मैनपुरी(सुवि)राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण, जनपद के प्रभारी मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने 15 दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल, सहायक उपकरण एवं 04 बच्चों को कॉक्लियर इम्प्लाण्ट सर्जरी के तहत रू. 24 लाख की धनराशि के स्वीकृति पत्र उपलब्ध कराने के उपरांत मा. मुख्यमंत्री जी की प्राथमिकता वाले विकास कार्यक्रमों, मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की समीक्षा के दौरान संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि जनपद अधिकांश परियोजनाओं में सी.एम. डैशबोर्ड पर ए.-कैटिगरी में चल रहा है, जिसका परिणाम है कि जनपद विगत कई माह से प्रदेश में टॉप-10 में बना हुआ है, माह फरवरी में विकास कार्यों में जनपद प्रदेश में तीसरे स्थान पर एवं माह मार्च में चौथे स्थान पर रहा है। उन्होने समीक्षा के दौरान पाया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, पी.एम. कुसुम, बीज डीबीडी, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन फेज-02, ऑपरेशन कायाकल्प, निराश्रित गोवंश का संरक्षण, पशु टीकाकरण, पशुओं में कृत्रिम गर्भाधान, संरक्षित निराश्रित गोवंश की सुपुर्दगी, सोलर स्ट्रीट लाइट, पी.एम. सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, दैनिक विद्युत आपूर्ति शहरी, ग्रामीण, बायोमेडिकल उपकरण रख-रखाव कार्यक्रम, सी.टी. स्कैन सेवाएं, कन्या विवाह सहायता योजना, मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना, ओडीओपी वित्त पोषण योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार आदि महत्वपूर्ण योजनाओं में जनपद को ए-श्रेणी में पाए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होने जननी सुरक्षा योजना, आई.सी.डी.एस. पोषण अभियान, राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना में सी-श्रेणी एवं जल जीवन मिशन, फैमिली आईडी, निर्माण कार्यों में बी-कैटेगरी में पाये जाने पर संबंधित अधिकारियों से कहा कि अपने-अपने विभाग की योजनाओं की प्रगति सुधार कर इन्हें अभी ए-श्रेणी में लाने का प्रयास करें ताकि जनपद की रैंकिंग प्रदेश में निरंतर टॉप में बनी रहे।

प्रभारी मंत्री ने समीक्षा के दौरान अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देशित करते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर के कारण किसी भी उपभोक्ता को असुविधा का सामना न करना पड़े, उपभोक्ताओं, किसानों के बीच विद्युत विभाग के अधिकारी, कर्मचारी संदेश पहुंचाएं की स्मार्ट मीटर और पुराने मीटर के बिल में कोई अंतर नहीं है। उन्होंने अधिशासी अभियंता विद्युत से कहा कि वित्तीय वर्ष में कितने ट्रांसफार्मर खराब हुये, खराब ट्रांसफार्मर के स्थान पर कितने नए ट्रांसफार्मर प्रतिस्थापित किए गए, प्रतिस्थापित किए गए कितने ट्रांसफार्मर में से पुनः खराब हुए ट्रॉसफार्मर, सोलर पैनल लगने के बाद विद्युत आपूर्ति में कितनी कमी आई, विद्युत वसूली में क्या अंतर आया, का पूरा डेटा तैयार कर उपलब्ध करायें। उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की समीक्षा के दौरान पाया कि जनपद में 9106 किसानों ने अपनी फसलों को बीमा कराया, जिसके सापेक्ष 480 किसानों ने 1303 फसल क्षतिपूर्ति के दावे प्रस्तुत किये है, बीमा कंपनी में दावा करने वाले किसानों को रू. 01 करोड़ 33 लाख का मुआवजा उपलब्ध कराया, जिस पर उन्होंने बीमा कंपनी के साथ कृषि विभाग के अधिकारियों को आदेशित करते हुए कहा कि गांव-गांव कैंप लगाकर किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लाभों के बारे में जागरूक करें ताकि अधिक से अधिक लोग अपने फसलों का बीमा करायें और देवीय आपदा की स्थिति में फसल क्षति होने पर उसका लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने स्कूल चलो अभियान की समीक्षा के दौरान पाया कि 01 अप्रैल से संचालित कार्यक्रम में अब तक जनपद के 25 हजार छात्रों का नामांकन विद्यालयों में कराया जा चुका है, जो गत वर्ष के सापेक्ष लगभग 15 प्रतिशत अधिक है, जिस पर उन्होंने बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को आदेशित करते हुए कहा कि अभी अभियान में 04 दिन शेष है, इस दौरान प्रत्येक लक्षित बच्चे का विद्यालय में पंजीकरण कराया जाए, कोई भी पात्र बच्चा शिक्षा के अधिकार से वंचित न रहे।
उन्होंने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी से जानकारी करने पर पाया कि जनपद में संचालित 49 गौशालाओं में 8220 गोवंश संरक्षित हैं, संरक्षित सभी गोवंशों की ईयर टैगिंग, टीकाकरण कराया जा चुका है, संरक्षित गोवंशों की नियमित देखभाल संबंधित पशु चिकित्साधिकारियों द्वारा नियमित रूप से गौशालयों का भ्रमण कर किया जा रहा है, जिस पर उन्होंने कहा कि कोई भी निराश्रित गोवंश सड़कों पर दिखाई न दे, निराश्रित गोवंशों के कारण किसानों की फसलों को नुकसान न पहुंचे, संबंधित अधिकारी आपस में सामान्य स्थापित कर सुनिश्चित करायें। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं के परियोजना अधिकारियों, अधिशाषी अभियंताओं से कहा कि जनपद में जो भी परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं उनको निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराना सुनिश्चित करें, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण ने बताया कि विभाग द्वारा गत वित्तीय वर्ष में 31 मार्च 26 तक 25 नई सड़कों एवं 02 नए पुलों का निर्माण कार्य पूर्ण कराया जा चुका है, जिस पर उन्होंने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण को निर्देशित करते हुए कहा कि जो सड़कें, पुल निर्मित हो चुके हैं, उनका तत्काल जन-प्रतिनिधियों से लोकार्पण कराकर जन-सामान्य को सुपुर्द करें ताकि लोगों को इनका लाभ मिल सके।
प्रभारी मंत्री ने कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान शीलभंग, गृह भेदन, अपहरण, हत्या के मामलों में वृद्धि पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण कर जनपद की छवि को सुधारने की दिशा में कार्य करें, हत्या-लूट, अनुसूचित जाति, जनजाति अधिनियम के कोई भी प्रकरण लंबित न रहें, उन्हें प्राथमिकता निस्तारित किया जाए, कोई भी विवेचना लंबित न रहे, महिला अपराधों पर प्रभावी कार्यवाही हो, जनपद में अवैध शराब की बिक्री किसी दशा में न हो, आबकारी, पुलिस विभाग संयुक्त रूप से अवैध शराब के प्रचलन को रोकें। उन्होने विभाग बार राजस्व वसूली की समीक्षा के दौरान पाया कि कृषि विपणन द्वारा रू. 22 करोड़ के सापेक्ष रू. 26 करोड़, विद्युत विभाग द्वारा रू.454 करोड़ के सापेक्ष रू. 595 करोड़, परिवहन विभाग द्वारा रू. 102 करोड़ 80 लाख के सापेक्ष रू. 95 करोड़ 45 लाख, स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन विभाग द्वारा रू. 166 करोड़ के सापेक्ष रू. 193 करोड़, आबकारी विभाग द्वारा रू. 487 करोड़ 96 लाख के सापेक्ष रू. 430 करोड़ 73 लाख की राजस्व प्राप्ति की गई है जबकि वाणिज्य कर विभाग द्वारा सबसे कम रू. 125 करोड़ 69 लाख के सापेक्ष रू. 73 लाख करोड़ 26 लाख की ही राजस्व प्रप्ति की गई है, जिस पर उन्होंने वाणिज्य कर विभाग के अधिकारियों को वसूली पर ध्यान देने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने प्रभारी मंत्री, विधायक भोगांव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रभारी मंत्री, अन्य जनप्रतिनिधियों के प्रभावी अनुश्रवण का परिणाम है कि जनपद राजस्व, विकास कार्यों की रैंकिंग में प्रदेश में शीर्ष पर बना हुआ है, माह मार्च में भी जनपद ने प्रदेश में चौथी रैंक प्राप्त की है। उन्होंने प्रभारी मंत्री को आश्वस्त करते हुए कहा की नये वित्तीय वर्ष में सभी अधिकारी नई ऊर्जा से काम करेंगे और संचालित योजनाओं का लाभ समय से पात्रों तक पहुंचाने में योगदान देंगे, जनपद में निर्माणाधीन परियोजनाओं को समय से पूर्ण कराकर जनोपयोगी बनाया जाएगा, राजस्व, विकास कार्य में जनपद को प्रदेश में सर्वाेच्च स्थान पर लाने की भरसक प्रयास किए जाएंगे।
प्रभारी मंत्री, विधायक भोगांव, जिलाध्यक्ष, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी ने निधि, पार्थ, कु. सुमेरा, कु. रिद्धी को कॉक्लियर इम्प्लाण्ट सर्जरी के तहत रू. 06-06 लाख के स्वीकृति पत्र, रमन, सुख देवी, राम सरन, जनदेव, भानुप्रताप, मंजू, महावीर सिंह, मनीष, शिवानी, जितेन्द्र कुमार, नरेश चन्द्र आदि को ट्राइसाइकिल, बैशाखी उपलब्ध करायी। बैठक में पूर्व मंत्री, विधायक भोगांव राम नरेश अग्निहोत्री, जिलाध्यक्ष ममता राजपूत के अलावा पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, अपर जिलाधिकारी श्याम लता आनन्द, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी शिवम दुबे, उप जिलाधिकारी सदर, करहल, भोगांव, कुरावली, किशनी अभिषेक कुमार, सुनिष्ठा सिंह, संध्या शर्मा, नीरज कुमार द्विवेदी, गोपाल शर्मा, परियोजना निदेशक डी.आर.डी.ए. सत्येंद्र सिंह, उप कृषि निदेशक नरेन्द्र कुमार त्रिपाठी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अरुण कुमार शुक्ला, जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी राजेश बघेल, जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार, जिला युवा कल्याण अधिकारी विकास यादव, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण, जल निगम, आर.ई.डी., नहर, नलकूप सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी, खंड विकास अधिकारी आदि उपस्थित रहे।



