मैनपुरी 31 जनवरी, 2023- जिला बेसिक शिक्षाधिकारी, खंड शिक्षाधिकारी, जिला समन्वयक निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष प्रतिमाह विद्यालयों का निरीक्षण करें, विद्यालयों में पंजीकृत सभी छात्र नियमित रूप से विद्यालय आएं, विद्यालयों के शैक्षिक वातावरण में सुधार दिखे, विद्यालय परिसर साफ-सुथरे रहें, छात्रों को मीनू के अनुसार गुणवत्तापरक मध्यान्ह भोजन समय से उपलब्ध कराया जाए, निर्धारित दिवस को फल, दूध सभी छात्रों को मिले, ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत जो विद्यालय अभी संतृप्त नहीं हुए हैं, उन विद्यालयों की सूची खंड शिक्षाधिकारी अपने-अपने खंड विकास अधिकारियों, अधिशासी अधिकारी नगर निकाय को उपलब्ध कराएं, खंड विकास अधिकारी ग्रामीण क्षेत्र में एवं अधिशासी अधिकारी नगर निकाय नगरीय क्षेत्र में स्थापित विद्यालयों को प्राथमिकता पर सभी बिंदुओं से संतृप्त कराना सुनिश्चित करें।
उक्त निर्देश जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने जिला शिक्षा अनुश्रवण समिति, निपुण भारत, मध्यान्ह भोजन, जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक की समीक्षा के दौरान देते हुए विकास खंड सुल्तानगंज क्षेत्र में स्थापित विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति मात्र 75 प्रतिशत, छात्रों की उपस्थिति मात्र 54 प्रतिशत पाए जाने पर खंड शिक्षाधिकारी सुल्तानगंज को चेतावनी जारी करने के निर्देश देते हुए कहा कि विद्यालयों में छात्रों, शिक्षकों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए, जिन विद्यालयों में पंजीकृत छात्रों के सापेक्ष उपस्थिति की प्रगति खराब है, वहां के शिक्षक छात्रों के अभिभावकों से संवाद कर प्रतिदिन बच्चों को विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि निपुण भारत मिशन के तहत जनपद के चयनित 838 विद्यालयों को 31 जुलाई तक पूर्ण रूप से निपुण किया जाए, कक्षा-01 से कक्षा-03 तक के सभी बच्चों को भाषा, अंक ज्ञान अनिवार्य रूप से हो। उन्होने कहा कि जनपद में संचालित कस्तूरबा गांधी विद्यालयों का नामित नोडल अधिकारी प्रतिमाह स्थलीय निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराएं। उन्होने कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में पंजीकृत छात्राओं के सापेक्ष उपस्थिति की जानकारी करने पर पाया कि जनपद के तीनों विद्यालयों में 97 प्रतिशत छात्राओं की उपस्थिति है, छात्राओं, शिक्षकों की उपस्थिति में जनपद प्रदेश में नम्बर-01 पर है।
जिलाधिकारी ने ऑपरेशन कायाकल्प की समीक्षा करने पर पाया कि अभी विकास खंड कुरावली, बरनाहल, जागीर के 03-03, किशनी के 11 विद्यालयों में बालक शौचालय, विकास खंड बरनाहल के 01, किशनी के 04 विद्यालयों में बालिका शौचालय नहीं बने हैं जबकि विकास खंड कुरावली के 04, करहल के 10, किशनी के 09 विद्यालयों में शौचालय में पानी की उपलब्धता नहीं है, घिरोर के 26, कुरावली के 28, मैनपुरी, बरनाहल के 46-46, करहल के 14, सुल्तानगंज के 103, बेवर के 48, जागीर के 07, किशनी के 58 विद्यालयों में बालक यूरिनल, विकास खंड किशनी के 54, मैनपुरी के 92, बेवर के 48 विद्यालयों में बालिका यूरिनल नहीं बने हैं, जिस पर उन्होंने असंतोष व्यक्त करते हुए खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि संबंधित खंड विकास अधिकारियों, अधिशासी अधिकारियों से संपर्क कर समस्त विद्यालयों को 19 बिंदुओं से संतृप्त कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षा ग्रहण कर रहे छात्रों को संचालित योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आधार सीडिंग, आधार बनने की खराब प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुये कहा कि तत्काल पंजीकृत शत-प्रतिशत बच्चों का आधार सीडिंग का कार्य पूर्ण करायें ताकि उन्हें योजना का लाभ मिल सके, अभी जनपद के परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा ग्रहण कर रहे 15470 छात्र-छात्राओं का आधार सीडिंग का कार्य अवशेष हैै।
इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पी.पी. सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार, प्राचार्य डाइट नरेन्द्र पाल सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश चन्द, परियोजना अधिकारी डूडा आर.के. सिंह, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका लालचन्द भारती, समस्त खंड शिक्षाधिकारी, अधिशाषी अधिकारी नगर निकाय, खंड विकास अधिकारी आदि उपस्थित रहे, बैठक का संचालन जिला बेसिक शिक्षाधिकारी दीपिका गुप्ता ने किया।
Home राज्य उत्तरप्रदेश विद्यालयों में शिक्षकों, छात्रों की उपस्थिति सुधारी जाए, किसी भी विद्यालय में...



