मैनपुरी(सुवि)पूर्व मंत्री, विधायक भोगांव रामनरेश अग्निहोत्री ने यातायात माह के शुभारंभ अवसर पर उपस्थित अधिकारियों, बड़ी संख्या में छात्रों को नव-वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं लापरवाही के कारण होती है, कुछ लोग रॉन्ग साइड, नशे की हालत, बिना हेलमेट, सीट बेल्ट के वाहन चलाते हैं, जिसके फलस्वरूप दुर्घटनाएं घटित होती हैं यदि वाहन चालकों द्वारा यातायात नियमों का पालन किया जाये तो अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं टल सकती हैं। उन्होने कहा कि प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन निरतंर लोगों को जागरूक करने के लिए यातायात जागरूकता सम्बन्धी कार्यक्रयम आयोजित करा रहे हैं, लेकिन फिर भी कुछ लोगों द्वारा यातायात नियमों का पालन नहीं किया जाता है। उन्होंने कहा की सड़क सुरक्षा माह में यातायात नियमों का पालन करें, लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक करें ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी आये और लोगों की जान बचाई जा सके। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में अधिकांश युवा नियमों की अनदेखी कर अपनी जान गवां रहे हैं जो सभ्य समाज के लिए किसी भी दशा में ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि मानव जीवन प्रकृति का अनमोल तोहफा है, 84 लाख योनियों का निर्माण प्रकृति ने किया है, उसके बाद मनुष्य का निर्माण हुआ है, मनुष्य जीवन ईश्वर का सबसे बेहतरीन तोहफा है, इसे बर्बाद न करें बल्कि एक-एक क्षण का सदुपयोग कर अपने जीवन का लाभ परिवार, समाज के साथ प्रकृति को दें। उन्होंने कहा कि 80 प्रतिशत सड़क दुर्घटनाएं नशे में गाड़ी चलाने के कारण होती हैं, सड़क दुर्घटनाओं में लगभग 80 प्रतिशत नौजवान ही दुर्घटना के शिकार होते हैं, इस पर सभी को चिंतन करना होगा, वाहन चलाते समय स्पीड को नियंत्रित रखना होगा, दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करना होगा, चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बैल्ट लगानी होगी, सभी लोगों को यातायात नियमों का अक्षरशः पालन करना होगा, तभी सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकेगा।

IMG 20260101 WA0020

जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं के पीछे मुख्य कारण जानकारी की कमी नहीं बल्कि आत्म-अनुशासन की कमी है यदि व्यक्ति अपने विवेक और आत्म-नियंत्रण का सही उपयोग करे तो अधिकांश दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। उन्होने कहा कि आज शायद ही कोई ऐसा व्यक्ति होगा, चाहे वह बच्चा हो या वयस्क, जिसे जानकारी न हो कि सड़क दुर्घटनाएं क्यों होती हैं, ओवर स्पीडिंग, नशे की हालत में वाहन चलाना, ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन और वाहनों की संख्या में तेजी से वृद्धि मुख्य कारण किसी से छिपे नहीं हैं, इसके बावजूद दुर्घटनाओं की संख्या में निरंतर वृद्धि यह संकेत देती है कि हम नियमों को जानते तो हैं, लेकिन उनका पालन नहीं करते। उन्होने कहा कि किशोर, युवा अवस्था में व्यक्ति के भीतर अपार ऊर्जा होती है, हार्माेनल बदलावों के कारण बाहरी दुनिया की चमक-धमक अधिक आकर्षित करती है, अपनी पहचान बनाने की तीव्र इच्छा होती है और कई बार इसी चाह में विवेक और आत्म-अनुशासन पीछे छूट जाते हैं। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में सबसे अधिक प्रभावित होने वाला वर्ग युवा ही होता है, यह बेहद दुखद है, क्योंकि युवा किसी भी देश की सबसे बड़ी पूंजी होते हैं यदि उनकी ऊर्जा को सही दिशा में लगाया जाए तो वह देश, समाज को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं लेकिन यदि यही ऊर्जा गलत दिशा में बह जाए तो इसका परिणाम विनाशकारी हो सकता है।

श्री सिंह ने उपस्थित युवाओं का आव्हान करते हुए कहा कि सड़क पर निकलते समय यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि देश में होने वाली असामयिक मृत्यु का सबसे बड़ा हिस्सा सड़क दुर्घटना में मरने वाले व्यक्तियों का है, यातायात नियमों की लापरवाही, अनदेखी के कारण बड़ी संख्या में लोग असमय काल के गाल में समा जाते हैं, जो देश के लिए अपूर्णीय क्षति है, इसको रोकने के लिए सबको सम्मलित प्रयास करने होंगे, जन-जन को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक करना होगा। उन्होंने कहा कि यदि सड़क दुर्घटनाओं का गंभीरता से अध्ययन किया जाए, तो यह स्पष्ट हो जाएगा कि जिन दुर्घटनाओं में अमूल्य मानव जीवन की क्षति हुई, उनमें से अधिकांश को रोका जा सकता था, यह सोचने का विषय है कि बाहरी कारण कितने जिम्मेदार हैं और आंतरिक कारण कितने, बाहरी कारण वह होते हैं जो हमारे नियंत्रण में नहीं होते जबकि आंतरिक कारण हमारे व्यवहार, निर्णय और अनुशासन से जुड़े होते हैं। उन्होने कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं आत्म-अनुशासन की कमी के कारण होती हैं, ट्रैफिक नियमों का पालन करना चाहिए, फिर भी हम इन नियमों की अनदेखी करते हैं, यह अनदेखी ही दुर्घटनाओं का कारण बनती है।

डॉ. किरन सोजिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्रों ने सड़क सुरक्षा पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत किए, इस दौरान पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी शिवम यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण ए.के. अरूण, क्षेत्राधिकारी यातायात दीपशिखा के अलावा विद्यालय की मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. किरण सोजिया, पूर्व जिलाध्यक्ष अरविंद तोमर आदि उपस्थित रहे।