मैनपुरी(सुवि)पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने चक्रवात, भारी बारिश के बीच भी निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत जनता की शिकायतों को सुना। उन्होंने कहा कि जन-समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्ता-परक निस्तारण प्रदेश सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, आमजन की शिकायतों का तत्काल निदान हो, इसके लिए कई स्तर पर जन-समस्याएं सुनने का प्राविधान किया गया है ताकि शिकायतकर्ता को एक ही स्थान पर न्याय मिले और उन्हे अपनी समस्या के समाधान के लिए इधर-उधर चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने जन-समस्याओं को सुनने के दौरान कहा कि अधिकारी किसी भी स्तर से प्राप्त शिकायत का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता-पूर्वक निस्तारण करना सुनिश्चित करें, कोई भी शिकायती प्रार्थना पत्र किसी भी कार्यालय में निस्तारण हेतु लंबित न रहे यदि प्राप्त शिकायत के निस्तारण में किसी भी स्तर पर विलंब हुआ तो संबंधित का उत्तरदायित्व निर्धारित कर दंडात्मक कार्यवाही होगी। उन्होने पेंशन योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने से संबंधित शिकायती प्रार्थना पत्र पर कहा कि जनपद का कोई भी पात्र वृद्ध, निराश्रित महिला, दिव्यांग पेंशन योजना का लाभ पाने से वंचित न रहे, पेंशन योजना का लाभ पाने से संबंधित कोई भी प्रार्थना पत्र किसी भी स्तर पर लंबित न रहे।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि अधिकारी आपस में समन्वय स्थापित कर जन-समस्याओं के निदान, संचालित लाभार्थीपरक, जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने में अपना योगदान दें, चक्रवात, बारिश के कारण कहीं भी किसी भी व्यक्ति को असुविधा का सामना न करना पड़े, आमजन को तत्काल मूल-भूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए, जहां-जहां जल-भराव की समस्या हो वहां जल-निकासी के बेहतर प्रबंध किए जाएं, जल-भराव के कारण वेक्टर जनित बीमारियों की संभावना बढ़ेगी, इसलिए वेक्टर जनित बीमारियों से बचाव हेतु संबंधित अधिकारी तत्काल प्रभावी कार्यवाही करें, नियमित रूप से नालियों की सफाई, एंटी-लार्वा का छिड़काव कराया जाए, स्वास्थ्य केन्द्रों पर पर्याप्त मात्रा में दवाओं की उपलब्धता रहे, चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टॉफ समय से स्वास्थ्य केन्द्रों पर उपस्थित रहकर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करें, आशा, ए.एन.एम घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी करें, जो व्यक्ति बीमार हैं उसको स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में अपना योगदान दें।
बीलों नि. आशु तोमर ने विपक्षियों द्वारा भूमि पर अवैध कब्जा करने, खेत में खड़ी धान की फसल को जबरन काटने की धमकी देने तथा फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बार-बार परेशान करने, ज्योंति खुड़िया नि. योगेन्द्र सिंह ने भू-माफियाओं द्वारा दबंगई, गुण्डई के बल पर निर्माण कार्य में अवरोध उत्पन्न करने तथा जान से मारने की धमकी दिये जाने की शिकायत अपने शिकायती प्रार्थना पत्रों के माध्यम से की, जिन्हे सम्बन्धित अधिकारियों को तत्काल गुणवत्तापरक निराकरण हेतु उपलब्ध कराया।
इस दौरान जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, मुख्य विकास अधिकारी संतोष बहादुर सिंह, डिप्टी कलेक्टर मिथलेश त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी नगर अशोक सिंह, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली फतेह बहादुर सिंह, राजस्व निरीक्षक बृजेश राठौर, विद्युत विभाग से लालू जादौन के अलावा जिलाध्यक्ष ममता राजपूत, उदय चौहान, अर्जुन चौहान, प्रवेश शर्मा आदि उपस्थित रहे



