मैनपुरी(सुवि)मा. मुख्यमंत्री उ.प्र. योगी आदित्यनाथ द्वारा उ.प्र. अधीनस्थ चयन सेवा आयोग द्वारा अधीनस्थ कृषि सेवा वर्ग-03 प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी के चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरण के सजीव प्रसारण के उपरांत कलैक्ट्रेट में नव-चयनित 17 प्राविधिक सहायकों को नियुक्ति पत्र उपलब्ध कराते हुए जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न आयोगों के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष तरीके से पूरा किया जा रहा है, चयनित अभ्यर्थियों को योग्यता, क्षमता के आधार पर सरकारी सेवा में आने का अवसर मिला है। उन्होंने नव-चयनित प्राविधिक सहायकों से कहा कि नियुक्ति पत्र मिलना केवल नौकरी प्राप्त करना नहीं बल्कि किसानों और समाज के प्रति नई जिम्मेदारी की शुरुआत है, आज से उनके कंधों पर अन्नदाता किसानों तक शासन की संचालित योजनाओं, आधुनिक कृषि तकनीकों का लाभ पहुंचाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होने कहा कि कृषि विभाग के क्षेत्रीय कर्मचारी के रूप में आपको किसानों से निरंतर संवाद स्थापित करते हुए उनकी वास्तविक समस्याओं को समझना होगा और वैज्ञानिक पद्धतियों के माध्यम से खेती को अधिक लाभकारी बनाने में सहयोग करना होगा। उन्होने कहा कि शासकीय सेवा में आने के बाद आप सब अपने दायित्वों का निर्वाहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी, लगन से करें, सरकारी नौकरी को केवल निर्धारित समय तक की ड्यूटी मानकर न चलें, आवश्यकता पड़ने पर शासकीय कार्य के लिए किसी भी समय जिम्मेदारी निभानी पड़ सकती है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी शारीरिक रूप से निर्धारित समय तक कार्य करता है लेकिन मानसिक रूप से उसे अपने दायित्वों के प्रति सदैव सजग रहना चाहिए, राष्ट्र और प्रदेश की सेवा में तत्पर रहना ही सरकारी सेवा की मूल भावना है।

श्री त्रिपाठी ने कहा कि प्राविधिक सहायक के रूप में चयनित युवाओं में उच्च शैक्षिक योग्यता और कृषि से संबंधित ज्ञान है, कई अभ्यर्थियों ने कृषि की विभिन्न शाखाओं में उच्च शिक्षा एवं शोध किया है, ऐसे में उनकी भूमिका केवल दिए गए नियमित कार्यों तक सीमित न रहे, अपनी शिक्षा, अनुभव और वैज्ञानिक सोच का उपयोग किसानों की खेती में नए प्रयोगों को बढ़ावा देने के लिए करें। उन्होने कहा कि प्राविधिक सहायक अपने क्षेत्र में किसानों के साथ नियमित संवाद स्थापित करें, न्याय पंचायत स्तर पर किसानों की बैठकें, चौपाल आयोजित कर उन्हें नई कृषि तकनीकों की जानकारी उपलब्ध करायें, क्षेत्र के प्रगतिशील एवं अनुभवी किसानों से संवाद स्थापित कर उनकी सफल कृषि पद्धतियों को अन्य किसानों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि कृषि के क्षेत्र में लगातार नए प्रयोग और नवाचार हो रहे हैं, कम लागत में अधिक उत्पादन, कृषि यंत्रीकरण, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, उन्नत बीज, नई फसल प्रजातियां तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को किसानों तक पहुंचाना आवश्यक है, किसानों को रासायनिक उर्वरकों पर अत्यधिक निर्भरता कम करने, जैविक खादों के प्रयोग और संतुलित कृषि पद्धतियों के लिए जागरूक करें ताकि लागत घटाकर आय में वृद्धि की जा सके।

जिलाधिकारी ने नव-चयनित कर्मचारियों से कहा कि सरकारी सेवा में आने के बाद किसी प्रकार की सिफारिश या व्यक्तिगत प्रभाव के माध्यम से मनचाही तैनाती अथवा सुविधा प्राप्त करने की प्रवृत्ति से बचें, भ्रष्टाचार केवल धन का लेन-देन नहीं बल्कि अनुचित तरीके से अपने हित में व्यवस्था को प्रभावित करना भी भ्रष्ट आचरण की श्रेणी में आता है, सभी चयनित अभ्यर्थी निष्पक्षता, ईमानदारी के साथ सेवा करने का संकल्प लें, शासकीय सेवा कठिन परिश्रम और प्रतियोगिता के बाद प्राप्त होती है, हजारों अभ्यर्थियों के बीच चयनित होकर यहां तक पहुंचना निश्चित रूप से उपलब्धि है लेकिन इसे अपनी श्रेष्ठता का आधार न मानें, आपको यह अवसर समाज, राष्ट्र की सेवा के लिए मिला है इसलिए अपने पद और अधिकार का उपयोग जनहित में करते हुए अपनी योग्यता का प्रयोग किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए करें। उन्होने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए खेती को केवल पारंपरिक फसल उत्पादन तक सीमित नहीं रखा जा सकता, पशुपालन सहित कृषि से जुड़ी अन्य गतिविधियों को भी खेती के साथ जोड़ना होगा, कृषि विविधीकरण को बढ़ावा देते हुए फल, सब्जी, फूल, बागवानी, नर्सरी तथा अन्य लाभकारी गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा सकता है, स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार किसानों के छोटे-छोटे समूह या क्लस्टर बनाकर उन्हें नई फसलों और तकनीकों से जोड़ा जाए।

जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, उप कृषि निदेशक ने नव-नियुक्त प्राविधिक सहायक सौरभ यादव, शीलू कुमारी, हरकिशन, अजंली यादव, कु. करिश्मा यादव, सत्यम यादव, अर्जुन सिंह, गोविन्द कुमार, अनूप कुमार, प्रदीप कुमार, अनुज कुमार, गोपाल गुप्ता, राहुल कुमार, आशीष कुमार, योगेश कुमार, भावना यादव, विक्रम राजपूत, को नियुक्ति पत्र प्रदान किये। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, उप कृषि निदेशक नरेंद्र कुमार त्रिपाठी, सहायक निबंधक सहकारिता जितेंद्र कुमार, जिला कृषि अधिकारी अविशांक सिंह सहित, कृषि विभाग के अन्य अधिकारी, कर्मचारी, नव-नियुक्त प्राविधिक सहायक आदि उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here