मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने जिला उद्योग बंधु समिति की समीक्षा के दौरान सी.एम. युवा उद्यमी विकास अभियान के लाभार्थी जितेंद्र सिंह, गोविंद शर्मा, विपिन कुमार, शशांक, शिवम जिनकी पत्रावलियां विभिन्न बैंकों में विगत कई माह से लंबित थीं, से संवाद करने पर शशांक, विपिन कुमार ने बताया कि बैंक ऑफ़ इंडिया शाखा भोगांव में उनकी पत्रावली स्वीकृत नहीं की जा रही है, 10 प्रतिशत धनराशि की मांग की जा रही है, जिस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए बैंकर्स से कहा कि कार्यशैली सुधारे, धनराशि जमा करने पर फोकस न करें बल्कि योजना के लाभार्थियों को प्राथमिकता पर ऋण उपलब्ध करायें। उन्होंने शाखा प्रबंधक बैंक ऑफ़ इंडिया भोगांव के द्वारा घूसखोरी की शिकायत की जांच हेतु जिला अग्रणी प्रबंधक, उपायुक्त उद्योग एवं परियोजना निदेशक डी.आर.डी.ए. की तीन सदस्य टीम गठित कर शिकायत एवं अब तक स्वीकृत कर ऋण वितरण की गई पत्रावलियों की विस्तृत जांच कर 01 सप्ताह में रिपोर्ट प्रस्तुत करें यदि लाभार्थियों को ऋण वितरण करने में अवैध धनराशि का लेन-देन किया गया हो तो संबंधित शाखा प्रबंधक के विरुद्ध आपराधिक कृत्य पर प्राथमिकी दर्ज करायी जाये।

श्री त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री युवा फेलो को आदेशित करते हुए कहा कि योजना के आवेदनों में जो भी कमियां हैं, उन्हें बैंकर्स, लाभार्थियों से समन्वय स्थापित कर दूर करायें, बैंकर्स तत्काल पत्रावलियों को स्वीकृत कर ऋण उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें ताकि शिक्षित युवा अपना स्वःरोजगार स्थापित कर स्वाबलंबी बन सकें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री युवा विकास अभियान देश की सबसे महत्वपूर्ण योजना है, जो शिक्षित युवाओं को प्राथमिकता पर स्वतःरोजगार स्थापित करने के लिए ऋण उपलब्ध करा रही है, देश के अन्य प्रदेश भी इस योजना को अपने यहां लागू करने के लिए प्रयासरत् है। उन्होंने बैंकर्स से कहा कि मुख्यमंत्री युवा स्वःरोजगार योजना, एक जनपद-एक उत्पाद योजना आदि लाभार्थीपरक योजनाओं में प्राथमिकता पर ऋण वितरण करना सुनिश्चित करें। उन्होने बैंकवार समीक्षा करने पर पाया कि भारतीय स्टेट बैंक में 222 पत्रावलियां स्वीकृति हेतु एवं 11 वितरण हेतु, एचडीएफसी बैंक में 57 पत्रावलियां स्वीकृति हेतु एवं 06 वितरण हेतु, एक्सिस बैंक में 53 पत्रावलियां स्वीकृति हेतु एवं 14 वितरण हेतु, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक में 50 पत्रावलियां स्वीकृति हेतु एवं 70 वितरण हेतु, बैंक ऑफ इण्डिया में 44 पत्रावलियां स्वीकृति हेतु एवं 51 पत्रावलियां ऋण वितरण हेतु अवशेष हैं। उन्होने सम्बन्धित बैंक के शाखा प्रबन्धकों से कहा कि 30 मई तक लंबित पत्रावलियों को स्वीकृत करें, जो पत्रावलियां स्वीकृत हो चुकी है, उन पर ऋण उपलब्ध करायें।

जिलाधिकारी ने असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि जब सरकार स्वयं गारंटी प्रदान कर युवाओं को स्वःरोजगार के लिए वित्तीय सहयोग उपलब्ध करा रही है, तब बैंकर्स द्वारा उदासीनता बरतना न केवल योजनाओं के उद्देश्य को प्रभावित करता है बल्कि युवाओं के उत्साह को भी कम करता है। उन्होंने बैंकर्स को आगाह करते हुए कहा कि इस प्रकार की लापरवाही भविष्य में स्वीकार नहीं की जाएगी और आवश्यक होने पर उच्च स्तर पर प्रतिकूल कार्यवाही के लिए संस्तुति की जाएगी। उन्होने अग्रणी जिला प्रबन्धक से कहा कि वह सभी बैंकों के बीच समन्वय स्थापित कर प्रगति सुनिश्चित करें। उन्होने बैंकर्स से स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रशासन हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा रहता है और अपेक्षा करता है कि बैंक भी जनहित के कार्यों में समान रूप से सहयोग करें। उन्होने कहा कि योजनाओं का उद्देश्य केवल लक्ष्य पूर्ति नहीं बल्कि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार एवं स्वःरोजगार से जोड़ना है, इसलिए प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे युवाओं का विश्वास बढ़े और जनपद विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ सके। उन्होने औद्योगिक क्षेत्र भोगांव के प्लॉट संख्या-जी-1 के आवंटी सत्येन्द्र सिंह द्वारा निर्माण कार्य में अवरोध उत्पन्न करने, रात्रि में दीवार तोड़ने एवं औद्योगिक क्षेत्र में सायं 06 बजे से रात्रि 10 बजे तक अराजकतत्वों का जमावड़ा रहने की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्राधिकारी भोगांव को निर्देशित किया कि भूखंड को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों को चिन्हित कर कार्यवाही करें, औद्योगिक क्षेत्र में सभी मूल-भूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करायी जाये।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, क्षेत्राधिकारी नगर संतोष कुमार, जिला अग्रणी प्रबंधक रामचंद्र शाहा, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका बुद्धि प्रकाश, जिला पूर्ति अधिकारी रमन मिश्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारी, उद्यमी सीताराम तापड़िया, अनिल अग्रवाल, विनय गुप्ता, धीरू राठौर, उत्तम गुप्ता, बीनू बंसल, विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक आदि उपस्थित है।—————————————————

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here