

मैनपुरी 11 जून, 2022- पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने महाराजा तेज सिंह जिला चिकित्सालय में 54 लाख 55 हजार की लागत से नवनिर्मित डायलिसिस यूनिट तथा प्लास्टिक सर्जरी एवं वर्न यूनिट का लोकार्पण करते हुए कहा कि जनपद में डायलिसिस यूनिट के प्रारंभ होने से मरीजों को काफी राहत मिलेगी, अब डायलिसिस के लिए पीड़ित व्यक्ति को किसी अन्य जनपद जाने की आवश्यकता नहीं होगी, डायलिसिस यूनिट में प्रतिदिन 15 मरीजों का डायलिसिस हो सकेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र, प्रदेश सरकार प्रदेश के गरीब व्यक्तियों तक संचालित योजनाओं का लाभ पहुंचाकर एक ओर जहां उन्हें विकास की मुख्यधारा में जोड़ने का कार्य कर रही है वहीं दूसरी ओर सरकारी चिकित्सालयों में अत्याधुनिक सुविधाएं मुहैया कराकर आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मुहैया कराने के लिए भी कृत संकल्पित है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकारी चिकित्सालयों में चिकित्सकों की कमी दूर करने के लिए सरकार ने प्रत्येक जनपद में 01-01 मेडिकल कॉलेज स्थापित कराए जाने का क्रांतिकारी निर्णय लिया, प्रत्येक जनपद में मेडिकल कॉलेज की स्थापना होने के फलस्वरुप आगामी 10 साल में प्रदेश में आवश्यकता से अधिक चिकित्सक इन मेडिकल कॉलेज से शिक्षा ग्रहण कर उपलब्ध होंगे, किसी भी सरकारी चिकित्सालय में चिकित्सकों की कमी नहीं रहेगी।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सरकारी चिकित्सालयों में आने वाले मरीजों के लिए मूल-भूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ पर्याप्त मात्रा में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराई है, चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ समय से स्वास्थ्य केंद्र पर उपलब्ध रहें, इसके लिए प्रभावी कार्यवाही की गई, सभी चिकित्सकों को तैनाती स्थल पर ही रहने की हिदायत देकर उन्हें तैनाती स्थल पर ही रात्रि विश्राम सुनिश्चित कराया गया ताकि क्षेत्रीय लोगों को आवश्यकता पड़ने पर उनके समीपवर्ती स्वास्थ्य केंद्र पर ही चिकित्सक उपलब्ध मिले और जरूरतमंद मरीज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करें। उन्होने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद में स्थापित कैंसर यूनिट को तत्काल चालू कराने की व्यवस्था करें, कैंसर यूनिट में जो भी कमियां हो उन्हें दूर कराया जाए, जनपद में मिनी ट्रामा सेंटर की स्थापना हेतु भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए प्रस्ताव भेजा जाए, नवीन भवन बनने तक मिनी ट्रामा सेंटर पुराने महिला जिला चिकित्सालय में संचालित किया जाए ताकि जनपदवासियों को इसका लाभ मिल सके।
विधायक भोगांव, पूर्व मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री ने कहा कि जनपद में डायलिसिस यूनिट उपलब्ध न होने के कारण यहां के मरीज आगरा, सैफई या अन्य स्थानों पर जाकर अपना इलाज कराते थे जिस कारण उन्हें आर्थिक, मानसिक कठिनाई का सामना करना पड़ता था, लेकिन आज से जनपद के किसी भी मरीज को डायलिसिस कराने के लिए कहीं जाने की आवश्यकता नहीं होगी, जनपद में ही उसे निःशुल्क सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा है कि प्रदेश के प्रत्येक गरीब व्यक्ति को निःशुल्क, सस्ता इलाज मुहैया हो, उसे इलाज कराने के लिए कहीं भटकना न पड़े इसके लिए प्रत्येक जनपद में सरकारी स्वास्थ्य केन्द्रों पर सभी व्यवस्थाएं करायी जा रही हैं, सभी जांचो के साथ-साथ जीवन रक्षक उपकरणों की व्यवस्था स्वास्थ्य केन्द्रों पर हो रही है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह, पुलिस अधीक्षक कमलेश दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार, अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्र, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.पी.पी. सिंह, उप जिलाधिकारी सदर नवोदिता शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरविंद गर्ग, डॉ. ए.के. पचौरी, जिलाध्यक्ष प्रदीप चौहान, पूर्व विधायक अशोक चौहान, पी.सी.एफ. निदेशक अनुराग पांडेय, प्रान्तीय उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता, ब्लाक प्रमुख जागीर मनेष चौहान, सुमित चौहान, योगेंद्र सिंह चौहान, जयपाल सिंह चौहान, पूर्व जिलाध्यक्ष अरविंद तोमर, प्रेम सिंह शाक्य, विशंभर तिवारी आदि उपस्थित रहे।



