
मैनपुरी 13 जून, 2023- जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने बताया कि अपर मुख्य सचिव कृषि के निर्देशों के क्रम में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजनांतर्गत जनपद के पात्र कृषकों के संतृप्तिकरण के उद्देश्य से दि. 13 जून से 23 जून तक तहसील स्तर पर शिविर, कैंप आयोजित होंगे। उन्होंने समस्त उप जिलाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा है कि उक्त तिथियों पर तहसील प्रांगण में कैंप आयोजित कराना सुनिश्चित करें, जिन ग्राम पंचायतों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना का डाटा सुधार हेतु अत्याधिक लंबित है, उन ग्राम पंचायतों में कैंप के आयोजन का व्यापक प्रचार-प्रसार कराकर अधिक से अधिक डाटा सुधार कराना सुनिश्चित करें, इन शिविरों में कृषि विभाग के क्षेत्रीय कर्मचारी, सहायक विकास अधिकारी कृषि, लेखपाल, जन सुविधा केंद्र के कर्मचारी, पोस्ट ऑफिस के कर्मचारी सम्मिलित रहेंगे। उन्होंने बताया कि जनपद की समस्त 06 तहसीलों में दि. 13 जून से 23 जून तक प्रातः 10 बजे से सायं 05 बजे तक डाटा सुधार हेतु कैंप संबंधित तहसीलदार के पर्यवेक्षण में आयोजित होंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों से कहा है कि नियत समय पर अपने-अपने तहसील में उपस्थित होना सुनिश्चित करें।


