मैनपुरी(सूवि)जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत दि.़ 11 अगस्त से 17 अगस्त तक ’’हर घर तिरंगा’’ कार्यक्रम के आयोजन के सम्बन्ध में जिला स्तरीय अधिकारियों, गैस एजेंसी, पैट्रोल पंप, उद्योग, व्यापार बन्धु के पदाधिकारियों, गणमान्य व्यक्तियों, स्वयं सहायता समूह, स्वयंसेवी संगठनों के पदाधिकारियों के साथ आयेजित बैठक में कहा कि स्वतंत्रता सप्ताह के दौरान राष्ट्रीय गौरव के प्रतीक 04 लाख राष्ट्रीय ध्वज सरकारी व गैर सरकारी कार्यालयों, सार्वजनिक उपक्रमों, उद्योग, व्यापरिक प्रतिष्ठानों, स्वास्थ्य केंद्रों, विद्यालयों, बाजारों, उचित दर की दुकानों, पुलिस थानों के साथ-साथ जनपदवासियों, नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए उनके निजी आवासों, मुख्य चौराहों, सार्वजनिक स्थानों पर फहराया जायेगा। उन्होने जनपदवासियों का आव्हान करते हुये कहा कि सभी लोग उत्सव, उमंग, के साथ राष्ट्रीय उत्सव ’’हर घर तिरंगा’’ कार्यक्रम में सम्मलित होकर अपना योगदान दें, सभी लोग अपने-अपने घरों, प्रतिष्ठानों पर झण्डा अवश्य फहरायें। उन्होंने कहा कि जिला स्तर, तहसील स्तर पर एक बडा कार्यक्रम कराये जाने की रूपरेखा बनायी जाये, जिसमें देश के गौरवमयी इतिहास, स्वाधीनता संग्राम, आजादी की लड़ाई में बलिदानियो द्वारा दी गयी कुर्बानियों, आदि से सम्बन्धित डाक्यूमेंट्री, कार्यक्रम आयोजित कराये जायें, जिससे हमारी युवा पीढ़ी को कुछ सीखने को मिले, उन्हें प्रेरणा मिले कि किस तरह हमारे पूर्वजों ने हमे आजाद कराने में अपने प्राणों को न्यौछावर किया।
श्री सिंह ने 11 अगस्त से 17 अगस्त तक आयोजित होने वाले हर घर तिरंगा कार्यक्रम में जनपद के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए शत-प्रतिशत घरों, दुकानों, कार्यालयों, सार्वजनिक स्थानों, तालाबों, नलकूपों आदि पर झंडा फहराने हेतु लोगों को प्रेरित किया जाए, हर घर तिरंगा कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित कराई जाए, उन्हें नगरीय निकाय के एक स्थल पर एकत्र कर उनसे तिरंगा रंगोली, देश भक्ति, राष्ट्रीयता को प्रोत्साहित करने वाले कार्यक्रमों का आयोजन कराया जाए, हर घर तिरंगा कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न तिथियों में तिरंगा मेला, तिरंगा खेल महोत्सव, पार्क में तिरंगा मिलन समारोह, वृक्षारोपण, राष्ट्रीय गीत, निबंध प्रतियोगिता आदि के आयोजन किया जाए, ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण भवनों, इमारतों, चौराहों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर तिरंगा विद्यतु व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, इस प्रकार के आयोजनों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों के परिजनों, भूतपूर्व सेनानियों, पुलिसकर्मियों, अधिकारियों को आमंत्रित कर उन्हें सम्मानित भी किया जाए।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर निकाय, परियोजना अधिकारी डूडा को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के लाभार्थियों को अपने आवासों पर एवं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थियों, स्ट्रीट वेंडर को अपने कार्यस्थल, स्टॉल पर झंडा लगाने हेतु प्रेरित करें, पब्लिक ऐड्रेस सिस्टम का प्रयोग कर उस पर देशभक्ति के गीत बजाये जाएं, लोगों को राष्ट्रीय सप्ताह के दौरान अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया जाये, जन सामान्य को सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने, वृक्ष रोपित करने के लिए जागरूक किया जाए, सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग से होने वाली हानियों के बारे में लोगों को बताया जाए। उन्होने कहा कि अभियान की सफलता हेतु विकासखंड स्तर पर ए.एन.एम. आशा बहुओं एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, खंड स्तरीय अधिकारियों की बैठक करायी जाये साथ ही विकास खंड स्तर पर तिरंगा रिले रैली, तिरंगा यात्रा आयोजित करायी जाये, तिरंगा वालंटियर्स के रूप में विद्यार्थियों, एन.सी.सी. कैडेट्स, नेहरू युवा केन्द्र, युवक एवं महिला मंगल दल, स्वयं सेवी संस्थाओं, स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से प्रचार-प्रसार, स्थानीय स्तर पर जिले के महत्वपूर्ण व्यक्तियों, गणमान्य नागरिकों, मा. जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से ’’हर घर तिरंगा’’ लगाये जाने अपील करायी जाये, जनपद में लगने वाले साप्ताहिक हाट-बाजारों, पर्व-त्योहारों, श्रावण मेलों, कांवड़ यात्रा मार्गों पर भी प्रचार-प्रसार कराया जाये।
उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी विद्यालयों में शिक्षकों, विद्यार्थियों के अभिभावकों आदि के साथ बैठक कर झंडे लगाये जाने हेतु प्रेरित किया जाए, शिक्षण संस्थानों में प्रार्थना के समय सभी विद्यार्थियों को हर घर तिरंगा कार्यक्रम के विषय में जागरूक करते हुए शपथ दिलायी जाए, बच्चों के माध्यम से अभिभावकों, मित्रों, पड़ोसियों, रिश्तेदारों को राष्ट्रीय झंडे को अपने-अपने घरों में फहराये जाने हेतु प्रेरित कराया जाए। उन्होने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक की बजाए कपडे़ से बने झंडों का प्रयोग किया जायेगा, तिरंगा निर्माण का कार्य प्रशिक्षण प्राप्त स्वयं सहायता समूह की महिलाओं, एमएसएमई द्वारा किया जाए, झंडे बनाने हेतु प्रयोग किये जाने वाले कपड़ों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाये, सुनिश्चित किया जाये कि झंडे में प्रयोग किया जाने वाले कपड़े की क्वालिटी बेहतर हो। उन्होने कहा कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को अधिक संख्या में झंडे बनाये जाने पर उन्हें प्रथम, द्वितीय, तृतीय श्रेणी के रूप में पुरस्कृत कर सम्मानित किया जाये। उन्होंने कहा कि तिरंगे झंडे को सम्मान पूर्वक प्रत्येक घर, सरकारी कार्यालय, आवास, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन आदि जगहों पर लगाए जाए तथा सूर्यास्त होने से पहले राष्ट्रीय झंडों को सम्मानपूर्वक उतार लिया जाए, झंडा अधिनियम के नियमांे का पालन किया जाये, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न की जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार, अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्र, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. पी.पी. सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक मधुबन कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी किशनी, कुरावली, करहल, डिप्टी कलेक्टर, आर.एन.वर्मा, युगान्तर त्रिपाठी, सत्येन्द्र सिंह, अंजलि सिंह, उपायुक्त जी.एस.टी. उत्तम तिवारी, डीसी मनरेगा पीसी राम, परियोजना निदेशक डीआरडीए के.के. सिंह, उप कृषि निदेशक डी.वी.सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी क्यामुद्दीन अंसारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड विकास अधिकारी सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी, विभिन्न एशेसिएसन के पदाधिकारी, स्वय सहायता समूहों की महिलायें आदि उपस्थित रहे।