
मैनपुरी (सूवि)जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद की बैठक की समीक्षा के दौरान कहा कि जनपद की ऐतिहासिक, सुप्रसिद्ध एवं विख्यात श्रीदेवी मेला एवं ग्राम सुधार प्रदर्शनी के साथ इस बार मैनपुरी महोत्सव का संयुक्त रुप से भव्य आयोजन होगा, श्रीदेवी मेला प्रदर्शनी का शुभारंभ 15 मार्च को शतचंडी महायज्ञ, पूजन के साथ प्रारंभ होगा, शतचंडी महायज्ञ को भव्यता के साथ संपन्न कराने हेतु उप जिलाधिकारी सदर की अध्यक्षता में 05 सदस्य कमेटी गठित की गई है, श्रीदेवी मेला एवं ग्राम सुधार प्रदर्शनी, मैनपुरी महोत्सव के आयोजन हेतु सभा की बैठक 15 फरवरी को दोपहर 12 से कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित होगी, जिसमें आयोजित होने वाले कार्यक्रमों संयोजक आदि व्यवस्थाओं पर विचार विमर्श किया जाएगा, इस बार पूरी भव्यता के साथ प्रदर्शनी की गरिमा के अनुसार कार्यक्रम आयोजित होंगे, इसी अवधि में 21 एवं 22 मार्च को रामायण काॅन्क्लेव का भी आयोजन होगा, जिसमें प्रातः से लेकर रात्रि तक देवी मेला के कादंबरी रंगमंच पर राम कथा पर आधारित राम कथावाचक, संतों, महात्माओं, महापुरुषों के प्रवचन होंगे, विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के मध्य चित्रांकन, रंगोली, अल्पना, राम-सीता स्वरूप आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा, रामायण गान, निबंध, लेखन प्रतियोगिता के अलावा कार्यक्रम स्थल पर रामायण प्रदर्शनी भी आयोजित होगी।
श्री सिंह ने कहा कि देवी मेला एवं ग्राम सुधार प्रदर्शनी एवं मैनपुरी महोत्सव आयोजन अवधि के दौरान देश के नामचीन कलाकारों द्वारा प्रतिभाग कर जनपदवासियों का स्वस्थ मनोरंजन कराया जायेगा वहीं विभिन्न विधाओं में पारंगत जनपद के बच्चों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। उन्होने बैठक में धार्मिक स्थलों के पर्यटन विकास के अन्तर्गत बाबा लालपुरी समाधि स्थल परिसर पर श्रद्धालुओं के लिए मूल-भूत सुविधाओं के विकास, देवी रोड स्थित नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर पर श्रद्धालुओं के लिए मूल-भूत सुविधाओं के विकास हेतु तैयार किए गए आगणन को अंतिम रूप देते हुए जिला पर्यटन अधिकारी को अनुमोदित करते हुये जिला पर्यटन अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद के विख्यात चाॅदेश्वर महादेव मंदिर, मयन ऋषि आश्रम के जीर्णोद्धार का प्रस्ताव, आगणन तैयार कराकर प्रस्तुत करें। उन्होंने उप जिलाधिकारी सदर को आदेशित करते हुए कहा कि नगर के प्रसिद्ध राजा के ताल को भी विकसित कराए जाने का प्रस्ताव है, तत्काल तालाब की भूमि का सत्यापन कराकर सौंदर्यीकरण के प्रस्ताव अगली बैठक में प्रस्तुत किए जाएं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार, अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.पी.पी. सिंह, उप जिलाधिकारी सदर नवोदिता शर्मा, वरिष्ठ कोषाधिकारी श्याम लाल जायसवाल, उपायुक्त उद्योग मोहम्मद सऊद, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत ओम प्रकाश सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दीपका गुप्ता, जिला कृषि अधिकारी सूर्य प्रताप, खादी ग्रामोद्योग अधिकारी पवन यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे, बैठक का संचालन पर्यटन अधिकारी प्रदीप टमटा ने किया।


