
लाइन-लाॅस, विद्युत चोरी रोकने के लिए प्रभावी कार्यवाही की जाये, पुराने विद्युत उप केन्द्रों के उपकरणों की सही देख-रेख की जाये, ट्राॅसफार्मर के आस-पास कूड़ा न डाला जाये- अमित किशोर।
मैनपुरी 22 जून, 2023- प्रबंध निदेशक दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम आगरा अमित किशोर ने विद्युत विभाग के अभियंताओं के साथ आयोजित बैठक में कहा कि जनपद में कुल घरेलू संयोजनों की संख्या कुल परिवारों की संख्या के सापेक्ष कम है, जनपद में 03 लाख 13 हजार हाउसहोल्ड के सापेक्ष मात्र 02 लाख 41 हजार व्यक्तियों द्वारा ही विद्युत कनेक्शन लिये गये हैं, अभी जनपद में लगभग 72 हजार परिवार ऐसे हैं जिनके द्वारा विद्युत कनेक्शन नहीं लिये गये हैं। उन्होने विद्युत विभाग के अधिकारियों से कहा कि अवशेष परिवारों को चिन्हित कर प्राथमिकता पर विद्युत संयोजन स्वीकृत किये जायें, उ.प्र. पावर काॅर्पोरेशन के निर्देशानुसार इस कार्य में स्वयं सहायता समूह, विद्युत सखी आई.टी.आई., पाॅलीटैक्निक, महाविद्यालयों, मीटर रीडर का सहयोग लेकर सर्वे का कार्य कराया जाये, मीटर रीडर को छोड़कर सर्वे का कार्य करने वाले शेष छात्रों, एस.एच.जी., विद्युत सखी को नियमानुसार 100 रू. की दर से भुगतान किया जाये। उन्होने कहा कि लाइन लॉस रोकने की दिशा में प्रभावी कार्यवाही की जाए, शहरी क्षेत्र के आसपास जहां भी नई आबादी विकसित हो रही है, वहां भी प्राथमिकता पर विद्युत संयोजन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिन लोगों द्वारा अभी तक विद्युत कनेक्शन नहीं लिए हैं, उन्हें नियमानुसार प्राथमिकता पर विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराये जाएं, विद्युत चोरी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही हो, विद्युत बिलिंग व्यवस्था भी सुधारी जाए, उपभोक्ताओं को समय से सही विद्युत के बिल उपलब्ध कराए जाएं।
प्रबन्ध निदेशक ने कहा कि ऐसे उप केन्द्र जहां सबसे ज्यादा लाइन लॉस है, को चिन्हित कर लाइन लाॅस रोकने की दिशा में कार्य करें। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए गांव-गांव कैंप लगाकर नए कनेक्शन स्वीकृत किए जायें साथ ही विद्युत का बकाया बिल भी जमा कराया जा जाये, जिन उपभोक्ताओं के विद्युत बिलों में कमी है उन्हें भी सुधारा जाये, विद्युत उपभोक्ताओं को आॅनलाइन विद्युत बिल जमा करने के लिए प्रेरित किया जाये। उन्होंने विद्युत विभाग के अभियंताओं से कहा कि विद्युत की बकाया की वसूली के लिए प्रभावी कार्यवाही करें, लंबित आर.सी. का मिलान कराकर उप जिलाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर आर.सी. की वसूली कराई जाए। उन्होंने कहा कि जहां-जहां ओवरलोडिंग है, लीगल लोड होने की दशा में वहां तत्काल ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि का कार्य कराया जाए, जहां विद्युत चोरी, कटिया की अधिक शिकायतें हैं या विद्युत तारों की दशा ठीक नहीं है, वहां प्राथमिकता पर ए.बी. केबल का कार्य कराया जाए, खराब ट्रांसफार्मर कम से कम समय में बदले जाएं, शहरी क्षेत्र में ज्यादा से ज्यादा 02-03 घंटे में एवं ग्रामीण क्षेत्र में 06-07 घंटे में खराब ट्रांसफार्मर बदले जाएं, उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने बिजली घरों के सुदृढीकरण, क्षमता वृद्धि, जर्जर एलटी लाइन खासतौर पर नगरीय क्षेत्रों में पुरानी बस्तियों के विद्युत पोल, तार बदलने के कार्य को कार्य योजना में शामिल करने के निर्देश देते हुए कहा कि विद्युत विभाग के अधिकारी, कर्मचारी आमजन को निर्धारित रोस्टर के अनुसार विद्युत की आपूर्ति सुनिश्चित करें, किसी भी उपभोक्ता को अकारण परेशान न होना पड़े, विद्युत बिलिंग व्यवस्था सुधारी जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यक्रमों में जनपद प्रदेश में अधिकांश समय शीर्ष पर रहा है, विद्युत विभाग के अधिकारी, कर्मचारी भी जनपद को प्रदेश में शीर्ष स्थान पर रखने की दिशा में कार्य करें, विद्युत संबंधी समस्याओं का प्राथमिकता पर निदान किया जाए। उन्होंने अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देशित करते हुए कहा कि विद्युत विभाग की लंबित आर.सी. का प्राथमिकता पर मिलान कराना सुनिश्चित करें, उप जिलाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के विद्युत के 10-10 बड़े बकायेदारों से स्वयं जाकर आर.सी. की वसूली करें।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार, अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्र, निदेशक तकनीकि वी.एम. शर्मा, मुख्य अभियंता आगरा संगीता सक्सैना, अधीक्षण अभियंता वाणिज्यिक राम प्रकाश, परियोजना निदेशक डीआरडीए सत्येन्द्र कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत खंड प्रथम, द्वितीय, तृतीय, मागेन्द्र कुमार, आशीष गुप्ता, दीपक मिश्रा, सहायक अभियंता, अवर अभियंता विद्युत आदि उपस्थित रहे।



