मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की बैठक में खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर बल देते हुए जिला खेल प्रोत्साहन समिति की आर्थिक स्थिति सुधार करने हेतु अपनी ओर से रू. 5100 उपलब्ध कराने की घोषणा करते हुए जिले के व्यापारियों, उद्यमियों, विद्यालय, ईंट भट्टा, कोल्ड स्टोर, आबकारी दुकान संचालकों से कहा कि वह भी खेल प्रोत्साहन समिति का सहयोग करें, खेल समिति के बैंक अकाउंट अथवा क्यू.आर. कोड के माध्यम से सहयोग धनराशि उपलब्ध करायें ताकि प्रतिभावान बच्चों को खेल किट, जूते आदि उपलब्ध कराकर उनकी प्रतिभा को निखारने में सहयोग मिल सके। उन्होंने खेल संघ के पदाधिकारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी से कहा कि सक्रिय रहकर नियमित रूप से विभिन्न खेल कूद प्रतियोगिताओं का आयोजन करने में योगदान दें, प्रतिमाह कोई न कोई खेल प्रतियोगिता आयोजित करायी जाये, स्टेडियम में आने वाले खिलाड़ियों के लिए सभी मूल-भूत सुविधाएं उपलब्ध रहें, जनपद स्तर पर विभिन्न अवसरों पर खेल महाकुंभ, खेल उत्सव जैसे भव्य आयोजन कराये जाए, विभिन्न खेलों की जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन खेल विभाग तथा जिला खेल संघांे के सहयोग से कराया जाए ताकि जनपद के बच्चों को खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के अवसर मिले और वह अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।

श्री त्रिपाठी ने जिला क्रीड़ा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद की प्रत्येक तहसील पर अगले 01 माह में प्रत्येक दशा में तहसील स्तरीय खेल प्रोत्साहन समिति का गठन कर उपलब्ध तहसील खेल समिति की धनराशि रु. 14 लाख 40 हजार को उनके खातों में हस्तांतरित करना सुनिश्चित करें ताकि तहसील स्तर पर भी खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन नियमित रूप से कराया जा सके साथ ही जनपद स्तर की समिति में उपलब्ध रू. 31 लाख 80 हजार से खेलों को बढ़ावा देने एवं स्टेडियम में मूल-भूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर नियमानुसार व्यय किया जाए। उन्होंने जिला आबकारी अधिकारी से कहा कि जनपद के अनुज्ञापियों से खेल प्रोत्साहन समिति में सहयोग कराने में योगदान दें, जिला उद्यान अधिकारी कोल्ड स्टोर संचालकों, खनन निरीक्षक ईंट भट्ठा संचालकों, उपायुक्त उद्योग व्यापारियों, उद्यमियों से सहयोग करायें। उन्होंने जिला क्रीड़ा अधिकारी से कहा कि जनपद में जो भी जिम, स्विमिंग पूल संचालित है, उनसे नियमानुसार धनराशि जमा करायें, सभी स्विमिंग पूल, जिम संचालकों से मानकों का पालन सुनिश्चित करायें, मानकों का पालन न करने वाले स्विमिंग पूल संचालकों को नोटिस जारी किए जाएं। उन्होंने कहा कि स्विमिंग पूल को स्पोर्ट्स पर्सन के लिए कम से कम 08 माह तक संचालित किया जाए कभी-कभी स्विमिंग करने वालों हेतु स्विमिंग पूल का संचालन 03 माह के लिए किया जाए।
जिलाधिकारी ने जिले की राष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी काजल मिश्रा को समिति के पदाधिकारी की सहमति से माह जून से उसकी नियुक्ति होने तक प्रतिमाह रू. 25 हजार की धनराशि आर्थिक सहायता, खेल प्रगति हेतु उपलब्ध कराए जाने की स्वीकृति प्रदान की साथ ही उन्होंने वॉलीबॉल खेल हेतु पंजीकृत 45 बालक-बालिकाओं को प्रशिक्षित करने हेतु डिप्लोमा प्राप्त, राष्ट्रीय खिलाड़ी अश्विनी यादव को प्रशिक्षक के रूप में निदेशालय स्तर से नियुक्ति न होने तक तैनात करने की स्वीकृति भी प्रदान की। उन्होंने कहा कि जनपद के पं. जवाहरलाल नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम में मूल-भूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित होगी, जल्द ही स्टेडियम में सोलर लाइटों की स्थापना कराई जाएगी साथ ही खेल प्रोत्साहन समिति में उपलब्ध धनराशि से 04 नग फ्लड लाइट भी स्थापित होगीं, जल निकासी के उचित प्रबंध के साथ रेन हार्वेस्टिंग सिस्टम की स्थापना भी कराई जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु ने भी जिलाधिकारी की पहल पर रू. 5100 खेल प्रोत्साहन समिति को उपलब्ध कराये जाने की सहमति दी। इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर अशोक सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी राजेश बघेल, जिला आबकारी अधिकारी हितेन्द्र शेखर, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी रंजना शुक्ला, खेल एसोसिएशन के पदाधिकारी प्रदीप चौहान, राघवेन्द्र दुबे, महेश मिश्रा, जिला व्यायाम शिक्षक राकेश कुमार सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी आदि उपस्थित रहे, बैठक का संचालन जिला क्रीड़ा अधिकारी साधना सिंह ने किया



