मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में परिवहन, लोक निर्माण, पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि घने कोहरे के कारण सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है, इसलिए सभी अधिकारी सजग रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होने कहा कि वाहन चालकों को घने कोहरे के दृष्टिगत वाहन चलाते समय सावधानियां बरतने हेतु प्रेरित किया जाए, सड़क के किनारे कोई वाहन खड़ा न करे, रोड ऑनिंग एजेंसियां एन.एच.ए.आई., यूपीडा द्वारा पेट्रोलिंग, एंबुलेंस, क्रेन, फायर ब्रिगेड की तत्काल व्यवस्था की जाये, सड़क के किनारे झाड़ियों को साफ कराया जाए, क्रिटिकल थानों, सड़कों का चिन्हांकन किया जाए, रोड इंजीनियरिंग की दृष्टि से किसी भी सड़क पर निर्धारित मानक से अधिक ऊंचाई का ब्रेकर न हो, पुलिस, परिवहन विभाग द्वारा प्रभावी प्रवर्तन कार्य किया जाये, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, शराब पीकर वाहन चलाने वालों, वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाए, नियमों की अनदेखी करने वालों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त किए जाएं, ओवर स्पीड, बिना सीट-बेल्ट, हेलमेट के वाहन चलाने वालों के विरूद्ध कठोर कार्यवाही कर जुर्माना वसूला जाये।
श्री सिंह ने कहा कि दि. 01 जनवरी से 31 जनवरी तक संचालित होने वाले सड़क सुरक्षा माह के सफल क्रियान्वयन हेतु सभी तैयारियां समय से पूर्ण की जायें, सम्बन्धित अधिकारी आपस में समन्वय स्थापित कर सड़क सुरक्षा माह के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूप-रेखा तैयार करें, अभियान के दौरान विद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता से सम्बन्धित कार्यक्रम आयोजित कराये जायें साथ ही पब्लिक एडेªस सिस्टम के माध्यम से भी आमजन को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया जाये, मुख्य चौराहों के आस-पास अभियान चलाकर अवैध अतिक्रमण हटाए जाएं, चिन्हित ब्लैक-स्पॉट पर तत्काल साइनेज, साइन बोर्ड लगाए जाएं। उन्होने कहा कि विद्यालयों में अनफिट वाहनों का संचालन किसी भी दशा में न हो, विद्यालय के वाहनों चालकों, परिचालकों के चरित्र, ड्राइविंग लाइसेंस आदि अभिलेखों, विद्यालय वाहनों की फिटनेस का सत्यापन निर्धारित समय पर हो, विद्यालयों में गठित रोड सेफ्टी क्लब के माध्यम से स्कूली बच्चों को जागरूक कराया जाये। उन्होंने जानकारी करने पर पाया कि माह नवम्बर में 68 सड़क दुर्घटनाएं घटित हुईं, जिसमें 41 व्यक्तियों को अपनी जान गवांनी पड़ी जबकि गत वर्ष माह नवम्बर में 58 सड़क दुर्घटनाओं में 29 व्यक्तियों को अपनी जान गंवानी पड़ी, जिस पर असंतोष व्यक्त करते हुये कहा कि निरतंर प्रयासों के बावजूद जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में बढ़ोत्तरी हो रही है।
ए.आर.टी.ओ. शिवम यादव ने बताया कि माह नवम्बर में ओवर स्पीड पर 22, बिना हेलमेट के दुपहिया वाहन चलाने पर 9489, बिना सीट बैल्ट पर 509, रोंग साइड पर 266, मोबाइल का प्रयोग करने पर 92, नशे की हालत में वाहन चलाने पर 05, यात्री वाहन, स्कूली वाहन, ऑटो, टैम्पो, ई-रिक्शा में ओवर लोडिंग पर 13, माल वाहनों में ओवर लोडिंग पर 27 वाहनों के विरूद्ध कार्यवाही की गयी साथ ही नियमों का उल्लघंन करने पर 27 वाहनों का चालान भी किया गया जबकि पुलिस विभाग द्वारा माह नवम्बर में ही ओवर स्पीड पर 10, बिना हेलमेट के दुपहिया वाहन चलाने पर 9158, बिना सीट बैल्ट पर 361, रोंग साइड पर 253, मोबाइल का प्रयोग करने पर 84 वाहन चालकों के विरूद्ध कार्यवाही की गयी। बैठक में पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, अपर पुलिस अधीक्षक अरूण कुमार, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण, लोक निर्माण सीडी-03 ए.के. अरूण, धनुषधारी, जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी दीपिका गुप्ता, एन.एच.ए.आई. से आनन्द श्रीवास्तव, यूपीडा से अशोक कुमार सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।



