मैनपुरी(सुवि)जन-सुनवाई के दौरान जब जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह के सम्मुख दीवानी रोड मो. कथ्था फैक्ट्री नि. वरुण कुमार, हिमांशू, हरी विलास सिंह, बांके सिंह आदि ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि आवास पर आने-जाने के लिए 100 मीटर पुरानी सड़क बनी हुई थी, जो वर्तमान में जीर्ण-शीर्ण है, सड़क में बरसात में तीन से चार फीट पानी भर जाता है, जिस कारण आवागमन में असुविधा होती है, शिकायतकर्ताओं ने बताया कि मोहला निवासी निर्मल कुमार, कमल ने अवैध रूप से सड़क पर जबरन दीवार लगाकर जीना, टॉयलेट बनवा दी है, जिस कारण आवागमन में अवरोध हो गया है, अभी हाल ही में नगर पालिका द्वारा सड़क बनवाने का टेंडर किया है, ठेकेदार ने मौके पर ईंट, गिट्टी-मिट्टी डालकर नाली बनवाना शुरू कर दिया है, उक्त सड़क पर अवरोध होने के कारण मौके पर सही नाली नहीं बन पा रही है, शिकायतकर्ताओं ने मार्ग पर किए गए अनाधिकृत अतिक्रमण को हटवाकर सही प्रकार से नाली, सड़क का निर्माण कराए जाने की मांग की, जिसे गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी स्वयं उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी सदर, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका के साथ मौके पर पहुंचे और अपने सामने मार्ग की पैमाइश कराई, मार्ग पर कुछ स्थान पर अनाधिकृत कब्जा पाया गया, जिसे तत्काल हटाने के निर्देश अनाधिकृत कब्जा करने वाले व्यक्तियों को दिये। उन्होने उप जिलाधिकारी से कहा कि यदि अनाधिकृत रूप से कब्जा करने वाले व्यक्तियों द्वारा अतिक्रमण स्वयं न हटाया जाये तो अवैध अतिक्रमण तत्काल हटवायें और कब्जा करने वालों के विरूद्ध विधिक कार्यवाही करें।

श्री सिंह ने कहा कि भूमि पर अनाधिकृत कब्जों की शिकायतें निरतंर मिल रही हैं, कुछ दबंग प्रवृति के व्यक्तियों द्वारा सार्वजनिक भूमि, चकरोड़, आमरास्तों पर कब्जे किये जा रहे हैं, ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरूद्ध दंडात्मक कार्यवाही की जाये, एक बार कब्जा हटवाने के बाद यदि किसी के द्वारा पुनः कब्जा किया जाये तो उसके विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज कराकर कठोर कार्यवाही की जाये। इस दौरान उप जिलाधिकारी सदर अभिषेक कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर संतोष कुमार, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका बुद्धि प्रकाश, अनिल सक्सैना, अनुज कुमार आदि उपस्थित रहे।



