर्पदंश के कारण किसी व्यक्ति की मृत्यु न हो, स्वास्थ्य केंद्र पर आने के पश्चात तत्काल बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर पीड़ित व्यक्ति की जान बचाई जये, स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में किसी भी स्तर पर विलंब न हो, सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ समय से उपस्थित हो, प्र. चिकित्साधिकारी अपने तैनाती स्थल पर ही निवास करें, खंड विकास अधिकारी, उप जिलाधिकारी सहित सभी तहसील, विकास खंड स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी अपने-अपने तैनाती स्थल पर ही निवास करें, रात्रि विश्राम का औचक निरीक्षण कराया जाएगा यदि कोई चिकित्सक, अधिकारी तैनाती स्थल पर निवास करते न पाया गया तो उसके विरुद्ध दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने समीक्षा के दौरान पाया कि प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना में गोल्डन कार्ड बनाने, परिवार नियोजन में जनपद बी श्रेणी में एवं सामूहिक विवाह योजना में डी श्रेणी में है, जानकारी करने पर पाया कि 6,51,148 गोल्डन कार्ड बनाने के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 2,80,174 पात्र व्यक्तियों के गोल्डन कार्ड बनाए जा चुके हैं, 85,853 कार्ड सांची में लंबित है, माह जून में आशाओं द्वारा 27,109 पंचायत सहायकों द्वारा 2,636, बीएलई द्वारा 942 पात्रों के गोल्डन कार्ड बनाने हेतु ऑनलाइन प्रक्रिया की गई है, माह जून में 880 गोल्डन कार्ड धारकों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गई हैं।
मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार ने समीक्षा के दौरान पशु चिकित्साधिकारियों को आदेशित करते हुए कहा कि कोई भी निराश्रित गोवंश सड़कों पर दिखाई न दे यदि किसी निराश्रित गोवंश द्वारा किसी व्यक्ति पर हमला किया गया तो संबंधित पशु चिकित्साधिकारी की जिम्मेदारी तय होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री गोवंश सहभागिता योजना के तहत जिन पशुपालकों को गोवंश उपलब्ध कराए गए हैं, उनका प्रतिमाह सत्यापन कराकर धनराशि मुहैया कराई जाए, संचालित गौशाला में उपलब्ध दुधारू गायों को पशु सहभागिता योजना में कुपोषित, अति कुपोषित बच्चों के परिजनों को उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं के परियोजना प्रबंधक, अभियंताओं से कहा कि निर्माणाधीन साइट पर आवश्यक दस्तावेज, जांच रिपोर्ट, डीपीआर की प्रति उपलब्ध रहें ताकि टेक्निकल टीम को जांच के समय असुविधा न हो। उन्होंने समीक्षा के दौरान यूपी.पी.सी.एल के परियोजना प्रबंधक को निर्देशित करते हुए कहा कि रामलीला मैदान में कराए जा रहे विद्युतीकरण कार्य की डीपीआर अधिशासी अभियंता विद्युत को उपलब्ध कराए, अधिशासी अभियंता विद्युत विद्युतीकरण के कार्य की गुणवत्ता की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्र, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. रमेश चन्द्र गुप्ता, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी एस.एन. मौर्य, परियोजना निदेशक डी.आर.डी.ए सत्येंद्र कुमार, उपायुक्त एन.आर.एल.एम. पी.सी. राम, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ मदनलाल, डॉ. ए.के. पचैरी, जिला पूर्ति अधिकारी क्यामुद्दीन अंसारी, जिला कृषि अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार, भूमि संरक्षण अधिकारी विजय सिंह, अधिशासी अभियंता जल निगम, विद्युत, सिंचाई समस्त खंड विकास अधिकारी आदि उपस्थित रहे, बैठक का संचालन जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी प्रशांत ने किया।