
मैनपुरी 27 मई, 2023- नगर पालिका परिषद में शपथ ग्रहण समारोह कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, उ.प्र. के पर्यटन एवं संस्कृत मंत्री जयवीर सिंह ने शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित नव-निर्वाचित अध्यक्ष, सभासदों को बधाई देते हुए कहा कि आप सब नगर-वासियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरें और इस नगर के सर्वांगीण विकास में अपना सहयोग दें, आमजन तक मूल-भूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर पालिका, जिला प्रशासन, उत्तर प्रदेश शासन कहीं कोई कमी नहीं छोड़ेगा, नगर को सुंदर, स्वच्छ बनाकर उत्तर प्रदेश में सबसे सुंदर नगर बनाने की दिशा में कार्य किया जाए। उन्होने कहा कि जनपद मैनपुरी के समग्र विकास, चमकती-दमकती मैनपुरी बनाने का कार्य यदि कोई विभाग कर सकता है तो वह पर्यटन एवं संस्कृति विभाग ही है, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग द्वारा जनपद के पुरातात्विक, ऐतिहासिक महत्व के मार्कण्डेय ऋषि आश्रम, च्यवन ऋषि, मयन ऋषि आश्रम के सौन्दर्यीकरण हेतु धनराशि अवमुक्त की जहां विकास कार्य संचालित हैं। उन्होने कहा कि ऋषि-मुनियों, तपस्वियों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की इस धरती पर उनके इतिहास को संजो कर रखने के लिए कोई संग्राहलय नहीं था, इनकी यादों को ताजा रखने के लिए 05 एकड़ भूमि पर 1000 व्यक्तियों की क्षमता का रू. 50 करोड़ की लागत से म्यूजियम, ऑडिटोरियम का निर्माण कराया जाएगा, जिसमें ऋषि-मुनियों, स्वतंत्रता संग्राम आंदोलनकारियों के इतिहास को सुरक्षित रखा जाएगा, नया म्यूजियम उ.प्र. का आधुनिकतम म्यूजियम होगा, इस म्यूजियम के निर्माण में आने वाला व्यय उ.प्र. का संस्कृति विभाग वहन करेगा।
संस्कृति मंत्री ने कहा कि पर्यटन विभाग के माध्यम से नगर के राजा के ताल को पिकनिक स्पाॅट के रूप में विकसित कराया जायेगा, राजा के ताल के जीर्णोद्धार, विकास में जितनी भी धनराशि व्यय होगी, वह धनराशि पर्यटन विभाग द्वारा अवमुक्त की जायेगी। उन्होने कार्यक्रम में उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों, प्रबुद्ध नागरिकों का आव्हान करते हुये कहा कि राजा के ताल के आस-पास के अवैध कब्जों को हटवानें में सहयोग करें, नगर पालिका परिषद ताल की सफाई के कार्य में योगदान दें ताकि सुप्रसिद्ध ताल को बेहतर ढंग से विकसित किया जा सके। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन चैराहे सहित नगर के 08 चैराहों पर महापुरूषों की मूर्ति स्थापित होंगी, जो समाज अपने महापुरूषों की मूर्ति स्थापित करना चाहेगा, उस समाज के 21-21 व्यक्तियों की समितियां बनाकर मूर्ति स्थापना का कार्य उनकी देख-रेख में कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र-प्रदेश सरकार की संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेद-भाव के समाज के प्रत्येक वर्ग, धर्म के व्यक्ति तक आसानी से पहुंचाया जा रहा है ताकि समाज के अंतिम पायदान का व्यक्ति भी सम्मान से अपना जीवन-यापन कर सके।
जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने नव-निर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष को शपथ दिलाते हुये कहा कि आज मै इस कार्यक्रम का साक्षी बन गौरवान्वित महसूस कर रहा हॅू, नगर पालिका परिषद का जनपद में सबसे महत्वपूर्ण स्थान है और इसके माध्यम से जनपद की बड़ी आबादी को मूल-भूत सुविधाएं मुहैया करायी जाती हैं। उन्होने कहा कि उ.प्र. के प्रर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के दिशा-निर्देशन में जनपद लगातार विकास, सौन्दर्यीकरण, पर्यटन विकास, धर्मस्थलों के सुधार के कार्य प्रगति पर हैं, इन विकास कार्यों को गति प्रदान करने के लिए नव-निर्वाचित बोर्ड और अधिक बेहतर कार्य करे ताकि नगर का चहूमुखी विकास हो सके। उन्होने कहा कि नगर पालिका परिषद का नया बोर्ड शहरी क्षेत्र की आबादी की आशाओं के अनुरूप कार्य करे, नगर की सफाई व्यवस्था के साथ-साथ प्रतिबन्धित पाॅलीथिन के प्रयोग को रोकने में अपनी भूमिका निभाकर मैनपुरी नगर को प्लास्टिक, पाॅलीथिन मुक्त बनाकर प्रदेश में सबसे पहलले मैनपुरी नगर को पाॅलीथिन, प्लास्टिक मुक्त नगर बनाने में योगदान दें।
श्री सिंह ने कहा कि बरसात के दिनों में जल-भराव से निजात दिलाने के लिए नालों की तली झाड़ सफाई कराई जाये, नव-निर्वाचित अध्यक्ष, सभासदों के द्वारा संयुक्त रूप से नगर को सुंदर बनाने की दिशा में कार्य किया जाए, नगर निकायों के माध्यम से आम नागरिकों को मिलने वाली सुविधाओं को आसानी से पहुंचाया जाए, स्ट्रीट लाइट के साथ-साथ पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था में बेहतर सुधार किया जाए। उन्होंने कहा कि नगर के प्रमुख चैराहों पर देश के महापुरुषों यथा महाराणा प्रताप सिंह, अहिल्याबाई, सुभाष चंद्र बोस आदि जैसे महा नायकों की मूर्तियां लगाकर चैराहों का सौंदयÊकरण, विकसित कराया जाएगा, चैराहों के सौन्दर्यीकरण होने से नगर की सुन्दरता कई गुना बढ़ेगी। उन्होने नये बोर्ड के अध्यक्ष, सदस्यों का आव्हान करते हुये कहा कि नगर के पार्कों को विकसित करानें, सीवेज ट्रीटमेंट, साॅलिड मैनेजमेंट प्लांट के बेहतर संचालन में अपना योगदान दें।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने कहा कि नव-निर्वाचित अध्यक्ष के नेतृत्व में नगर का समुचित विकास हो, साफ-सफाई के बेहतर इंतजाम किये जायें। उन्होने कहा कि नगर में जाम की समस्या निरतंर बनी हुयी है, नगर को जाम से निजात दिलाने के लिए नया बोर्ड वाहन पार्किंग, टैक्सी, बस स्टैण्ड, पार्किंग के लिए स्थान अवश्य चिन्हित करे ताकि जाम की समस्या से निजात मिल सके। उन्होने नगर पालिका द्वारा नगर के मुख्य चैराहों पर पूर्व में स्थापित करायी गयी ट्रैफिक लाईटें जो वर्तमान में खराब हैं, उन्हें प्राथमिकता पर ठीक करायें ताकि यातायात संचालन में सुगमता आये। जिलाध्यक्ष प्रदीप चैहान ने नव-निर्वाचित अध्यक्ष, सभासदों के शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि बिजली-सड़क-पानी के साथ-साथ स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कार्य करने की आवश्यकता है, नव-निर्वाचित बोर्ड नगरवासियों की अपेक्षा पर खरा उतरे इसके लिए सभी नवनिर्वाचित सभासद अध्यक्ष के साथ कदम से कदम मिलाकर कार्य करें और नगर पालिका के माध्यम से नागरिकों तक आम सुविधाओं को पहुंचाने में अपना योगदान दें।
इस अवसर पर नव-निर्वाचित अध्यक्ष संगीता गुप्ता, जिला प्रभारी दिनेश वशिष्ठ, पूर्व विधायक अशोक सिंह चैहान, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गोविंद भदौरिया, ब्लॉक प्रमुख जागीर मनेष चैहान, ब्लाॅक प्रमुख प्रतिनिधि शिवदत्त भदौरिया, रामबाबू कुशवाह, पूर्व चेयरमैन मनोरमा देवी, प्रेम सिंह शाक्य, डा. सुमन्त गुप्ता, अरविंद तोमर, अनुजेश प्रताप सिंह, उदय चैहान, धीरू राठौर, राहुल चतुर्वेदी, बबलू पाण्डेय, अमित गुप्ता, प्रभात चतुर्वेदी के अलावा मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार, अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्र, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.पी.पी. सिंह, उप जिलाधिकारी सदर नवोदिता शर्मा, क्षेत्राधिकारी नगर संतोष सिंह, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका लालचंद भारती, नव-निर्वाचित बोर्ड के सभासद आदि उपस्थित रहे, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया।



