मैनपुरी: कुं. आर.सी. महिला महाविद्यालय, मैनपुरी में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की संयुक्त इकाइयों की छात्राओं द्वारा सड़क सुरक्षा अभियान विषय पर एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य थीम थी— “सड़क सुरक्षा और सुरक्षित जीवन ”
इस अवसर पर छात्राओं ने सड़क सुरक्षा से संबंधित नुक्कड़ नाटक का प्रभावशाली मंचन किया, जिसमें हेलमेट, सीट बेल्ट, ट्रैफिक सिग्नल, तेज गति से वाहन चलाने के दुष्परिणाम तथा पैदल यात्रियों की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। नुक्कड़ नाटक ने दर्शकों को यह सोचने पर मजबूर कर दिया कि थोड़ी सी लापरवाही किस प्रकार बड़े हादसों का कारण बन सकती है। इसके पश्चात भाषण प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें छात्राओं ने आत्मविश्वास के साथ सड़क सुरक्षा के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय की प्रधानाचार्या प्रो. (डॉ.) शेफाली यादव ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि जीवन के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे स्वयं जागरूक बनें और समाज में भी इस चेतना को फैलाएं, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
एन.एस.एस. कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनामिका सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि सड़क सुरक्षा जागरूकता का उद्देश्य है—हर नागरिक को यह समझाना कि सुरक्षित जीवन हम सबका दायित्व है। उन्होंने बताया कि युवा वर्ग यदि आज से ही यातायात नियमों का पालन करने लगे, तो भविष्य में सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी संभव है।
उक्त कार्यक्रम के निर्णायक की भूमिका में डॉ. प्रियंका सोनकर, डॉ. गीता प्रजापति और डॉ. अंकिता सिंह उपस्थित रही। अंत में सभी उपस्थित छात्राओं और महाविद्यालय की अन्य शिक्षकाओं ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। यह आयोजन न केवल शैक्षिक था, बल्कि सामाजिक चेतना को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।



