मैनपुरी: जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा के साथ थाना समाधान दिवस के अवसर पर थाना दन्नाहार में जन-शिकायतें सुनने के दौरान कहा कि इस दिवस पर प्राप्त शिकायतों का उसी दिन निस्तारण किया जाए, थाना समाधान दिवस के समापन के उपरांत अपरान्ह 02 बजे थाने से ही प्राप्त शिकायतों पर राजस्व, पुलिस की टीम गठित कर मौके पर भेजी जाए, मौके पर भेजी जाने वाली टीम का पूर्ण विवरण थाने की जी.डी. में दर्ज किया जाए साथ ही मौके पर की गई कार्यवाही का अंकन भी टीम के वापस आने पर किया जाए। उन्होने कहा कि अनाधिकृत कब्जा करने वालों के विरूद्ध दंडात्मक कार्यवाही हो, एक बार सीमांकन, पैमाइश के बाद यदि किसी के द्वारा पुनः कब्जा किया जाये तो उसे भू-माफिया में चिन्हित कर उसके विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी जाये। उन्होने कहा कि कहीं भी सार्वजनिक भूमि यथा चकरोड़, तालाब, मरघट, विद्यालय की भूमि पर अनाधिकृत कब्जा न हो, चकमार्ग, चकरोड, सड़क आमजन के आवागमन के लिए हैं, चकमार्ग, चकरोड पर अवैध कब्जों के फलस्वरूप आमजन को आवागमन में असुविधा का सामना न करना पड़े।
जन-समस्याएं सुनने के दौरान जब भागपुर थाना दन्नाहार नि. ओपेन्द्र सिंह, छोटी देवी ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि उसकी निजी भूमि गाटा संख्या-108 एवं मकान पर गांव के ही दबंग लोगों ने गुंडागर्दी के बल पर विगत कई वर्षों से अवैध कब्जा कर रखा है, मकान के सामने दबंग प्रवृर्ति के लोगों ने दीवार खड़ी कर रखी है, कई बार शिकायत के बाद भी अवैध कब्जा नहीं हटवाया गया, जिस पर उन्होंने थानाध्यक्ष दन्नाहार को निर्देशित करते हुए कहा कि स्वयं मौके पर जाकर दोनों पक्षों की मौजूदगी में शिकायत का निराकरण करायें यदि किसी के द्वारा जबरन कब्जा किया गया हो तो तत्काल कब्जा हटवाकर शिकायतकर्ता को काबिज कराया जाए साथ ही जबरन कब्जा करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही भी की जाए।
इस दौरान थानाध्यक्ष दन्नाहार, अनिल सक्सेना सहित राजस्व निरीक्षक, लेखपाल आदि उपस्थित रहे।



