मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने तहसील करहल के निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार को आदेशित करते हुए कहा कि वादों के निस्तारण की प्रगति पर ध्यान दें, दायरा के अनुसार वादों का निराकरण किया जाए। उन्होने संग्रह अनुभाग के निरीक्षण के दौरान पटल सहायक को निर्देशित करते हुए कहा कि माह जनवरी में अमीनों द्वारा बकायेदारों से रसीद के माध्यम से कुल कितनी धनराशि वसूल की, इसकी डिटेल कल तक उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने जानकारी करने पर पाया कि तहसील करहल में वाणिज्य कर की 03 लाख 74 हजार, विद्युत की 08 लाख 66 हजार, स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन की 02 लाख 86 हजार की आर.सी. बकाया हेतु लंबित है, जिस पर उन्होंने तहसीलदार को निर्देशित करते हुए कहा कि लंबित आर.सी. की प्राथमिकता पर वसूली कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने अभिलेखागार के निरीक्षण के दौरान बरनाहल की 1408 फसली की खतौनी के निरीक्षण के दौरान बस्ता सूची अद्यावधिक न पाए जाने पर पटल सहायक को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी परगनाओं के बस्तों की सूची तत्काल अपडेट की जाए। उन्होंने नजारत अनुभाग के निरीक्षण के दौरान रजिस्टर नंबर-03, 04, 06 का अवलोकन करने पर पाया कि रजिस्टर नंबर-04 में 27 लाख 29 हजार 637 उपलब्ध है, धनराशि समय से बैंक खातों में जमा कराई जा चुकी है। उन्होंने आपूर्ति अनुभाग के निरीक्षण के दौरान पाया कि तहसील करहल क्षेत्र के अंतर्गत कुल 136 राशन की दुकान स्थापित है, सभी राशन विक्रेताओं से ई-पॉश मशीन के माध्यम से राशन कार्ड धारकों को समय से खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है, शहरी क्षेत्र में 39 हजार 205 पात्र गृहस्थी एवं 04 हजार 751 अंत्योदय कार्ड धारक है जबकि ग्रामीण क्षेत्र में 02 लाख 53 हजार 513 पात्र गृहस्थी तथा 41 हजार 75 अन्त्योदय कार्ड धारक है, सभी राशन कार्ड धारकों को प्रधानमंत्री गरीब अन्न कल्याण योजना के अंतर्गत निर्धारित मात्रा में निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने कम्प्यूटर कक्ष के निरीक्षण के दौरान आई.जी.आर.एस., तहसील दिवस, जिलाधिकारी जन-सुनवाई के प्राप्त शिकायती प्रार्थना पत्रों के निस्तारण की जानकारी करने पर पाया कि अभी तहसील स्तर पर 194 प्रार्थना पत्र निर्धारित समय-सीमा के अंतर्गत अवशेष हैं, पटल सहायक ने बताया कि प्रतिमाह लगभग 100 से 120 शिकायती प्रार्थना पत्र विभिन्न स्तर से तहसील में प्राप्त होते हैं, माह फरवरी के 47 शिकायती प्रार्थना पत्र जिलाधिकारी जन-सुनवाई के अनिस्तारित है, जिस पर उन्होंने उप जिलाधिकारी, तहसीलदार को निर्देशित करते हुए कहा कि किसी भी स्तर से प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापरक निस्तारण सुनिश्चित करें, किसी भी फरियादी को अपनी समस्या के निदान के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजस्व निरीक्षकों को आदेशित करते हुए कहा कि यदि चकमार्ग, आम रास्ते के संबंध में शिकायत प्राप्त हो और नक्शे में मार्ग अंकित न हो लेकिन मार्ग से आवागमन सुचारू हो तो उस प्रकरण में यथा स्थिति के साथ शिकायतकर्ता को न्यायालय में बाद दाखिल करने को कहा जाए। उन्होने रिकॉर्ड रूम के निरीक्षण के दौरान मत्स्य आवंटन, आवास आवंटन, वृक्षारोपण, रियल टाइम खतौनी आदि पत्रावलियों के रख-रखाव पर संतोष व्यक्त किया।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी करहल सुनिष्ठा सिंह, उप जिलाधिकारी न्यायिक केशव प्रसाद, तहसीलदार संतोष कुमार, अनिल कुमार सक्सेना आदि उपस्थित रहे।



