मैनपुरी(सुवि)मुख्यमंत्री उ.प्र. शासन योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश की 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान करने वाली ’’लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’’ योजना का शुभारंभ एवं विशेष बसों को फ्लैग ऑफ तथा रक्षाबंधन का त्योहार मातृशक्ति को उपहार स्वरूप उ.प्र. सरकार की समस्त बसों में सभी माताओं, बहनों एवं बेटियों को सहयात्री सहित निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा के सजीव प्रसारण के उपरांत राज मैरिज होम में आयोजित कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, पूर्व मंत्री, विधायक भोगांव राम नरेश अग्निहोत्री, प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता, जिलाध्यक्ष ममता राजपूत ने 60 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकीं महिलाओं को उपहार स्वरूप साड़ी, मिष्ठान उपलब्ध करायीं। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को सम्बोधित करते हुए पर्यटन मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने दि. 27 अगस्त को प्रातः 06 बजे से 29 अगस्त की मध्य रात्रि 12 बजे तक माताओं, बहनों, बेटियों को सहयात्री सहित रक्षाबंधन के पवित्र पर्व पर उपहार स्वरूप निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा मुहैया करायी है। उन्होने कहा कि मा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार महिलाओं को केवल योजनाओं का लाभ ही नहीं बल्कि समाज, प्रदेश के विकास की अग्रिम पंक्ति में खड़ी शक्ति के रूप में देख रही है। उन्होने कहा कि कल ही प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में महिलाओं के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया, जिसके बाद सभी मंत्रियों को अलग-अलग जिलों में जाकर मातृशक्ति के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाने और उन्हें सरकार की ओर से सम्मान, उपहार देने का दायित्व सौंपा गया। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की बहनों को सरकार की ओर से विशेष सुविधाएं दी गई, दि. 27 से 29 अगस्त तक उ.प्र. परिवहन निगम की बसों तथा सिटी बसों में महिलाओं को अपने एक सहयोगी के साथ निःशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई है इसके साथ ही 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की प्रदेश की महिलाओं को आधार कार्ड अथवा मतदाता पहचान पत्र दिखाकर निःशुल्क यात्रा की सुविधा मुहैया रहेेगी। उन्होंने कहा कि यह सुविधा 29 अगस्त से प्रभावी होगी, वरिष्ठ महिलाओं को पूरे वर्ष प्रदेश में यात्रा करने के लिए किसी प्रकार का किराया नहीं देना होगा।

IMG 20260826 WA0021

पर्यटन मंत्री ने कहा कि सरकार ने बुजुर्ग माता-पिता की सुरक्षा और सम्मान को लेकर भी महत्वपूर्ण कदम उठाये है यदि वृद्ध माता-पिता की संतान उनकी देखभाल नहीं करती है, उन्हें प्रताड़ित करती है अथवा उनके साथ दुर्व्यवहार करती है, तो उन्हें अपनी संपत्ति से ऐसी संतान को बेदखल करने का अधिकार देने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार का स्पष्ट संदेश है कि माता-पिता की संपत्ति पर अधिकार से पहले उनकी सेवा-सम्मान का दायित्व निभाना होगा, महिलाओं के सम्मान और सशक्तीकरण की दिशा में यह केवल शुरुआत है, आने वाले समय में मातृशक्ति के लिए और भी योजनाएं सामने आएंगी। उन्होने कहा कि भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा में नारी को सदैव सर्वाेच्च सम्मान दिया गया है, जिसमें धन-समृद्धि के लिए मॉ लक्ष्मी, ज्ञान और विवेक के लिए मॉ सरस्वती तथा शक्ति और साहस के लिए मॉ दुर्गा की आराधना की जाती है, वृंदावन में ‘राधे-राधे’ और अयोध्या में ‘सीता-राम’ का संबोधन भी हमारी संस्कृति में नारी के सम्मान की परंपरा को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इसी सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और आत्म-निर्भरता प्रदान करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

IMG 20260826 WA0023

पूर्व कैबिनेट मंत्री, विधायक भोगांव रामनरेश अग्निहोत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लोकमाता अहिल्याबाई के नाम से प्रारंभ की गयी बस यात्रा प्रदेश की 60 वर्ष से अधिक आयु की माताओं, बहनों के लिए महत्वपूर्ण सौगात है, मातृशक्ति प्रदेश की लगभग आधी आबादी है, केंद्र-प्रदेश सरकार महिलाओं को सदैव सर्वाेच्च प्राथमिकता देती रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से लोकसभा, विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण का प्राविधान करने के लिए विधेयक लाया गया, विपक्षी दलों ने इस व्यवस्था का विरोध किया लेकिन केन्द्र-प्रदेश सरकार महिलाओं को उनका अधिकार, सम्मान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में अवसर मिलने पर महिलाओं के राजनीतिक प्रतिनिधित्व से जुड़े इस प्रयास को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होने कहा कि प्रदेश की मेधावी बेटियों को शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति देने की योजना भी शीघ्र प्रारंभ की जाएगी। मुख्यमंत्री ने स्वयं कहा है कि महिलाओं के सम्मान की दिशा में यह शुरुआत है, आगे भी मातृशक्ति के लिए अनेक योजनाएं लागू की जाएंगी, भारतीय संस्कृति का मूल संदेश ही नारी सम्मान है, इसलिए सरकार महिलाओं को सशक्त, आत्मनिर्भर और स्वावलम्बी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

IMG 20260826 WA0020

जिलाध्यक्ष ममता राजपूत ने कहा कि रक्षाबंधन से पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाई के रूप में प्रदेश की बहनों को सम्मान, सुरक्षा का उपहार दिया, लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा के माध्यम से महिलाओं को विशेष यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है वहीं 60 वर्ष से अधिक आयु की वरिष्ठ महिलाओं को निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराये जाने का प्राविधान भी किया गया है। उन्होंने कहा कि एक भाई जिस आत्मीयता के साथ रक्षाबंधन पर अपनी बहन को साड़ी, मिठाई और उपहार देकर सम्मानित करता है, उसी भाव से मुख्यमंत्री जी ने प्रदेश की मातृशक्ति को यह सौगात दी है, महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान को लेकर सरकार की प्राथमिकता आज स्पष्ट दिखाई दे रही है, रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों को अपने मायके जाने का अवसर मिलेगा और सरकार की ओर से उन्हें यात्रा की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। उन्होने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य केवल सुविधा उपलब्ध कराना नहीं बल्कि महिलाओं को यह विश्वास दिलाना भी है कि प्रदेश में उनकी सुरक्षा और सम्मान के लिए सरकार उनके साथ खड़ी है, मातृशक्ति के सम्मान की यह पहल आने वाले समय में और व्यापक रूप लेगी।

IMG 20260826 WA0019

कस्तूरबा गॉधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्रा प्राची, दिव्यांशी, कनक सिंह, सिमरन, शालिनी, अंजली, शीतल, रश्मि, दीक्षा, वंशिका, सुहानी ने जन-प्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों की कलाई पर राखी बॉधकर ईश्वर से उनकी दीर्घायु की कामना की। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता, अनुजेश प्रताप सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष शिवदत्त भदौरिया, अरविंद तोमर, उदय चौहान, सुमित चौहान, हरिओम दुबे, विशंभर तिवारी, अमित गुप्ता, सुमित चौहान, सीमा चौहान, अमृता चौहान, प्रज्ञा सेंगर, मंजूषा चौहान, कविता राठोर, मनोरमा सिंह, साधना तिवारी, पूनम राठौर सहित महिला विंग की अन्य पदाधिकारियों के अलावा जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनंद, अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार, उप जिलाधिकारी सदर श्याम प्रताप सिंह, परियोजना निदेशक डी.आर.डी.ए. शोभनाथ चौरसिया, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार, उपायुक्त एन.आर.एल.एम. शौकत अली, जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी राजेश बघेल, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सिद्धार्थ यादव, ए.आर.एम. रोडवेज संजीव कुमार यादव, जिला प्रोबेशन अधिकारी राजनाथ राम आदि उपस्थित रहे, कार्यक्रम का संचालन सतीश मधुप ने किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here