कमजोर तबके के प्रत्येक वयस्क व्यक्ति, घर की वयस्क बेटी, नयी शादी होकर आने वाली बहू का नाम प्रत्येक दशा में शामिल हो, अभियान के दौरान किसी भी नव-युवा का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से शेष न रहे-रोल प्रेक्षक अमित गुप्ता।
मैनपुरी(सूवि)आयुक्त आगरा मंडल आगरा, रोल प्रेक्षक अमित गुप्ता ने कलेक्ट्रेट सभागार में राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों की मौजूदगी में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों से दि. 01 जनवरी 23 के आधार पर फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुये कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित निर्वाचक नामावलियों केे पुनरीक्षण का कार्य पूरी संवेदनशीलता से किया जाये, सभी बूथ लेवल अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा पूर्वक करें, प्रत्येक बीएलओ अपने क्षेत्र में मतदाता सूची को पढ़कर सुनाये, घर-घर जाकर मतदाता सूची में शामिल नामों का सत्यापन करे, जो नव-युवा 01 जनवरी 2023 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, उनसे फॉर्म-6 भरवाकर उनके नाम मतदाता सूची में शामिल करायें, मतदाता सूची में शामिल ऐसे मतदाताओं जिनकी मृत्यु हो चुकी है या अन्य कहीं शिफ्ट हो गये हैं, उनके नाम फॉर्म-7 भरवाकर मतदाता सूची से विलोपित किये जायें।
आयुक्त आगरा मंडल आगरा, रोल प्रेक्षक ने समीक्षा के दौरान पाया कि पुनरीक्षण के दौरान 19 दिसम्बर तक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने हेतु कुल 5129 फॉर्म-6 प्राप्त हुये हैं, जिसमे से विधानसभा मैनपुरी में 936, भोगांव मे 1285, किशनी में 1662, करहल में 1246 फॉर्म-6 प्राप्त हुए, जिसमे से 18 से 19 वर्ष के आयुवर्ग के 1645 एवं 2004 फॉर्म महिलाओं द्वारा भरकर उपलब्ध कराये गये हैं, 09 दिव्यांग नवयुवाओं ने भी मतदाता सूची में नाम शामिल कराने हेतु फॉर्म-6 भरकर जमा किये है। उन्होने पाया कि विधानसभा मैनपुरी मे 218, भोगांव मे 828, किशनी मे 858, करहल मे 658 फॉर्म-07 मतदाता सूची से नाम काटे जाने हेतु प्राप्त हुए हैं। उन्होने उप जिलाधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों से कहा कि अभियान के दौरान जेंण्डर रेशियो सुधारने की दिशा में कार्य हो, किसी भी वयस्क महिला का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से शेष न रहे, बूथ लेवल अधिकारी घर-घर भ्रमण के दौरान विशेषतौर पर घर की बेटियों, बहुओं के नाम की जानकारी अवश्य करें यदि उनका नाम मतदाता सूची में न हो तो फॅार्म-6 भरवाकर उनके नाम शामिल कराये जायें, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी स्वयं बीएलओ के अभिलेखों की जांच करें, निरतंर उनके कार्यों की निगरानी करें।
मंडलायुक्त ने जिला विद्यालय निरीक्षक, स्वीप को-आर्डिनेटर को आदेशित करते हुये कहा कि पुनरीक्षण अभियान के दौरान लोगों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, मृतक, शिफ्टेड, डुप्लिकेट नाम विलोपित कराने के लिए मतदाता जागरूकता के कार्यक्रम आयोजित कराकर जागरूक किया जाये, प्रत्येक विद्यालय में कैम्पस एम्बेसडर की तैनाती की जाये, जिला आईकॉन का सहायोग लेकर लोगों को पुनरीक्षण कार्य में सहयोग करने के लिए प्रेरित कराया जाये, महा विद्यालयों में मतदाता जागरूकता के कार्यक्रम आयोजित हों, रंगोली, निबन्ध, पोस्टर आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन कराकर छात्र-छात्राओं के माध्यम से जन-जन तक पुनरीक्षण कार्य की जानकारी पहुंचे। उन्होने राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों से कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अन्तर्गत निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण का कार्य प्रगति पर है, आप सब इस कार्य में सहयोग करें, अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट की तैनाती कर तत्काल सूची निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध करायें। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधान सभा की निर्वाचक नामावलियों को साफ-सुथरा, त्रुटिविहीन, अद्यावधिक करने की दिशा में निरन्तर प्रयास किये जा रहे हैं, आयोग के निर्देशानुसार अर्हता दि. 01.01.2023 के आधार पर निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण कार्यक्रम में, जो पात्र व्यक्ति 01 जनवरी 2023 को 18 बर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, या अभी तक मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं है उन व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित किये जा रहे हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने बैठक में उपस्थित जन प्रतिनिधियों, पदाधिकारियों से कहा कि पुनरीक्षण कार्य में यदि कहीं कोई शंका हो तो तत्काल संज्ञान में लायें, समस्या का समाधान प्राथमिकता पर कराया जायेगा, सभी बूथ लेवल अधिकारी समय से उपस्थित होकर अपने दायित्वों का निर्वहन निष्पक्ष रहकर करेंगे, पुनरीक्षण का कार्य संवेदनशीलता, सतर्कता, निष्पक्षता के साथ होगा, ताकि मतदाता सूची अद्यावधिक एवं त्रुटिरहित बन सके। उन्होने राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि बीएलओ से पुनरीक्षण का कार्य निष्पक्षता से कराया जायेगा यदि किसी के द्वारा इस कार्य में लापरवाही बरती गयी तो उसके विरूद्ध दण्डात्मक कार्यवाही होगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार, अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्र, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. पी.पी. सिंह, उप जिलाधिकारी सदर, भोगांव, किशनी, करहल नवोदिता शर्मा, अंजलि सिंह, आर.एन. वर्मा, गोपाल शर्मा, राजनैतिक दलों से देवेन्द्र सिंह यादव एड., विशाल बाल्मिकी, विद्याराम यादव एड., राहुल शाक्य एड., सुखवीर यादव, योगेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, यतेन्द्र यादव एड., समस्त तहसीलदार, सहायक निर्वाचन अधिकारी फूलचन्द आदि उपस्थित रहे।