
मैनपुरी 17 दिसम्बर, 2022- 08वें पेंशनर्स दिवस के अवसर पर वायोवृद्ध पेंशनर्स भूपेन्द्र चतुर्वेदी, आनंद प्रकाश मिश्रा, बलवीर सिंह, राज बहादुर सिंह, प्रेम नंदन लाल, राम लड़ैते, सियाराम कठेरिया, सुवेन्द्र कुमार शर्मा, उदयवीर सिंह यादव, रामवीर सिंह चौहान, प्रकाश बाबू शुक्ला, सूबेदार सिंह पाल, राम कुमार तिवारी, भगवंत सिंह, दयाराम शाक्य, रामप्रयोजन सिंह यादव, नेमसिंह यादव, प्रेम लता देवी सक्सैना, राम भरोसे लाल यादव, मिसरी लाल, महेन्द्र सिंह जादौन, बृज किशोर सक्सैना (किशोर इटावी), विश्वनाथ दुबे, वीरेन्द्र सिंह यादव को शॉल, माल्यार्पण कर सम्मानित करते हुए जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने कहा कि आज जनपद के सेवानिवृत्त वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान करते हुये बेहद खुशी हो रही है। उन्होने कहा कि उपस्थित सभी पेंशनर्स सरकारी सेवा से निवृत्त होकर जीवन-यापन कर रहे हैं, इनका मार्गदर्शन समाज के साथ-साथ सरकारी सेवा में कार्यरत् अधिकारियों, कर्मचारियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगा, आप सबने लंबे समय तक विभिन्न विभागों में विभिन्न पदों पर कार्यरत् रहते हुये शासन की योजनाओं का क्रियान्वयन धरातल पर करने, संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है, आम सबके पास सरकारी सेवा का लम्बा अनुभव है।
श्री सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रत्येक अधिकारी पेंशनर्स की समस्याओं का समाधान सर्वाेच्च प्राथमिकता पर निदान करेगा, उन्होंने उपस्थित पेंशनर्स का आह्वान करते हुए कहा कि आप सब अपने अनुभव का लाभ परिवार, समाज को सही राह दिखाने में दें, जीवन के इस स्वर्णिम समय का सदुपयोग तपस्या और सेवा के रूप में व्यय करें, उम्र के बढ़ते पड़ाव में स्वास्थ्य में उतार-चढ़ाव आना स्वाभाविक है, मानव शरीर में बदलाव स्वाभाविक स्वरूप है। उन्होने पेंशनर्स के उत्तम स्वास्थ्य, उन्नति, सुख की कामना करते हुए कहा कि यदि किसी भी पेंशनर्स को कोई समस्या हो तो किसी भी कार्य दिवस में आकर संज्ञान में लाएं, पेंशनर्स की समस्याओं का तत्काल निदान कराया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार ने कहा कि आप सब राजकीय सेवा में रहे और अपने कार्यकाल के दौरान लोगों की सेवा की, सेवानिवृत्त होने पर हम सबका दायित्व है कि आपकी समस्या का तत्काल निदान हो। उन्होने पेंशनर्स को आश्वस्त किया कि विभिन्न संगठनों द्वारा पेंशन सम्बन्धी जो भी समस्याएं उठायी हैं, उनका प्रभावी निराकरण होगा, चिकित्सा प्रतिपूर्ति के भुगतान में आने वाली कठिनाईयों को दूर किया जायेगा। उन्होने कहा कि पेंशनर्स की समस्याओं का समाधान करना संबंधित विभाग के अधिकारी की व्यक्तिगत जिम्मेदारी है, सेवानिवृत्त कर्मचारी को समय से उनके देयों का भुगतान सुनिश्चित किया जाये, यदि किसी भी विभाग में पेंशन प्रकरण लंबित मिले, यदि कहीं पेंशनर्स का शोषण किया गया तो सम्बन्धित के विरूद्ध कार्यवाही होगी।
वरिष्ठ कोषाधिकारी श्यामलाल जायसवाल ने पेंशनर्स की समस्याओं, सुझावों को सुनते हुए कहा कि फैमिली पेंशन के प्रकरण में नियमानुसार औपचारिकताएं पूर्ण कराकर पेंशन जारी की जा रही है, जीवित प्रमाण पत्र हेतु ऑनलाइन व्यवस्था है, सभी पेंशनर्स जागरूक हों, जीवित प्रमाण पत्र ऑनलाइन जमा करें। उन्होने उपस्थित सभी पेंन्शनर्स को आश्वस्त किया कि कोषागार से किसी भी पेंन्शनर्स को कोई समस्या नहीं आने दी जायेगी,पंेन्शनर्स की समस्याओ का सर्वोच्च प्राथमिकता पर निराकरण होगा।
पेंशनर्स दिवस के अवसर पर उ.प्र. राजकीय सिविल पेंशनर्स परिषद, गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर आर्गनाइजेशन आदि के पदाधिकारियों द्वारा ज्ञापन देकर पेंशनर्स को आने वाली कठिनाईयों, उनके निदान कराये जाने को कहा, जिस पर जिलाधिकारी ने सभी पेंशनर्स को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का प्राथमिकता पर निदान होगा। पेंशनर्स दिवस के अवसर पर गवर्नमेंट पेंशनर्स के अध्यक्ष वी.के.आर.सी. पाण्डेय, अरूण भदौरिया, एम.एस. कमठान, शांति देवी आदि ने जिलाधिकारी को शॉल उड़ाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर वीरेन्द्र कुमार मित्तल, जिला आबकारी अधिकारी दिनेश कुमार, विभिन्न विभागों के कार्यालयाध्यक्ष, पेन्शनर्स संगठनों के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में पेंशनर्स आदि उपस्थित रहे, कार्यक्रम का संचालन रमेश चंद्र पांडेय ने किया।



