मैनपुरी(सूवि) जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने जिला पर्यावरण समिति, जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक में खंड विकास अधिकारियों, जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि अपने-अपने विकास खंड क्षेत्र में वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत रोपित किए गए पौधों का निरीक्षण कराएं, बारिश न होने के कारण जो पेड़ सुख रहे हैं उन्हें वन विभाग से समन्वय स्थापित कर तत्काल बदलवाया जाए, अभियान के दौरान रोपित किए गए सभी पौधे जीवित रहें, जिम्मेदार अधिकारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद में रोपित किए जाने वाले 05 लाख 35 हजार पौधों हेतु तत्काल गड्ढा खुदाई का कार्य कराया जाए, प्रत्येक ग्राम पंचायत में 15 अगस्त को 75-75 पौधे रोपित कर अमृत महोत्सव उद्यान की स्थापना की जाए, इस हेतु समस्त खंड विकास अधिकारी हरीतिमा ऐप पर अगले 02 दिन में साइट का विवरण अपलोड करें। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को आदेशित करते हुए कहा कि जनपद की काली, अरिन्द, सेंगर नदी के दोनों ओर के किनारों पर बसे ग्रामों की सूची तत्काल प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी को उपलब्ध कराएं, प्रभारी निदेशक सामाजिक वानिकी, उद्यान अधिकारी उक्त नदियों के किनारे स्थित ग्रामों में फलदार वृक्ष रोपित कराना सुनिश्चित करें।
श्री सिंह ने 15 अगस्त के दिन होने वाले वृक्षारोपण की विभागवार लक्ष्य की जानकारी करने पर प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी ने बताया कि स्वतंत्रा दिवस के दिन वन विभाग 01 लाख, 70 हजार, ग्राम्य विकास विभाग 01 लाख, 94 हजार, राजस्व, पंचायती राज विभाग 22-22 हजार, नगर विकास विभाग द्वारा 03 हजार 800 पौधे रोपित किए जाएंगे। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को समय से पौध उठान, गड्ढा खुदान के निर्देश दिए। उन्होंने 05, 06 जुलाई को वृक्षारोपण के लक्ष्य की पूर्ति की जानकारी करने पर पाया कि शत-प्रतिशत पौधारोपण का कार्य उक्त तिथियों में कराया जा चुका है, जिसकी जियो टैगिंग का कार्य प्रगति पर है, जियो टैगिंग में पुलिस, स्वास्थ्य, जल शक्ति, परिवहन, रेलवे, बेसिक शिक्षा विभाग की प्रगति बेहद खराब है, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ-साथ जिला पंचायत राज अधिकारी, समस्त खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि तत्काल रोपित किये गये वृक्षों की जियो टेकिंग कराना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने अधिशाषी अधिकारी नगर निकाय को आदेशित करते हुए कहा कि कूड़ा उठान के बेहतर प्रबंध किए जाएं, कूड़ा निर्धारित डंपिंग ग्राउंड पर ही डाला जाए, सड़क के किनारे कहीं भी कूड़ा न डाला जाए। उन्होंने कहा कि मेडिकल वेस्ट को ले जाने वाले वाहन जी.पी.एस. युक्त हों, मेडिकल वेस्ट ले जाते समय उनकी जी.पी.एस. से निगरानी की जाये। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार, अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्र, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी एस.एन. मौर्य, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.पी.पी. सिंह, परियोजना निदेशक डी.आर.डी.ए. के.के. सिंह, उपायुक्त एन.आर.एल.एम. पी.सी. राम आदि उपस्थित रहे।