


मैनपुरी 13 जून, 2022- मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत जनपद स्तरीय निःशुल्क कोचिंग का शुभारंभ करते हुए पूर्व मंत्री, विधायक भोगांव रामनरेश अग्निहोत्री ने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं का आह्वान करते हुए कहा कि आप सब कल का भारत है, आप सबके ऊपर देश को प्रगति के पथ पर आगे ले जाने की जिम्मेदारी है, आप सब जीवन में कोई न कोई लक्ष्य निर्धारित कर उसे पाने के लिए अथक परिश्रम करें, केंद्र, प्रदेश सरकार भी मिशन अन्त्योदय के अंतर्गत देश, प्रदेश के निर्धन-गरीब व्यक्तियों की आर्थिक स्थिति में सुधार लाकर उन्हें भी विकास की मुख्यधारा में जोड़ने का कार्य कर रही है, गरीब-निर्धन परिवारों, ग्रामीण परिवेश में निवास कर रहे ऐसे प्रभावशाली छात्र जो आर्थिक स्थिति के कारण बड़े शहरों में जाकर कोचिंग नहीं ले पाते थे, अब उन्हें जिले स्तर पर ही मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत निःशुल्क कोचिंग मिलेगी, अब गरीब परिवारों, ग्रामीण परिवार के होनहार छात्र भी आई.ए.एस., पी.सी.एस., अन्य उच्च स्तरीय परीक्षाओं की कोचिंग कर उच्च पदों को सुशोभित कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में यह योजना मंडलस्तर पर लागू की गई थी, मंडल स्तर पर बेहतरीन परिणामों को देखते हुए अब प्रदेश के प्रत्येक जनपद में यह योजना लागू की गई है ताकि गरीब परिवारों के बच्चों को भी बेहतर मार्गदर्शन मिले, संसाधनों की कमी के कारण उनकी प्रतिभा दबी न रह जाए, यह योजना ऐसे बच्चों को बेहतर मार्ग प्रशस्त करेगी और उन्हें उच्च शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, बेसिक शिक्षा के प्रशिक्षित शिक्षकों के साथ-साथ जनपद के उच्चाधिकारियों द्वारा गाइडेंस किया जाएगा।
विधायक भोगांव ने कहा कि केंद्र, प्रदेश सरकार गरीबों के कल्याण के लिए समर्पित है, उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री आयुष्मान भारत योजना लागू की, निर्धन परिवारों के बच्चों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तक, ड्रेस आदि सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें बेहतर शिक्षा प्रदान करने की दिशा में क्रांतिकारी निर्णय लिए, शिक्षित बेरोजगार युवाओं को सरकारी सेक्टर में बड़ी संख्या में नौकरियां देकर उन्हें रोजगार प्रदान किए, जो शिक्षित बेरोजगार सरकारी नौकरियों को प्राप्त करने में असफल रहे, उन्हें प्राइवेट सेक्टर में रोजगार के अवसर मुहैया कराये, हर व्यक्ति को काम मिले इसके लिए एक जनपद-एक उत्पाद के तहत जनपद के उद्योगों को बढ़ावा दिया, सबके सम्मिलित प्रयासों से जहां कुछ समय पूर्व प्रदेश विकास की दौड़ में देश में 14 नंबर पर था आज दूसरे नंबर पर है, हम सबको इसे एक नंबर पर लाने के लिए सम्मिलित प्रयास करने होंगे।
जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने उपस्थित छात्र-छात्राओं का आह्वान करते हुए कहा कि आज से प्रतिदिन राजकीय इंटर कॉलेज में शाम 03 बजे से 06 बजे तक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए संचालित होने वाली कक्षाएं अवश्य अटेंड करें, वहां विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा प्रत्येक विषय की जानकारी दी जाएगी, वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा भी समय-समय पर प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हेतु मार्ग-दर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी बच्चे बड़ा लक्ष्य निर्धारित कर उसे पाने के लिए दिल से मेहनत करें, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत प्रदेश सरकार ने गरीब परिवारों के बच्चों के प्रति संवेदनशीलता का परिचय देते हुए ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को आईएएस, पीसीएस, जेईई, नीट, सीडीएस आदि परीक्षाओं में प्रतिभाग कर अपने सपनों को साकार करने का अवसर प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों, ग्रामीण परिवेश में निवास कर रहे प्रतिभाशाली बच्चे मनोबल को नीचे न रखें, अब होनहार बच्चों के लिए जनपद पर ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की व्यवस्था रहेगी। उन्होंने कहा कि संभावनाओं का जीवित रहना ही सफलता का आधार है, आप सब लक्ष्य निर्धारित कर उसे पाने के लिए सपने देखें और सपनों को पूरा करने के लिए लगन से पढ़ाई करें, अपनी पारिवारिक परिस्थितियों को पढ़ाई में आढ़े न आने दें, अपने लक्ष्य को पाने के लिए ईमानदारी से आगे बढ़ें, आपको सफलता अवश्य मिलेगी।
मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए उपस्थित छात्र-छात्राओं से कहा कि अपने अंदर छिपी प्रतिभा को खुद पर विश्वास कर निखारें, मन में नकारात्मक सोच न पालें, नकारात्मकता से मनोबल घटेगा जो आपकी सफलता में व्यवधान उत्पन्न करेगा, आप सबके अंदर प्रतिभा है, बस उसे समझने और सही मार्गदर्शन देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कोचिंग पर निर्भर न रहें बल्कि सेल्फ स्टडी पर ज्यादा ध्यान दें, कठिन परिश्रम, स्वयं पर विश्वास आपको सफलता अवश्य दिलाएगा। उप जिलाधिकारी सदर नवोदिता शर्मा ने भी अपने अनुभव शेयर करते हुये कहा कि मन में नाकारात्मक सोच न आने दें, जो भी लक्ष्य तय करें उसे पाने के लिए कठिन परिश्रम करें।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज वर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कमल सिंह, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी नेहा पाण्डेय, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी, प्राचार्य डायट, आई.ए.एस. परीक्षा के सफल अभ्यर्थी ऋतुराज प्रताप सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे, कार्यक्रम का संचालन जिला समाज कल्याण अधिकारी डा. इन्द्रा सिंह ने किया।


