ठंड से बचाव हेतु सार्वजनिक स्थलों पर नियमित रूप से अलाव जलाये जायंे, रैन बसेरों में पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध रहें-जिलाधिकारी।
मैनुपरी 09 जनवरी, 2023- जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने आज नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद का कार्यकाल समाप्त होने के फलस्वरूप अध्यक्ष, प्रशासक के रूप में नगर पालिका परिषद का कार्यभार ग्रहण कर नगर-पालिका कार्यालय के विद्युत आपूर्ति, जलापूर्ति, कर वसूली आदि पटल के औचक निरीक्षण के दौरान कर अधीक्षक को निर्देशित करते हुए कहा कि अगले 01 सप्ताह में गृहकर, जलकर के समस्त बिल जनरेट कर 31 जनवरी तक उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराये जाएं, गृहकर, जलकर के बड़े बकायेदारों से अभियान चलाकर बकाया की राशि वसूली जाए, सभी ट्यूवेल चालू दशा में रहें, नियमित रूप से ओवरहेड टैंकों की सफाई कराकर ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया जाए, समय से जलापूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए।
श्री सिंह ने मौके पर उपस्थित अधिशासी अधिकारी, सफाई निरीक्षकों को निर्देशित करते हुए कहा कि नगर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए, सुबह-शाम सफाई कर्मियों द्वारा सफाई का कार्य किया जाए, कहीं भी नालियों में जल-भराव की स्थिति न रहे, नियमित रूप से नालियों की सफाई हो, कूड़े का समय से उठान हो, सड़क के किनारे कहीं भी कूड़ा न डाला जाए बल्कि कूड़ा निर्धारित डंपिंग ग्राउंड पर ही पहुंचे, सुनिश्चित किया जाए। उन्होने कहा कि मार्ग प्रकाश व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जाए, नगरीय क्षेत्र के सभी मार्गों पर समुचित प्रकाश व्यवस्था रहे, अधिशासी अधिकारी, सफाई निरीक्षक नियमित रूप से सफाई व्यवस्था, मार्ग प्रकाश व्यवस्था, जलापूर्ति का निरीक्षण करें, किसी भी आम नागरिक को नगर निकाय द्वारा प्रदान की जा रही मूल-भूत सुविधाएं पाने में कोई कठिनाई न हो। उन्होंने कहा कि नगर निकाय का कोई भी अधिकारी, कर्मचारी बिना अवकाश स्वीकृत कराए कार्यालय से न जाए, बिना पूर्व अनुमति के कोई भी अधिकारी, कर्मचारी मुख्यालय न छोड़े, नगर निकायों के कार्मिकों की कार्यशैली में बदलाव दिखाई दे, सभी अधिकारी, कर्मचारी समय से कार्यालय उपस्थित हों, नगर पालिका, नगर पंचायतों की भूमि, सम्पत्ति के अभिलेख अद्यावधिक किये जायें, जो भी दुकानें किराए पर हैं, उनका पूरा विवरण तैयार किया जाये।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी नगर पालिका के अलावा जनपद के समस्त अधिशासी अधिकारियों से कहा कि कड़ाके की ठंड से बचाव हेतु नगर के प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक स्थलों पर नियमित रूप से अलाव जलें, अलाव पर पर्याप्त मात्रा में लकड़ियां उपलब्ध रहें, संचालित रैन बसेरों में कोई न कोई कर्मी ड्यूटी पर अवश्य तैनात रहे, रैन बसेरों में पर्याप्त मात्रा में रजाई-गद्दे की व्यवस्था रहे ताकि कोई भी गरीब, असहाय व्यक्ति खुले आसमान में रात्रि गुजारने को मजबूर न हो, अलाव, रैन बसेरों का भी नियमित रूप से नगर निकाय के अधिकारी स्वयं निरीक्षण करें।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्र, उप जिलाधिकारी सदर नवोदिता शर्मा, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका लालचंद भारती सहित नगर पालिका का स्टॉफ आदि उपस्थित रहे।
Home राज्य उत्तरप्रदेश अधिशासी अधिकारी सुबह-शाम नगर का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था, जलापूर्ति, मार्ग प्रकाश...



