मैनपुरी(सुवि)मा. मुख्यमंत्री उ.प्र. शासन योगी आदित्यनाथ जी के दि. 26 जुलाई को जनपद भ्रमण कार्यक्रम के मद्देनजर आयुक्त आगरा मंडल आगरा नगेंद्र प्रताप सिंह ने कार्यक्रम स्थल पं. जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम पहुंच तैयारी का स्थलीय निरीक्षण करते हुए अधिशासी अभियंता लोक निर्माण, अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी तैयारियां समय से पूर्ण करायी जाएं, सभी तैयारियां निर्धारित मानक के अनुसार हों, टेंट, हेलीपैड, जनसभा स्थल, स्विस कॉटेज पर मानकों के अनुसार तैयारियां की जाएं, अधिशासी अभियंता विद्युत सुरक्षा, विद्युत सम्बन्धी सुरक्षा की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें, अग्निशमन अधिकारी पूरे कार्यक्रम स्थल पर फायर सुरक्षा उपकरणों की जांच करें। उन्होंने कहा कि मुख्य मार्ग से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने वाले सभी रास्ते साफ-सुथरे रहें, जल-निकासी के उचित प्रबन्ध किये जाएं, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सफाई कर्मचारियों की टीम लगाकर कार्यक्रम परिसर, कार्यक्रम स्थल की ओर जाने वाले सभी मार्गों की सफाई कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर पीने के पानी की समुचित व्यवस्था रहे, नगर निकायों में उपलब्ध पानी के टैंकर, अस्थाई शौचालय कार्यक्रम स्थल, पार्किंग स्थल, मुख्य चौराहों पर खड़े कराए जाएं, कार्यक्रम में आने वाले विशिष्ट अतिथियों, लाभार्थियों, छात्र-छात्राओं, आमजन के वाहनों हेतु पार्किंग का स्थल चिन्हित कर बेहतर व्यवस्था की जाए, किसी भी दशा में जाम की स्थिति उत्पन्न न हो, सुनिश्चित किया जाए, कार्यक्रम में जिन लाभार्थियों को मा. मुख्यमंत्री द्वारा लाभान्वित किया जाना है, उनकी सूची अपडेट कर लाभार्थियों को निर्धारित स्थान पर बैठाया जाये ताकि वितरण के दौरान किसी प्रकार का अवरोध उत्पन्न न हो।
जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने कार्यक्रम स्थल पर ही मा. मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम को संपन्न कराने हेतु तैनात अधिकारियों की ब्रीफिंग करते हुए कहा कि सभी अधिकारी, कर्मचारी आपस में समन्वय स्थापित कर टीम भावना के साथ वितरण, जनसभा कार्यक्रम को कुशलता के साथ संपन्न कराने में अपना योगदान दें, कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखें, जिस मजिस्ट्रेट, अधिकारी की ड्यूटी जिस स्थान पर लगाई गई है, वह वहां तैनात रहकर अपनी कार्य-कुशलता, क्षमता का प्रयोग कर सभी गतिविधियों को सकुशल संपन्न करायें, कार्यक्रम के दौरान अनुशासन बनाए रखना बहुत महत्वपूर्ण है, इसलिए ड्यूटी पर तैनात अधिकारी सतर्क रहकर कार्य करें यदि कहीं भी किसी प्रकार की समस्या दिखे तो तत्काल अपने स्तर से उसका समाधान करें। उन्होंने परियोजना निदेशक डी.आर.डी.ए., जिला उद्यान अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, उपायुक्त उद्योग, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी, परियोजना अधिकारी नेडा को आदेशित करते हुए कहा कि विभाग की जिन योजनाओं में लाभार्थियों, छात्रों को लाभान्वित किया जाना है, उनकी कार्यक्रम स्थल पर समय से उपस्थिति सुनिश्चित करायें। उन्होंने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण से कहा कि कार्यक्रम स्थल पर जिन कार्यों का लोकार्पण, शिलान्यास होना है, उनकी शिला-पट्टिकाएं तत्काल तैयार कर कार्यक्रम स्थल पर लगाना सुनिश्चित करें।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनन्द, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अभिषेक तिवारी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता, उप जिलाधिकारी सदर, करहल, श्याम प्रताप सिंह, सुनिष्ठा सिंह, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण ए.के. अरूण, डालचन्द भूकेश, धनुषधारी, अधिशाषी अभियंता विद्युत अनिल वर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी रमन मिश्रा, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी सिद्धार्थ यादव, जिला क्रीड़ा अधिकारी साधना सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे



