मैनपुरी(सुवि)संम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील घिरोर में जन-शिकायतें सुनने के दौरान जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी के सम्मुख जब नगला पचैना अकबरपुर औंछा नि. कपूरी देवी, राम मूर्ति ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि अनुसूचित जाति के आवंटित पट्टे की भूमि को तत्कालीन राजस्व कर्मियों द्वारा स्वयं की आख्या में पट्टा स्वीकार करने के बावजूद पट्टे का दुरुपयोग कर नियम विरुद्ध धारा-143 कराकर अपने परिजनों के नाम अवैध रजिस्ट्री कराने एवं गंभीर आपराधिक षड्यंत्र की शिकायत करते हुए बताया कि गाटा संख्या-732 कृषि भूमि का पट्टा मुंशीलाल को सन् 1976 में आवंटित किया गया था, जिसे अभिलेखों में हेर-फेर कर दूसरे के नाम चढ़ा दिया गया, शिकायतकर्ता ने पट्टे की भूमि की जाल-साजी करने वाले तत्कालीन सेवानिवृत्ति लेखपाल, राजस्व निरीक्षक एवं अवैध खरीदारों के विरुद्ध धोखाधड़ी की सुसंगत धाराओं एवं भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम तथा एससी एसटी निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की, जिस पर उन्होंने अपर जिलाधिकारी वित एवं राजस्व को उक्त शिकायत की स्वयं जांच कर 15 दिन में आख्या उपलब्ध कराने को कहा। ग्राम डालूपुर नि. पं. सुनील कुमार मिश्रा ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि गांव की सुरक्षित श्रेणी गाटा संख्या 348, 351, 353, 358, 359, 360, 361 की लगभग 17 बीघा भूमि पर सुभाष चंद्र आदि द्वारा जबरन कब्जा किया गया है, जिस पर उन्होंने उप जिलाधिकारी घिरोर को राजस्व टीम गठित कर उक्त शिकायत की जांच कराकर प्रभावी कार्यवाही के निर्देश देते हुए कहा कि यदि किसी के द्वारा सुरक्षित श्रेणी की भूमि पर जबरन कब्जा किया गया हो, उसे तत्काल हटवाया जाए और कब्जा करने वालों के विरुद्ध दंडात्मक कार्यवाही की जाए।

श्री त्रिपाठी के सम्मुख जब कोसोन नि. राम कुमार सिंह ने अपने प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि उसने अपनी पत्नी सुनीता देवी के नाम 1/6 अंश का बैनामा कराया था, जिसके स्थान पर अमल दरामद के दौरान 1/4 कर दिया गया है साथ ही सुनीता देवी पत्नी राम कमार के स्थान पर पत्नी राज कुमार अंकित हो गया है, जिसे ठीक कराया जाये, जिस पर उन्होने मौके पर ही सम्बन्धित राजस्व निरीक्षक, लेखपाल से आख्या लगवाकर फरियादी का नाम, अंश संशोधित कराकर तत्काल राहत प्रदान की। उन्होने आवंटित पट्टों की भूमि पर अनाधिकृत कब्जों की शिकायत पर उप जिलाधिकारी, तहसीलदार सहित राजस्व निरीक्षकों, लेखपालों से कहा कि कहीं भी आवंटित पट्टों पर अनधिकृत कब्जा न रहे, पट्टों पर पट्टेदार ही काबिज रहें, किसी भी हलके में सार्वजनिक भूमि यथा चकरोड़, तालाब, मरघट, विद्यालय की भूमि पर अवैध कब्जा न रहे, सुनिश्चित किया जाए। उन्होने आय-जाति, निवास प्रमाण पत्र जारी करने में विलम्ब से सम्बन्धित शिकायतों पर उप जिलाधिकारी, तहसीलदार से कहा कि आय-जाति, निवास प्रमाण पत्र निर्धारित समय-सीमा में जारी किये जायें, इसमें किसी भी स्तर पर विलम्ब न हो। उन्होने उपस्थित अधिकारियों से कहा कि संम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापरक निस्तारण कर रिपोर्ट उपलब्ध करायें।

आज आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील घिरोर के दूर-दराज ग्रामीण अंचलों से आए 90 फरियादियों ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र निराकरण हेतु प्रस्तुत किए, जिसमें से 12 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर फरियादी का तत्काल राहत प्रदान की। रम्पुरा नि. उर्मिला देवी ने खतौनी में अंकित गलत नाम को दुरूस्त कराने, बलपुरा नि. अमरदीप ने दबंगई के बल पर भूमि पर किये गये अनाधिकृत कब्जे को खाली कराने, कल्होर पूर्वी नि. नरेन्द्र पाल सिंह ने गाटा संख्या-808 पर विपक्षियों द्वारा किये गये अवैध कब्जे को हटवाने, ग्राम लपगवां नि. राजेश कुमार ने दबंगई, गुण्डागर्दी के बल पर भूमि, सड़क पर किये गये कब्जे को खाली कराकर कब्जामुक्त कराने, अब्दुल नवीपुर नि. उपकार यादव ने एक ही व्यक्ति द्वारा 02 नाम रख पट्टा आवंटित करने, नगला फेरती नि. महेशचन्द्र ने गाटा संख्या-897 पर विपक्षियों द्वारा किये गये अवैध कब्जे को खाली कराने, ग्राम दरवाह नि. राम नरेश ने गाटा संख्या-1143 की पैमाइश कराये जाने की मॉग अपने शिकायती प्रार्थना पत्रों के माध्यम से की, जिन्हें संबंधित अधिकारियों को पृष्ठाकिंत कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, उप जिलाधिकारी घिरोर सुनिष्ठा सिंह, क्षेत्राधिकारी सच्चिदानंद, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता, परियोजना निदेशक डी.आर.डी.ए. शोभनाथ चौरसिया, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार, उप कृषि निदेशक नरेन्द्र कुमार त्रिपाठी, जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी रमन मिश्रा, जिला कृषि अधिकारी अभिशांक चौहान, जिला अग्रणी प्रबन्धक रामचन्द्र शाहा, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी राजेश बघेल, जिला पंचायत राज अधिकारी अमित त्यागी, जिला प्रोबेशन अधिकारी राजनाथ राम, तहसीलदार घिरोर हर्षित सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here