
मैनपुरी(सूवि)जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने वृहद स्तर पर निवेश की संम्भावनाओें के दृष्टिगत आदर्श राष्ट्रीय इण्टर कालेज में आयोजित एक दिवसीय ओरिएन्टेशन कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि युवा की सबसे बड़ी चिन्ता, परेशानी रोजगार होता है, रोजगार कैसे मिले, और उसे कैसे हासिल किया जाये यह प्रश्न हर विद्यार्थी के मन में हमेशा रहता है। उन्होंने कहा कि युवा जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर उसे पाने के लिए मेहनत, लगन से पढाई करें, मकसद विहीन पढाई, तैयारी का कोई मतलब नहीं होता, इसलिए प्रत्येक छात्र लक्ष्य निर्धारित कर तैयारी कर आगे बढ़ें, जिससे आप समाज, देश के काम आ सकें। उन्होंने कहा कि आपके हुनर, काबिलियत को समाज, राष्ट्र के लिए उपयोगी बनाये जाने हेतु विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित हैं, प्रतिमाह युवाओं को रोजगार के लिए कैंप आयोजित कर विभिन्न राष्ट्रीय, अन्तर्राराष्ट्रीय, प्रतिष्ठित कम्पनियांें में रोजगार उपलब्ध कराये जा रहे हैं, उन्हें विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं में बैंकों के माध्यम से सस्ते ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराकर विभिन्न स्तर से प्रशिक्षण दिलाकर स्वतःरोजगार स्थापित कर स्वावलम्बी बनाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होने उपस्थित छात्र-छात्राओं का आव्हान करते हुये कहा कि अपनी बौद्धिक क्षमताओं, कौशल को अवसर में बदलकर लाभ उठाएं और खुद को खड़ा कर आर्थिक, सामाजिक रूप से स्वाबलम्बी बनाकर देश के विकास में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में इंजीनियरिंग काॅलेज में मेगा कैंप का आयोजन किया गया था, जिसमें 05 हजार से ज्यादा नौजवानों को रोजगार उपलब्ध कराया गया। उन्होने अभ्युदय योजना के तहत चलाये जा रहे निःशुल्क कोचिंग की भी विस्तार से जानकारी देते हुये बताया कि गरीब छात्र-छात्राओं को आई.ए.एस., पी.सी.एस की परीक्षा के लिए निःशुल्क कोचिंग की सुविधा की गयी है, राजकीय पुस्तकालय में भी विभिन्न प्रतियोगात्मक परीक्षाओं की तैयारियों हेतु बेहतर पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध हैं, यहां जनपद के बड़ी संख्या में युवा आकर तैयारी कर रहे हैं।
श्री सिंह ने कहा कि हाल ही में जनपद में इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन किया गया था, जिसमें प्रदेश के अन्य जनपदों के अलावा अन्य प्रदेशों के भी उद्यमियों ने प्रतिभाग कर जनपद में उद्योग स्थापित करने के लिए 3500 करोड़ रू. के एम.ओ.यू. किये, उद्योगों के स्थापित होने से युवाओं को रोजगार के नये-नये अवसर मिलेंगे, युवा अपनी क्षमता का पर्याप्त उपयोग कर सकेंगे। उद्योगों के संचालित होने के पश्चात जनपद के राजस्व में भी बढ़ोत्तरी होगी, जो जनपद के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होने छात्र-छात्राओं से कहा कि यह समय आपका सबसे कीमती समय है, यहां पर आपके द्वारा की गयी थोड़ी सी चूक भी आगे चलकर कई गुना चुकानी पड़ सकती है, जिन्दगी का भविष्य कुछ वर्षों पर टिका हुआ है, समय का सदुपयोग यदि आप करते हैं तो समृद्धि, खुशहाली आपके जीवन में हमेशा बनी रहेगी, और आप समाज, राष्ट्र के काम भी आ सकते हो। उन्होने कहा कि किशोरावस्था से युवावस्था में जाने का जो परिवर्तन होता है और उसके साथ-साथ पढाई की और भविष्य की चुनौतियों का सामन्जस्य बनाना, सन्तुलन बनाना युवाओं के लिए बहुत बड़ी चुनौती होती है। उन्होने कहा कि आज का समय कम्पटीशन का है, कोई भी चीज आसानी से नहीं मिलती, बड़े कठिन परिश्रम से हमें यह सारी चीजें प्राप्त होती हैं, इस समय आपका एक-एक मिनट, घंटा, दिन आपकेे भविष्य के लिए बहुत कीमती है, इसे यूहीं व्यर्थ न जाने दें, इसका सभी विद्यार्थी लाभ उठाकर आगे बढ़ें।
सेवा निवृत आई.एफ.एस उमेन्द्र शर्मा ने ओरिएन्टेशन कार्यक्रम में उपस्थित देश के भविष्य युवाओं को प्रोत्साहित करते हुये कहा कि युवा शक्ति के लिए प्रदेश सरकार द्वारा काफी योजनाएं की है, लेकिन कुछ योजनाओं की जानकारी हमारे युवाओं तक नहीं पुहंच पा रही, उद्यमियों, युवाओं को ग्लोबल इन्वेटर्स समिट के प्रति जागरूक करने के लिये निरन्तर कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। उन्होने कहा कि पहले प्रदेश के युवा रोजगार के लिए अन्य प्रदेशों, देशों में जाया करते थे, प्रदेश में रोजगार की सम्भावनाएं काफी कम थी, लेकिन अब माहौल बदला है, हमारे प्रदेश ने काफी तरक्की की है, युवाओं को संचालित विभिन्न योजनाओं में लाभान्वित कराकर उन्हें अपना रोजगार स्थापित कर स्वावलम्बी बनाने की दिशा में प्रदेश में तेजी से कार्य हुआ है, जिसका लाभ पाकर युवा अपना रोजगार स्थापित कर स्वावलम्बी बन रहे है। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य है, युवाओं को आत्मनिर्भर, स्वावलंम्बी बनाने हेतु निवेश हो रहे है। उन्होंने कहा कि पंूजी एवं अवसर की कमी नहीं है, शिक्षित युवा एवं विद्यार्थी उद्यमी बनें और अन्य लोंगों को भी रोजगार उपलब्ध करायें, अपने अन्दर आत्मविश्वास पैदा कर अपने व्यक्तित्व का विकास करें। उन्होंने उपस्थित शिक्षकों का आव्हान करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को उद्यम लगाकर सक्षम एवं आत्मनिर्भर बनने की शिक्षा दें, सभी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को जागरूक किया जाय।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि इन्वेस्टर्स को अपने यहां एक बेहतर माहौल दिया जाये, किसी भी व्यापार, उद्योग, अन्य किसी भी संस्था को स्थापित करने के लिए एक बेहतर वातावरण होना बहुत जरूरी होता है, जब तक अच्छा वातावरण नहीं होगा, सुरक्षा-संरक्षा की भावना नहीं होगी, तब तक यह कार्यक्रम सफल नहीं हो सकता है, किसी भी इन्वेस्टर्स के लिए कानून, पुलिस व्यवस्था चाहे वह लड़कियों के काॅलेजों में हो, चाहे वह किसी भी क्षेत्र में हो हमारी पुलिस, एंटी रोमियो सक्रिय रहकर देखभाल करते हैं और जहां पर भी मामले आते हैं, प्राथमिकता के आधार पर उसका निस्तारण किया जाता है, हेल्पलाइन भी सक्रिय रहती है। उन्होने कहा कि जीरो टोलरेंस की नीति है, अब कहीं पर भी गुण्डई, दबंगई, किसी भी तरह का अपराध बर्दास्त नहीं किया जा सकता, अगर कोई जरा भी हिमाकत करता है तो उसको उस धारा में तो जेल जाना ही पड़ता है साथ ही उसके विरूद्ध गैंगस्टर, गुण्डा एक्ट जैसी विभिन्न कार्यवाहियां भी की जाती है, जो भी अवैध सम्पत्तियां अर्जित करता है उसको निस्तोनाबूत करने का कार्य भी किया जा रहा है। उन्होने मुख्य अतिथि को आश्वस्त करते हुये कहा कि यह जनपद पूरी तरह सुरक्षित, संरक्षित है और हम हर तरह की समस्याओं के निस्तारण के लिए तत्पर हैं।
उपायुक्त उद्योग मो. सऊद ने बताया कि शासन द्वारा सूक्ष्म लद्यु एवं मध्यम प्रोत्साहन, निर्यात प्रोत्साहन, औद्योगिक निवेश, रोजगार प्रोत्साहन, डेरी फार्म, स्टाट अप आदि योजनाओं पर सुविधायें, अनुदान प्रदान किये जा रहे हैं। सहायक जिला रोजगार अधिकारी विकास मिश्रा ने संचालित विभागीय योजनाओं, आयोजित होने रोजगार मेलों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार, जिला कृषि अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह, विद्यालय के प्रबन्धक अशोक यादव, डा. किरन सौजिया, बडी संख्या में छात्र-छात्रायें, शिक्षक आदि उपस्थित रहें, कार्यक्रम का संचालन जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा ने किया।



