मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी, जिला निर्वाचन अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के विशेष दिवस पर आज 107-विधानसभा क्षेत्र मैनपुरी के उच्च प्राथमिक विद्यालय नौनेर के बूथ संख्या-21, 22, नगला भंत के बूथ संख्या-51, पशु चिकित्सालय भांवत चौराहा के बूथ संख्या-199 एवं 108-विधान सभा क्षेत्र भोगांव के कम्पोजिट विद्यालय अहिरवा में स्थित बूथ संख्या-152, 153, 154 का निरीक्षण कर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूचियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य का स्थलीय निरीक्षण करते हुए मौके पर उपस्थित बूथ लेवल अधिकारियों से कहा कि पुनरीक्षण का कार्य बेहद संवेदनशील होकर करें, 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके प्रत्येक युवा से फॉर्म-6 भरवाना सुनिश्चित करें ताकि उनका नाम मतदाता सूची में शामिल किया जा सके। उन्होने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न करने के लिए मतदाता सूची का अपडेट होना आवश्यक है, मतदाता सूची तब अपडेट होगी जब उसमें 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके प्रत्येक व्यक्ति का नाम शामिल होगा, मृतक, शिफ्टेड, अनुपस्थित मतदाताओं के नाम विलोपित होंगे।
श्री सिंह ने बूथ संख्या-152, 153, 154 कम्पोजिट विद्यालय अहिरवा के निरीक्षण के दौरान बूथ संख्या-152 की बी.एल.ओ. सरोज कुमारी को उपस्थित पाया लेकिन बूथ संख्या-153 की बी.एल.ओ. कविता सक्सैना एवं बूथ संख्या-154 की बी.एल.ओ. मिथलेश अनुपस्थित पायी गयीं, विधानसभा मैनपुरी के बूथ संख्या-21 पर बी.एल.ओ. उपस्थित मिलीं लेकिन बूथ संख्या-22 की बी.एल.ओ. रंजना वर्मा अनुपस्थित पायी गयीं, विधानसभा मैनपुरी के ही बूथ संख्या-51 नगला भंत पर न तो बी.एल.ओ. और नाहीं सुपरवाइजर उपस्थित मिले, बूथ संख्या-52 पर बी.एल.ओ. लता व सुपरवाइजर भी अनुपस्थित पाये गये, जिस पर उन्होने नाराजगी व्यक्त करते हुये उप जिलाधिकारी सदर, भोगांव, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी को अनुपस्थित बीएलओ, सुपरवाइजर के विरूद्ध कठोर कार्यवाही करने के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्य में कार्मिकों की उदासीनता, कार्यों के प्रति लापरवाही किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं होगी, कार्यों में शिथिलता बरतने वाले कार्मिकों के विरूद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की सुसंगत धाराओं में प्रभावी कार्यवाही की जायेगी।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्यामलता आनन्द ने भी विशेष दिवस पर चित्रगुप्त महाविद्यालय, गौतम बुद्ध इंटर कॉलेज, कम्पोजिट प्राथमिक विद्यालय गंज आदि बूथों का निरीक्षण कर बूथ लेविल अधिकारियों द्वारा प्राप्त किये जा रहे फॉर्म-6, 7, 8 की जानकारी करते हुये कहा कि 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके प्रत्येक वयस्क से अभियान के दौरान फॉर्म-6 भरवाया जाये।



