
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के दौरान हुए एम.ओ.यू. का धरातल पर क्रियान्वयन कराया जाए, संबंधित विभाग के अधिकारी एम.ओ.यू. करने वाले उद्यमियों से समन्वय स्थापित कर कार्य प्रारंभ कराएं- जिलाधिकारी।
मैनपुरी 23 जून, 2023- ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के दौरान जो एम.ओ.यू. हुए हैं, उनको संबंधित विभाग के अधिकारी एम.ओ.यू. करने वाले उद्यमियों से समन्वय स्थापित कर धरातल पर उद्योगों का क्रियान्वयन कराएं, नियमित रूप से एम.ओ.यू. करने वाले उद्यमियों के साथ बैठक की जाये, जहां भी उद्यमियों को कोई समस्या हो तत्काल निदान कराया जाए, जिन एम.ओ.यू. पर कार्य प्रारंभ हो चुका है उसको तत्काल पूर्ण कर क्रियाशील कराया जाए ताकि उद्योग स्थापना के साथ-साथ जनपद के नौजवानों को रोजगार के अवसर मुहैया हो सके, एम.ओ.यू. करने वाले ऐसे उद्यमियों जिनके द्वारा अभी तक कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है, उन्हें पत्राचार कर तत्काल एम.ओ.यू. पर कार्य प्रारंभ करने के लिए प्रेरित किया जाए, मुख्य विकास अधिकारी अपने स्तर से इसकी साप्ताहिक रूप से समीक्षा कर प्रगति सुधारें, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा रोजगार योजना, एक जनपद-एक उत्पाद योजना में बैंकर्स प्राथमिकता पर प्रेषित पत्रावलियों पर ऋण वितरण करें ताकि बेरोजगार नवयुवक अपना स्वःरोजगार स्थापित कर स्वावलंबी बने और उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हो।
उक्त निर्देश जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के दौरान हुए एम.ओ.यू. पर विभाग वार चर्चा करते हुए जिला उद्यान अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, प्रधानाचार्य तकनीकी शिक्षा, प्राविधिक शिक्षा, महाप्रबंधक दुग्ध को निर्देशित करते हुए कहा कि अपने-अपने विभाग से संबंधित एम.ओ.यू. का धरातल पर क्रियान्वयन कराएं, नियमित रूप से संबंधित उद्यमियों से संवाद कर प्रगति सुधारें, ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के दौरान जो भी एम.ओ.यू. हुए हैं सभी धरातल पर दिखाई दें ताकि जनपद उद्योगों का हब बने और यहां की बेरोजगार नौजवानों को उनके घर में ही रोजगार के अवसर मुहैया हो सके। उन्होने उपायुक्त उद्योग को आदेशित करते हुए कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर संचालन का प्रकरण लंबे समय से लंबित है, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका से समन्वय स्थापित कर ट्रांसपोर्ट नगर के आवंटन की पत्रावली प्राप्त कर अध्ययन करने के पश्चात अगली बैठक में प्रकरण पर चर्चा कर निस्तारित किया जाए, आवंटन, अग्रिम कार्यवाही के लिए 04 सदस्यीय टीम गठित की जाए जिसमें उपायुक्त उद्योग, एआरटीओ, क्षेत्राधिकारी नगर, अधिशासी अधिकारी नगर निकाय को नामित किया जाए।
श्री सिंह द्वारा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम की समीक्षा करने पर उपायुक्त उद्योग ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में भौतिक लक्ष्य 96 के सापेक्ष विभिन्न बैंकों को 84 ऋण आवेदन पे्रषित किये जा चुके हैं, जिसके सापेक्ष बैंकों द्वारा 18 आवेदन पत्रों को स्वीकृत कर 03 पर ऋण वितरण किया जा चुका है, मुख्यमंत्री युवा स्वःरोजगार योजना में वार्षिक लक्ष्य 86 के सापेक्ष 24 पत्रावलियां पे्रषित की गयीं, जिनमें से 05 को स्वीकृत कर 02 पर ऋण वितरण किया जा चुका है, एक जनपद-एक उत्पाद योजना में वार्षिक लक्ष्य 30 के सापेक्ष 29 आॅनलाइन आवेदन बैंकों को पे्रषित किये जा चुके हैं, जिसमें से 03 आवेदन पत्रों पर ऋण वितरण किया जा चुका है, एकल मेज व्यवस्था में अब तक ऑनलाइन 2183 शिकायतें प्राप्त हुयीं, जिसमें से शत-प्रतिशत का निराकरण किया जा चुका है।
मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार ने समीक्षा के दौरान कहा कि जिन उद्यमियों द्वारा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के दौरान उद्योगों की स्थापना हेतु एम.ओ.यू. किये हैं, उनको उद्योग स्थापना सम्बन्धी सभी औपचारिकताओं को पूर्ण करने के लिए सम्बन्धित विभाग के अधिकारी सहयोग करें, जिन उद्यमियों को कोई आवश्यकता हो तो उसे निवेश सारथी पोर्टल पर सम्बन्धित विभाग के अधिकारी अपलोड करायें। उन्होने एम.ओ.यू. पर उद्यान विभाग की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया वहीं दूग्ध विभाग के अधिकारी को हिदायत देते हुये कहा कि 17 एम.ओ.यू. में से अभी 01 पर भी प्रगति नहीं है तत्काल एम.ओ.यू. करने वाले उद्यमियों से वार्ता कर प्रगति सुधारें।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डा. राजीव राय, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी एस.एन. मौर्य, परियोजना निदेशक डीआरडीए सत्येन्द्र सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा, जिला आबकारी अधिकारी दिनेश कुमार, जिला उद्यान अधिकारी अनूप कुमार चतुर्वेदी, जिला अग्रणी प्रबन्धक अनिल प्रकाश तिवारी, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका लालचन्द भारती, सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी, विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक, उद्यमी अनिल अग्रवाल, राघव तापड़िया, राम नाथ वर्मा, लक्ष्मी नारायण तापड़िया, श्रवण कुमार चन्देल, अजय दुबे आदि उपस्थित रहे, बैठक का संचालन उपायुक्त उद्योग मो. सऊद ने किया।



