कुंवर आरसी महिला महाविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय योग सप्ताह के अंतर्गत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में राजनीति विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. अलका पाठक ने सहभागिता करते हुए इस वर्ष की अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग (Yoga for Healthy Ageing)” विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास, संतुलित आहार एवं सकारात्मक जीवनशैली के माध्यम से वृद्धजन शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक रूप से स्वस्थ रह सकते हैं। योग न केवल रोगों की रोकथाम में सहायक है, बल्कि जीवन की गुणवत्ता को भी बेहतर बनाता है।
महाविद्यालय की संयुक्त सचिव डॉ. सुशीला त्यागी ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है तथा वर्तमान समय में स्वस्थ जीवन के लिए इसकी प्रासंगिकता और भी बढ़ गई है। उन्होंने छात्राओं से योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।

महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शेफाली यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के समन्वय का माध्यम है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग अत्यंत प्रभावी साधन है तथा ऐसे कार्यक्रम समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। अंत में सभी उपस्थित जनों ने नियमित योगाभ्यास करने तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here