मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा आयोजित नीट यू.जी.-2026 को शान्ति पूर्वक सम्पन्न कराने हेतु तैनात स्टैटिक, सेक्टर मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापकों की बैठक में कहा कि दि. 21 जून को आयोजित होने वाली परीक्षा को बिना किसी विघ्न के शांतिपूर्ण माहौल मेें सम्पन्न करायें, प्रत्येक परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षार्थियों को मूल-भूत सुविधाएं मुहैया हों, केन्द्र व्यवस्थापक स्टेटिक मजिस्ट्रेट अपने परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा अवधि में निरंतर क्रियाशील रहकर हर गतिविधि पर नजर रखें, मुख्य द्वार पर गेट पर अभ्यर्थियों की सघन तलाशी करायी जाये, तलाशी के दौरान किसी भी अभ्यर्थी को असुविधा न हो, किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केन्द्र के भीतर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, कैल्कुलेटर, मोबाइल, डिजिटल घड़ी ले जाने की इजाजत नहीं है, परीक्षा के दिन परीक्षा केन्द्रों के आस-पास की फोटोस्टेट, साइबर कैफे की दुकानें बंद रहेंगी, परीक्षा केन्द्रों के आस-पास 200 मीटर की परिधि में कोई भी अनाधिकृत व्यक्ति प्रवेश नहीं कर सकेगा, उक्त परिधि में भीड़ एकत्र नहीं होगी। उन्होने बताया कि परीक्षा सकुशल सम्पन्न कराने के लिए 10-10 सेक्टर, स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किये गये हैं। उन्होने केन्द्र व्यवस्थापकों, स्टेटिक मजिस्ट्रेटों से कहा कि परीक्षा की महत्वता को दृष्टिगत रख बेहद संवेदनशील रहें, एन.टी.ए. के निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित कराते हुये नीट परीक्षा-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने में अपनी भूमिका निभाएं।

IMG 20260618 WA0009

श्री त्रिपाठी ने कहा कि जनपद में स्थापित सभी परीक्षा केंद्रों की विस्तृत जानकारी, वहां तक पहुंचने के साधन, परिवहन सुविधाएं, निकटवर्ती होटल, धर्मशालाएं एवं अन्य आवासीय व्यवस्थाओं का विवरण तैयार कर 19 जून तक जिला प्रशासन की वेबसाइट, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म तथा अन्य माध्यमों पर उपलब्ध कराया जाए, ताकि बाहरी जनपदों एवं राज्यों से आने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के मार्ग, सार्वजनिक परिवहन के विकल्प तथा संपर्क सूत्रों का भी स्पष्ट उल्लेख किया जाए। उन्होने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या, आपात स्थिति में परीक्षार्थियों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने हेतु जिला स्तरीय कंट्रोल रूम सक्रिय किया जाए तथा उसका दूरभाष नंबर व्यापक रूप से प्रचारित किया जाए साथ ही पुलिस कंट्रोल रूम एवं अन्य हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी सार्वजनिक की जाए, स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थितियों के लिए अलग से व्यवस्था की जाये। उन्होंने कहा कि 21 जून को संभावित अधिक तापमान को देखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त छायादार प्रतीक्षा स्थल बनाए जाएं, टेंट, शेड एवं अन्य व्यवस्थाएं इस प्रकार हों कि परीक्षार्थियों को वास्तविक राहत मिल सके। प्रतीक्षा स्थलों पर पंखों की व्यवस्था, पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता तथा बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि केवल औपचारिकता न निभाई जाए बल्कि व्यवस्थाएं ऐसी हों कि अभ्यर्थियों को गर्मी से राहत मिले और वह सहज वातावरण में परीक्षा दे सकें। उन्होने कहा कि प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, आवश्यकता अनुसार स्टील के जलपात्र अथवा अन्य उपयुक्त व्यवस्थाएं की जाएं ताकि अभ्यर्थियों को पानी पीने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, सभी परीक्षा केंद्रों पर ओआरएस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाये, प्रत्येक केंद्र पर एम्बुलेंस एवं मेडिकल टीम की तैनाती रहे।

पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा ने कहा कि यह परीक्षा अत्यंत संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण है, इसलिए इसके संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं बल्कि हजारों युवाओं के भविष्य से जुड़ा विषय है, अभ्यर्थी अत्यधिक मानसिक दबाव और अपेक्षाओं के साथ परीक्षा केंद्रों पर पहुंचते हैं इसलिए केंद्र व्यवस्थापक एवं समस्त कार्मिक उनकी छोटी-से-छोटी समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहें। उन्होने कहा कि जनपद में परीक्षा केंद्र विभिन्न थाना क्षेत्रों के अंतर्गत स्थित हैं और सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, सुरक्षा, चेकिंग एवं निगरानी की समुचित व्यवस्था रहेगी लेकिन केंद्र व्यवस्थापक केवल पुलिस व्यवस्था के भरोसे न रहें बल्कि स्वयं भी प्रत्येक व्यवस्था की लगातार निगरानी करते रहें। उन्होंने कहा कि पूर्व में कुछ परीक्षाओं के दौरान छोटी-छोटी कमियों के कारण अनावश्यक समस्याएं उत्पन्न हुईं इसलिए पूर्व अनुभवों से सीख लेते हुए सभी व्यवस्थाओं को पहले ही परख लिया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान समय का विशेष महत्व होता है, किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश, सत्यापन, बैठने की व्यवस्था अथवा अन्य कारणों से अनावश्यक परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए, परीक्षा संचालन से जुड़े सभी अधिकारियों, कर्मचारियों को स्पष्ट रूप से ब्रीफ किया जाए तथा विशेष प्राविधानों एवं दिशा-निर्देशों की जानकारी पहले से उपलब्ध करा दी जाए ताकि किसी प्रकार की भ्रम अथवा गलतफहमी की स्थिति उत्पन्न न हो।

अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनन्द ने बताया कि जनपद के 10 परीक्षा केन्द्रों पर दि. 21 जून को अपरान्ह 02 बजे से 05.15 बजे तक एवं दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए अपरान्ह 02 बजे से 06.20 बजे तक नीट-2026 सम्पन्न होगी, जिसमें कुल 3511 परीक्षार्थी प्रतिभाग करेंगे। उन्होने बताया कि राजकीय इंटर कॉलेज मंे 456, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, नेशनल डिग्री कॉलेज भोगांव में 384-384, श्री चित्रगुप्त इंटर कॉलेज, क्रिश्चियन इंटर कॉलेज में 360-360, कुं. आर.सी. इंटर कॉलेज में 343, नवोदय विद्यालय भोगांव में 336, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में 312 तथा डा. भीमराव अम्बेडकर राजकीय महाविद्यालय, सैनिक स्कूल में 288-288 परीक्षार्थी प्रतिभाग करेंगे।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक अरूण कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आर.सी. गुप्ता, उप जिलाधिकारी सदर, भोगांव, करहल, किशनी, घिरोर, कुरावली अभिषेक कुमार, नीरज कुमार द्विवेदी, सुनिष्ठा सिंह, गोपाल शर्मा, अंजली सिंह, शिव नरेश, डिप्टी कलेक्टर धु्रव शुक्ला, सुप्रिया गुप्ता, संध्या शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी रमन मिश्रा, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी राजेश बघेल के अलावा केन्द्र व्यवस्थापक आदि उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here