मैनपुरी: पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने जन समस्याएं सुनने के दौरान कहा कि आमजन को मूल-भूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराना संबंधित विभाग के अधिकारियों का उत्तरदायित्व है, आमजन के आवागमन हेतु सुगम मार्ग, पानी की उपलब्धता हेतु निर्वाध जलापूर्ति, रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति, मार्ग प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराना नगर निकाय, विद्युत विभाग के अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर निकाय को निर्देशित करते हुए कहा कि विशेष तौर पर शहरी क्षेत्र में सड़कों का सर्वे कराकर डाटा तैयार करें, जहां सबसे अधिक आवश्यकता हो, उन मोहल्लों में प्राथमिकता पर सड़क निर्माण कराया जाए ताकि आमजन को आवागमन में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए, निर्माण कार्य में अनदेखी करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की जाए। उन्होंने अधिशासी अभियंता विद्युत से कहा कि जिला, तहसील, मुख्यालय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निर्धारित रोस्टर के अनुसार विद्युत की निर्वाध आपूर्ति सुनिश्चित करें, खराब ट्रांसफार्मर प्राथमिकता पर बदले जाएं, गर्मी के मौसम में किसी भी उपभोक्ता को विद्युत आपूर्ति बाधित होने के कारण असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होने कहा कि अनाधिकृत कब्जांे की शिकायतें भी प्राप्त हो रही हैं, सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की जाए, कमजोर वर्ग के लोगों की भूमि पर कोई दबंग काबिज न हो, जिनके द्वारा गरीब, कमजोर वर्ग के व्यक्तियों का शोषण किया जाए उनके विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही हो।

पर्यटन मंत्री ने कहा कि आमजन की शिकायतों का भी त्वरित गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए, किसी भी फरियादी को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार चक्कर न लगाने पड़े। उन्होनेे कहा कि जन-सुनवाई में प्राप्त शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण कर संबंधित अधिकारी, उप जिलाधिकारी के माध्यम से आख्या प्रस्तुत करें, आमजन की शिकायतों का समयबद्व, गुणवत्तापरक निराकरण प्रदेश सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में है, प्राप्त शिकायतों के निराकरण की समीक्षा सीधे शासन स्तर से की जा रही है इसलिए सभी अधिकारी व्यक्तिगत जिम्मेदारी मान जन-शिकायतों का निदान करें।

जन-सुनवाई के दौरान ग्राम लाखनमऊ नि. राघवेन्द्र सिंह ने भू-माफियाओं द्वारा सार्वजनिक मार्ग पर किये गये अवैध निर्माण को हटवाने, लाहुरीपुर नि. मीरा देवी ने भूमि पर किये गये अनाधिकृत कब्जे को हटवाने, मु. गोपी नगर निवासीगणों ने मुहल्ले में सीसी रोड, नाली निर्माण कराये जाने, नगला दहेड नि. सरला देवी ने दबंगों द्वारा किये गये अवैध कब्जे को खाली कराये जाने, ग्राम महादेवा नि. अरूण कुमार ने अपराध संख्या 0074 की निष्पक्ष जॉच कराये जाने की मांग अपने प्रार्थना पत्र के माध्यम से की, जिन्हे सम्बन्धित अधिकारियों को तत्काल गुणवत्तापरक निराकरण हेतु उपलब्ध कराया।

इस दौरान क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि शिवदत्त भदौरिया, अर्जुन चौहान, प्रवेश शर्मा के अलावा उप जिलाधिकारी अभिषेक कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर संतोष कुमार, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली फतेह बहादुर सिंह, विद्युत विभाग से लालू जादौन, आदि उपस्थित रहे।