
मैनपुरी 17 दिसम्बर, 2022- संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील किशनी में जन-समस्याएं सुनने के दौरान जब जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह के सम्मुख बरौली नि. आजाद सिंह, चंद्रशेखर ने अपने प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि उनके पिता की मृत्यु के बाद उनके नाम खाता संख्या-1721, 907, 910, 911, 912 व 913 उनकी माता मीना देवी के नाम दर्ज है, पिता की मृत्यु के समय नाबालिग थे, अब बालिग चुके हैं, इसलिए उनका नाम खतौनी में दर्ज कराया जाए, जिस पर उन्होंने तत्काल मौके पर ही दोनों के नाम उक्त गाटा संख्या में शामिल कराते हुए नई खतौनी उपलब्ध कराकर तत्काल समस्या का निदान कराकर शिकायतकर्ताओं को राहत प्रदान की। नगला चंन्दरपुर नि. ओमवीर सिंह द्वारा गाटा संख्या-1559, 1561, 1570 तालाब की भूमि पर अनाधिकृत कब्जा करने की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार किशनी को निर्देशित किया कि वह मौके पर जाकर तालाब की भूमि की पैमाइश कराकर तत्काल अनाधिकृत कब्जा हटवाकर भूमि को खाली करायें, खंड विकास अधिकारी किशनी पैमाइश के उपरांत मनरेगा से उक्त तालाब का जीर्णाेद्धार कराना सुनिश्चित करें, कटरा समान नि. विनोद कुमार ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि गाटा संख्या-642, 644, 647, 657 एवं 3573 जो पुलिस चौकी कटरा के लिए आरक्षित थी, उक्त गाटा संख्या पर भू-माफिया द्वारा अनाधिकृत कब्जा कर लिया है, जिस पर उन्होंने क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक, लेखपाल को निर्देशित करते हुए कहा कि आज ही मौके पर पुलिस बल के साथ जाकर आरक्षित भूमि को खाली कराएं साथ ही अनाधिकृत कब्जा करने वालों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करना सुनिश्चित करें।
श्री सिंह ने असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि भूमि पर अनाधिकृत कब्जों की शिकायतों में कोई कमी नहीं आ रही है, राजस्व निरीक्षक, क्षेत्रीय लेखपाल क्षेत्र में प्रभावी कार्यवाही करें, एक बार कब्जा हटवाने के बाद यदि किसी के द्वारा पुनः कब्जा किया जाए या पक्की पैमाइश के बाद किसी के द्वारा मुड्डी तोड़ी जाए तो उसके विरुद्ध भू-माफिया के तहत सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई जाए। उन्होंने संपूर्ण समाधान दिवस पर उपस्थित अधिकारियों से कहा कि जन-शिकायतों के निस्तारण के प्रति संवेदनशील रहें, अधीनस्थ की रिपोर्ट पर निर्भर न रहें बल्कि स्वयं शिकायतकर्ता से बात करें, यथासंभव मौके पर जाकर स्थिति को देखें, भूमि विवाद, पैमाइश के प्रकरण में किसी भी स्तर पर विलंब न किया जाए, राजस्व, पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर जाकर शिकायतों का निराकरण करें।
आज आयोजित संम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील किशनी क्षेत्र के 27 फरियादियों ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र जिलाधिकारी के सम्मुख निस्तारण हेतु प्रस्तुत किये, जिसमें से 04 शिकायतों का मौके पर ही निराकरण कर फरियादियों को राहत प्रदान की। मुहल्ला हवेली वार्ड नम्बर-5 किशनी नि. शशांक कुमार गुप्ता ने नगर पंचायत किशनी में शासन द्वारा विकास कार्यों हेतु टेंडर निरस्तीकरण का कारण स्पष्ट करने, ग्राम राजपुरा नि. गजराज सिंह ने बताया कि गाटा संख्या-1844, खाता संख्या-2091 में हिस्सा दिलाने, ग्राम छिनकौरा नि. कुंवरलाल ने गाटा संख्या-450 से विपक्षीगणों द्वारा किये गये अवैध कब्जे को हटवाने, ग्राम कुरसंडा नि. राहुल कुमार ने भूमि पर जबरन कब्जा करने, इलाहाबॉश नि. कमलेश ने विपक्षीगणों द्वारा खेत पर किये गये अवैध कब्जे को हटवाने, ग्राम हिरौली नि. लल्लू सिंह ने जमीन की पैमाइश कराने, नगला दलीपपुर नैसी नि. राम प्रकाश ने ग्राम सभा की खाली जमीन पर दबंगों द्वारा कब्जा कर मकान बनाकर बंद किये गये रास्ते को खुलवाने की मांग अपने शिकायती प्रार्थना पत्रों के माध्यम से की, जिसे सम्बन्धित अधिकारियों को पृष्ठाकिंत कर निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता परक निराकरण हेतु उपलब्ध कराया।
संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक कमलेश दीक्षित ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को सुन मौके पर उपस्थित प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्षों को प्रभावी कार्यवाही हेतु आदेशित किया। इस दौरान उप जिलाधिकारी किशनी आर.एन. वर्मा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पी.पी. सिंह, प्रभारी निदेशक सामाजिक वानिकी एस.एन. मौर्य, परियोजना निदेशक डी.आर.डी.ए. के.के. सिंह, उप कृषि निदेशक डी.वी. सिंह, अधिशासी अभियंता ट्यूबवेल नेकीराम, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण सुधीर भारद्वाज, जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा, जिला कृषि अधिकारी सूर्य प्रताप, परियोजना अधिकारी डूडा आर.के. सिंह, तहसीलदार किशनी विशाल सिंह यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।



