
मैनपुरी (सूवि)जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने विभिन्न समुदाय के धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों, शांति समिति के सदस्यों के साथ आयोजित बैठक में कहा कि आगामी एक माह में हिंदू-मुस्लिम समुदाय के 05 बड़े पर्वो के साथ ही राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा, आगामी 01 माह प्रत्येक समुदाय के लिए बेहद महत्वपूर्ण है इसलिए सभी जनपदवासी एक-दूसरे के धार्मिक पर्वों का सम्मान करें, ऐसा कोई कृत्य न करें, जिससे किसी की धार्मिक भावना आहत हो, कोई नई परंपरा किसी भी दशा में न डाली जाए, कोई भी गैर परंपरागत कार्य न किये जाएं, कावड़ यात्रा, मोहर्रम के जुलूस के दौरान अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन न किया जाए, इस दौरान निर्धारित डेसीमल मे ही लाउड स्पीकर, डी.जे. का प्रयोग किया जाए, उन पर धार्मिक गीत ही बजाए जाएं, आपत्तिजनक गाने, किसी की धार्मिक भावना को आहत करने वाले नारे आदि न लगाये जाए।
श्री सिंह ने बैठक में उपस्थित अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आगामी त्योहारों के दौरान सफाई व्यवस्था, जलापूर्ति के चाक-चौबंद इतंजाम किए जाएं, ईदगाहों, मस्जिदों को जाने वाले रास्तों, ईदगाह, मस्जिदों के आसपास, शिवालयों को जाने वाले रास्तों, उसके आसपास नियमित रूप से सफाई कराई जाए, ईद-उल-अजहा के दिन कोई भी आवारा, निराश्रित जानवर सड़कों पर दिखाई न दे, सफाई कर्मियों की रोस्टर बनाकर तैनाती की जाए, कावड़ यात्रा वाले मार्गों पर विशेष सफाई व्यवस्था रहे, कहीं भी जल-भराव की स्थिति पैदा न हो, सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिशासी अभियंता विद्युत को आदेशित करते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, जहां-जहां बिजली के तार ढीले हैं उन्हें तत्काल ठीक कराया जाए। उन्होंने खाद्य निरीक्षक के साथ-साथ उप जिलाधिकारियों से कहा कि त्योहारों के दौरान मिलावटी सामान की बिक्री किसी दिशा में न हो, इस हेतु निरंतर चेकिंग अभियान चलाया जाए, कोई भी दुकानदार निर्धारित मूल्य से अधिक मूल्य न वसूले, उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष निरंतर भ्रमणशील रहकर अपने-अपने क्षेत्र की प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखें, कोई भी अराजक तत्व किसी भी धार्मिक यात्रा में शामिल होकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश न करें, कोई भी व्यक्ति धार्मिक यात्राओं के दौरान अस्त्र-शस्त्र लेकर विचरण न करें।
जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित धर्मगुरुओं, संभ्रांत व्यक्तियों का आव्हान करते हुए कहा कि सरकार द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक को प्रतिबंधित कर दिया है, इसलिए सभी लोग इसके प्रयोग से बचें यदि किसी के द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग किया जाए तो उसकी सूचना जिला प्रशासन को दें, सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग करने वालों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराकर दंडात्मक कार्यवाही होगी, सिंगल यूज प्लास्टिक के कारण पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है, यह मानव के साथ-साथ पशु-पक्षियों के जीवन के लिए घातक साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि सभी लोग पर्यावरण को बचाने के लिए एक पेड़ अवश्य लगाएं और उसकी देखभाल करें, घटते वन क्षेत्र, वृक्षों की कमी के कारण पर्यावरण में असंतुलन पैदा हुआ है, जिस कारण वर्षा में कमी आई है, भूमि की मिट्टी की उर्वरा शक्ति काफी कम हुई है, तापमान में निरतंर वृद्धि हो रही है, भू-गर्भ जलस्तर भी घट रहा है, वातावरण में ऑक्सीजन का लेविल भी कम हो रहा है, हम सबको मानव अस्तित्व को बचाने के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने होंगे।
पुलिस अधीक्षक कमलेश दीक्षित ने कहा कि सभी लोग आगामी त्योहारों को आपस में मिलजुल कर एक दूसरे की खुशियों में शामिल होकर हर्षाेल्लास के साथ मनाएं। उन्होंने मुस्लिम समुदाय के लोगों से कहा कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी दशा में न दी जाए, कुर्बानी घर, निजी अहाते मे ही हो, सार्वजनिक स्थलों पर कुर्बानी न की जाए, ईद-उल-अजहा की नमाज मस्जिदों में ही अदा करें, सार्वजनिक स्थानों पर नमाज अदा न करें, निर्धारित डेसीमल में ही लाउड स्पीकर का प्रयोग करें, धार्मिक परिसर के बाहर आवाज न आए। उन्होंने कहा कि कावड़ यात्रा में शामिल होने वाले लोगों को हिंदू धर्मगुरु नियमों का पालन करने हेतु समझाएं, धार्मिक यात्रा के दौरान कोई भी ऐसा कृत्य न किया जाए जिससे किसी की धार्मिक भावना आहत हो, उत्तेजक, भड़काऊ गाने किसी भी दशा में न बजाए जाएं, सोशल मीडिया का प्रयोग सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के लिए न किया जाए, ऐसा कोई पोस्ट न किया जाए, जिससे किसी को ठेस पहुंचें। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया सेल से सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखी जा रही है यदि किसी के द्वारा किसी की भावना को भड़काने, किसी के प्रति अमर्यादित टिप्पणी करने की कोशिश की गई तो उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराकर प्रभावी कार्यवाही होगी।
एस.पी. ने क्षेत्राधिकारियों, थानाध्यक्षों से कहा कि अपने-अपने क्षेत्र के सूअर पालकों के साथ अधिशासी अधिकारी नगर निकाय की मौजूदगी में तत्काल बैठक करें और उन्हें सूअरों को निर्धारित बाड़ें में ही रखने हेतु आदेशित करें, सुअर पालकों की सूची मय मोबाइल नंबर के तैयार की जाए। उन्होंने बैठक में उपस्थित विभिन्न संप्रदाय के धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों, पीस कमेटी के सदस्यों से कहा कि एक दूसरे के प्रति प्रेम-भाव रख अपनी गौरवमयी परंपरा को कायम रखें और आगामी त्योहार आपस में मेल-जोल से मनाकर जिला प्रशासन का सहयोग करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार, अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक मधुबन कुमार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पी.पी. सिंह, उप जिलाधिकारी सदर, भोगांव, करहल, किशनी, कुरावली, घिरोर, नवोदिता शर्मा, कुलदेव, सत्येन्द्र सिंह, राम नारायण, युगान्तर त्रिपाठी, शिव नारायण, समस्त क्षेत्राधिकारी, खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर निकाय, अधिशासी अभियंता विद्युत, जिला पूर्ति अधिकारी सहित विभिन्न संप्रदाय के धर्मगुरु, गणमान्य व्यक्ति आदि उपस्थित रहे।



