मैनपुरी: कुँ. आर. सी. महिला महाविद्यालय, मैनपुरी में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की संयुक्त इकाइयों के तत्वावधान में “नशा मुक्ति भारत अभियान” के अंतर्गत “Say No to Drugs” विषय पर पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना तथा समाज में नशा मुक्ति के संदेश का प्रसार करना था।
इस अवसर पर NSS की स्वयंसेविका छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। छात्राओं ने आकर्षक एवं संदेशपूर्ण पोस्टर और स्लोगन तैयार कर नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का प्रयास किया। “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो”, “Say No to Drugs”, “Drugs से दूरी, जीवन में खुशहाली” जैसे प्रभावशाली नारों के माध्यम से छात्राओं ने समाज को सशक्त संदेश दिया।
प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं ने नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों को अपने चित्रों और विचारों के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। पोस्टरों में नशे के दुष्प्रभावों के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व को भी दर्शाया गया, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि युवाओं को अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राओं की सहभागिता रही, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि युवा वर्ग नशा मुक्ति जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक और संवेदनशील है। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉक्टर अनामिका सिंह के सानिध्य में इस प्रतियोगिता के माध्यम से छात्राओं ने यह संदेश दिया कि नशा न केवल व्यक्ति के जीवन को प्रभावित करता है, बल्कि पूरे समाज पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
अंत में सभी छात्राओं ने नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।



