मैनपुरी(सुवि)राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन योजनान्तर्गत न्यूट्रीसीरियल घटक तथा सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन (आत्मा) के तहत 05 दिवसीय प्रशिक्षण व एक्सपोजर विजिट हेतु 90 कृषकों के दल को इंडियन एग्रीकल्चर रिसर्च इंस्टीट्यूट पूसा, नई दिल्ली के लिए जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, यह एक्सपोजर विजिट आज से दि. 03 अक्टूबर 2026 तक भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान पूसा, नई दिल्ली में आयोजित की जा रही है, इसके अंतर्गत कृषकों को श्री अन्न मिलेट्स की उन्नत खेती, उत्पादन, प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन तथा पोषण संबंधी उपयोग की आधुनिक तकनीकों की जानकारी प्रदान की जाएगी, एक्सपोजर विजिट के दौरान कृषकों को कृषि अनुसंधान संस्थानों एवं विशेषज्ञों से सीधे संवाद करने तथा नवीन कृषि तकनीकों को नजदीक से समझने का अवसर मिलेगा।

श्री त्रिपाठी ने कृषकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्री अन्न पोषण की दृष्टि से महत्वपूर्ण होने के साथ-साथ किसानों की आय बढ़ाने की भी अच्छी संभावनाएं रखता है, कृषक बंधु नवीन तकनीकों की जानकारी प्राप्त कर उसका लाभ अपने खेतों में लें तथा अन्य किसानों को भी आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में निरंतर हो रहे नवाचार, अनुसंधान का लाभ किसानों तक पहुंचाना आवश्यक है, ऐसे प्रशिक्षण एवं एक्सपोजर विजिट से किसानों को वैज्ञानिकों, कृषि विशेषज्ञों और उन्नत कृषि तकनीकों को समझने का अवसर मिलेगा, जिससे वह अपनी खेती को अधिक लाभकारी बना सकेंगे। उन्होने बताया कि 05 दिवसीय भ्रमण के दौरान कृषक भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान पूसा, नई दिल्ली में श्री अन्न से संबंधित विभिन्न तकनीकों एवं गतिविधियों का अवलोकन करेंगे साथ ही उन्हें श्री अन्न की खेती, प्रसंस्करण एवं उपयोग से संबंधित व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी, एक्सपोजर विजिट के लिए रवाना हुए कृषकों ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से उन्हें कृषि की नई तकनीकों को समझने, उन्हें अपने खेतों में अपनाने में सहायता मिलेगी।

इस दौरान उप कृषि निदेशक नरेन्द्र कुमार त्रिपाठी, कृषि वैज्ञानिक, कृषक बंधु आदि उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here