मैनपुरी(सुवि)अर्हता तिथि 01.01.2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के अन्तर्गत निर्वाचक नामावलियों के अंतिम आलेख्य प्रकाशन के उपरांत जिला निर्वाचन अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने कलैक्ट्रेट सभागार में राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों को प्रतियां उपलब्ध कराते हुये कहा कि पुनरीक्षण प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत वर्तमान में जनपद की निर्वाचक नामावली में कुल 12,58,963 वैध मतदाता दर्ज किए गए हैं, यह संख्या व्यापक सत्यापन, दावों-आपत्तियों के निस्तारण एवं निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुपालन के पश्चात अंतिम रूप से तैयार की गई है। उन्होंने बताया कि जब एस.आई.आर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण प्रक्रिया का आरंभ हुआ था, उस समय जनपद में कुल 14 लाख 03 हजार 413 मतदाता निर्वाचक नामावली में दर्ज थे, पुनरीक्षण के दौरान इम्यूनेशन, सत्यापन चरण, सुनवाई (भ्मंतपदह), लॉजिकल त्रुटियों का निराकरण तथा दावों, आपत्तियों के निस्तारण की विस्तृत प्रक्रिया अपनाई गई, नए मतदाताओं के पंजीकरण हेतु अर्ह तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विशेष अभियान संचालित करते हुए फॉर्म-06 के माध्यम से कुल 90 हजार 684 आवेदन प्राप्त हुए, जिनके परीक्षण, सत्यापन के उपरांत 89 हजार 166 नए मतदाताओं को निर्वाचक नामावली में सम्मिलित किया गया, शेष आवेदनों पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्यवाही संचालित है तथा ऑनलाइन प्राप्त हो रहे आवेदनों पर भी निरंतर निर्णय लिया जा रहा है।
श्री सिंह ने बताया कि पुनरीक्षण के दौरान लगभग 2,27,000 मतदाता ऐसे पाए गए जो ए.एस.डी. अनुपस्थित, स्थायी रूप से अन्य स्थान पर शिफ्ट अथवा मृतक की श्रेणी में थे या जिनके नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज पाए गए थे, ऐसे मामलों में निर्धारित नियमों के अंतर्गत उनके नाम निर्वाचक नामावली से विलोपित किए गए। उन्होने कहा कि यह पूरी प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न की गई है, जिससे मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाया जा सके। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी पात्र नागरिक का नाम अभी भी मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, तो वह निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से आवेदन कर अपना नाम सम्मिलित कराए साथ ही यदि किसी मतदाता को सूची में त्रुटि प्रतीत होती है, तो वह भी निर्धारित प्रक्रिया के अंतर्गत संशोधन हेतु आवेदन कर सकता है। उन्होने कहा कि पुनरीक्षण के दौरान राजनैतिक दलों से निरतंर सहयोग लेते हुए प्रक्रिया को पूर्ण किया गया है, बूथ लेवल अधिकारियों के साथ राजनैतिक दलों द्वारा तैनात किये गये बूथ लेवल एजेंटों के माध्यम से 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं के अधिक से अधिक फॉर्म-06 भरवाकर जमा करने के जिला प्रशासन ने भरसक प्रयास किये, अभियान के दौरान यदि कुछ युवा अपना नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं करा पाये हैं, ऐसे युवाओं के लिए अभी भी मतदाता सूची में नाम शामिल कराने का अवसर भारत निर्वाचन आयोग ने दिया है, ऐसे युवा जो 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं वह ऑनलाइन फॉर्म-06 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करा सकते हैं।
इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्यामलता आनन्द के अलावा विधायक किशनी इंजी. बृजेश कठेरिया, जिलाध्यक्ष बी.जे.पी. ममता राजपूत, जिलाध्यक्ष कॉग्रेस गोपाल कुलश्रेष्ठ, जिलाध्यक्ष सपा आलोक शाक्य, जिलाध्यक्ष अपना दल गौरव पाल एड., जिलाध्यक्ष आम आदमी पार्टी संतोष श्रीवास्तव, सी.पी.आई.एम. से यतेन्द्र यादव एड., बसपा से डा. अवनीश शाक्य, बी.जे.पी. से अनिल गुप्ता, गौरव राजपूत, सपा से राम नारायन बाथम, कांग्रेस से नवीन शर्मा, अनुपम शाक्य, निर्वाचन कार्यालय से सुनील मिश्रा, अवनीश सक्सैना, गोपाल गुप्ता, अजय अम्बेश, मनीष यादव आदि उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here