
मैनपुरी 21 मई, 2022- संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील भोगांव में जन शिकायतें सुनने के दौरान जब जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह के सम्मुख रकरी नि. नफीसा ने निजी भूमि पर अनाधिकृत कब्जा किये जाने, नगला केहरी नि. सुरेश सिंह ने गाटा संख्या-2431 पर हो रहे अवैध निर्माण को रोके जाने, ब्यांेति खुर्द नि. ओमप्रकाश ने भूमि पर जबरन कब्जा करने, लालपुर नि. मलिखान सिंह ने पक्की पैमाइश के बाद लगाई गई मुड्डी को अवनीश कुमार, सुखदेव सिंह द्वारा उखाड़ कर फेंके जाने की शिकायत अपने शिकायती प्रार्थना पत्रों के माध्यम से की, जिस पर उन्होंने असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित क्षेत्र के लेखपालों, तहसीलदार, उप जिलाधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि अभियान चलाकर अनाधिकृत अतिक्रमण हटाए जाएं, किसी भी क्षेत्र में किसी गरीब व्यक्ति की भूमि पर अनाधिकृत कब्जा न रहे, जिनके के क्षेत्र में सर्वाधिक भूमि विवाद है ऐसे 03 लेखपालों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध दंडात्मक कार्यवाही की जाए, पैमाइश के बाद यदि किसी के द्वारा पुनः कब्जा किया जाए तो उसके विरुद्ध भू-माफिया में कार्यवाही हो, दोबारा कब्जा करने वालों के विरुद्ध गुंडा एक्ट के अंतर्गत कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि आवंटित पट्टों पर पात्र पट्टेदार ही काबिज रहें, किसी भी पट्टे पर अनाधिकृत कब्जा न रहे यदि कहीं पर पट्टे की भूमि पर अवैध कब्जा पाया गया तो संबंधित लेखपाल को जिम्मेदार मानते हुए उसके विरुद्ध कार्यवाही की जाए।
श्री सिंह ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि तहसील भोगांव क्षेत्र में भूमि पर अनाधिकृत कब्जों की अधिक शिकायतें प्राप्त हो रही है, दबंगों द्वारा भूमि पर कब्जे किए जा रहे हैं, राजस्व कर्मियों द्वारा इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है, लेखपाल तत्काल अनाधिकृत कब्जा हटवाने की दिशा में कार्य करें, किसी भी गरीब व्यक्ति को किसी के द्वारा परेशान न किया जाए, शिकायतों का निस्तारण प्रभावी ढंग से हो, लेखपाल, राजस्व निरीक्षक अपने-अपने क्षेत्र का नियमित भ्रमण कर भूमि संबंधी विवादों की जानकारी करें और उनका मौके पर ही उचित निराकरण कराएं, थाने से फोर्स लेकर सार्वजनिक भूमि, तालाब, चकरोड, अनाधिकृत कब्जे वाली भूमि की पैमाइश कराकर अनाधिकृत कब्जे हटवाएं, खंड विकास अधिकारी, सचिव, ग्राम प्रधान तत्काल चकरोड पर मिट्टी का कार्य कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी फरियादी को जिला मुख्यालय, तहसील, थाने के चक्कर न लगाने पड़े, पीड़ित व्यक्ति की शिकायत का प्रभावी निराकरण हो, तहसीलों, थानों में कार्य संस्कृति बेहतर दिखे, शिकायतों के निराकरण में खानापूर्ति न की जाए बल्कि उनका प्रभावी निराकरण किया जाए ताकि शिकायतकर्ता को राहत महसूस हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकारी संपूर्ण समाधान दिवस, थाना समाधान दिवस, अन्य माध्यम से प्राप्त जन शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापरक निराकरण करें, किसी भी विभाग में निर्धारित समय सीमा के उपरांत कोई शिकायत अनिस्तारित न रहे, यदि किसी के द्वारा तथ्यहीन आख्या प्रेषित की या समस्या का उचित समाधान न कर रिपोर्ट उपलब्ध करायी तो उसके विरूद्ध कठोर कार्यवाही होगी, कार्यवाही के उपरांत शिकायतकर्ता से अवश्य बात करें, फरियादी के संतुष्ट होने के उपरांत ही निस्तारण आख्या उपलब्ध करायें। उन्होने कहा कि सरकारी अधिकारी, कर्मचारी जन शिकायतों के निस्तारण के प्रति संवेदनशील रहें, किसी भी व्यक्ति को अपनी समस्या के समाधान के लिए भटकना न पड़े यथा संभव उसकी शिकायत का सम्बन्धित थाने, तहसील, विकास खंड स्तर पर ही निस्तारण किया जाये ताकि उसे अकारण मुख्यालय न आना पड़े।
आज आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील भोगांव के दूर-दराज ग्रामीण अंचलों से आए मीरापुर गुजराती निवासी राम महाराज सिंह ने गांव के मोहर पाल सिंह द्वारा मारपीट करने, कौआटाण्डा नि. अजय कुमार ने गाटा संख्या-75, 1118 की पैमाइश कराकर कब्जा दिलाने, सुरजनपुर नि. प्रवीन कुमार ने बैनामा की भूमि का दाखिल खारिज कराने, रोपनपुर नि. रामरखी ने सम्पर्क मार्ग से अवैध कब्जा हटवाने, चड़रौआ नि. धनसिंह ने ग्राम प्रधान व उसके प्रतिनिधि द्वारा अवैध तरीके से प्रार्थी के मकान की दीवार से जे.सी.वी. से नींव खोदकर मकान गिराने का प्रयास किये जाने, मोहल्ला मोहम्मद सईद नि. मीना ने अनुसूचित जाति विवाह अनुदान योजना का लाभ दिये जाने हेतु दूरभाष के द्वारा 03 हजार रू. की मांग किये जाने की शिकायत अपने शिकायती प्रार्थना पत्रों के माध्यम से की, जिसे सम्बन्धित को पृष्ठांकित कर निर्धारित समयसीमा में प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिये।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार राय ने पुलिस से संबंधित शिकायतों को सुन थानाध्यक्षों को समयबद्ध, गुणवत्तापरक निराकरण के निर्देश दिए। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी भोगांव राज नारायण त्रिपाठी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.पी.पी.सिंह, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी एस.एन. मौर्य, परियोजना निदेशक डी.आर.डी.ए. के.के. सिंह यादव, जिला विकास अधिकारी प्रवीन कुमार राय, उप निदेशक कृषि डी.वी. सिंह, एसओसी चकबंदी लालता प्रसाद अहिरवार, जिला पूर्ति अधिकारी क्यामुद्दीन अंसारी, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी कमल सिंह, तहसीलदार भोगांव आनन्द कुमार, अधिशाषी अभियंता विद्युत, लोक निर्माण, नहर, नलकूप, जल निगम सहित अन्य संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।



