मैनपुरी 04 फरवरी, 2023- पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री उ.प्र. शासन जयवीर सिंह ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आज कैंप कार्यालय पर जन-शिकायतें सुनने के दौरान कहा कि सभी अधिकारी जन-शिकायतों का प्रभावी, समयबद्ध निस्तारण करें, शिकायतकर्ता को अपनी समस्या के निदान के लिए बार-बार कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ंे, अधिकारी शासन की मंशा के अनुसार कार्य करें, किसी भी शिकायत को अकारण अपने कार्यालय में लंबित न रखें, जन-सुनवाई के दौरान जो भी शिकायतें आएं उनकी निस्तारण आख्या उप जिलाधिकारी सदर के माध्यम से अगले जन-सुनवाई दिवस से पूर्व प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि जन-शिकायतों का त्वरित, समयबद्ध निराकरण प्रदेश सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता में है, इसलिए जन-समस्याओं के प्रभावी निराकरण को अधिकारी, कर्मचारी अपनी व्यक्तिगत जिम्मेदारी माने। उन्होने कहा कि किसी भी स्तर से प्राप्त शिकायत का निर्धारित समयसीमा में निस्तारण किया जाये ताकि आम-जन का विश्वास इस दिवस पर बना रहे, जन सुनवाई के दौरान संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पाने हेतु फरियादी आ रहे हैं, उनकी पात्रता की जांच कर तत्काल सम्बन्धित योजनाओं से लाभान्वित किया जाये।
आज जन-सुनवाई के दौरान नगला पुनी नि. जगपाल, सुमन, रत्नेश, रेखा, आरती देवी, पूनम, ज्ञान देवी ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाये जाने, नई मण्डी गेट नि. रूपा देवी ने प्लाट पर कब्जा किये जाने, कमल पुर नि. करन सिंह, दिलीपपुर नि. अनार सिंह, खुजरिया नि. रामनारायण ने भूमि से अवैध कब्जा हटवाये जाने, मनीगांव नि. बीरेन्द्र ने विद्युत विभाग द्वारा अतिरिक्त बिल जारी किये जाने, अजीतगंज नि. पुष्पेन्द्र सिंह शाक्य, हसनपुर नि. पूनम देवी चैहान, देवी पुरा नि. सुमन देवी, धाररू बाईपास नि. दिलीप कुमार ने सरकारी रास्ते पर कब्जा किये जाने, खिरिया नि. छविनाथ ने पट्टा दिलाये जाने, खरगजीत नगर नि. युगमिता ने पेंशन योजना का लाभ दिलाये जाने की मांग अपने शिकायती प्रार्थना पत्रों के माध्यम से कीं, जिन्हे सम्बन्धित अधिकारियों को तत्काल गुणवत्तापरक निराकरण हेतु उपलब्ध कराया गया। जन-सुनवाई के दौरान उप जिलाधिकारी सदर नवोदिता शर्मा, क्षेत्राधिकारी नगर संतोष कुमार, पार्टी पदाधिकारी आदि उपस्थित रहे।