जबरन कब्जा करने वालों को चिन्हित कर उनके विरूद्ध की जाये दण्डात्मक कार्यवाही, कमजोर वर्ग के लोगों की भूमि पर कोई दबंग न रहे काबिज -जयवीर सिंह।
मैनपुरी(सुवि)जन-समस्याएं सुनने के दौरान जब पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के सम्मुख नसीरपुर नि. भानू चौहान ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि गांव के अंदर की सड़क पर हाई-टेंशन लाइन का सीमेंट का विद्युत पोल जो औंछा फीडर से सबद्ध है तथा जर्जर हालत है, जो कभी भी गिर सकता है, कई बार उप खंड अधिकारी, अवर अभियंता से जर्जर पोल को बदलने की कह चुके हैं लेकिन अभी तक पोल बदला नहीं गया है, पोल गिरने से कभी भी कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है, जिस पर उन्होने मौके पर उपस्थित विद्युत विभाग के प्रतिनिधि को निर्देशित करते हुये कहा कि तत्काल जर्जर पोल को बदला जाये। उन्होने अधीक्षण अभियंता से कहा कि जनपद में जहां भी विद्युत पोल जर्जर अवस्था में हैं, विद्युत लाइन के तार ढीले हैं उन्हें प्राथमिता पर ठीक कराया जाये, नवीन शासनादेश के क्रम में 05 परिवारों के बसावट वाले मजरे, नगले, मोहल्लों का चिन्हांकन, सर्वे कराकर कार्य योजना तैयार कर वहां भी विद्युतीकरण कराया जाये, सुनिश्चित किया जाये कि कोई भी बसावट अविद्युतीकृत न रहे, प्रत्येक घर तक लाइट पहुॅचे। उन्होने कहा कि विद्युत विभाग की कार्यशैली से किसी भी उपभोक्ता को असुविधा न हो, उपभोक्तओं को समय से सही बिल उपलब्ध कराये जायें, विद्युत चोरी रोकने के लिए प्रभावी कार्यवाही हो, विद्युत चोरी में संलिप्त व्यक्तियों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही की जाये, ओ.टी.एस. योजना का प्रभावी क्रियान्वयन हो, प्रत्येक बकाया उपभोक्ता तक योजना की जानकारी पहुंचे ताकि वह योजना का लाभ पाकर लाभान्वित हो सके, योजना में पहली बार शत-प्रतिशत सरचार्ज की छूट के साथ बकाया राशि में भी 25 प्रतिशत तक की छूट का प्राविधान किया गया है।
श्री सिंह ने कहा कि लाभार्थीपरक, जन-कल्याणकारी योजनाओं में भी मानकों का ध्यान रख पात्रों को लाभान्वित कराया जाए, किसी भी योजना में कोई अपात्र व्यक्ति लाभान्वित न हो, सुनिश्चित किया जाए, अधिकारी, कर्मचारी जनहित को सर्वोपरि रख कार्य किए जाएं, आमजन तक विद्युत-जलापूर्ति सहित अन्य मूल-भूत सुविधाएं आसानी से पहुंचे, किसी भी व्यक्ति को किसी भी अधिकारी, कर्मचारी की कार्यशैली के कारण असुविधा का सामना न करना पड़े, आमजन की शिकायतों का भी त्वरित गुणवत्ता पूर्ण निराकरण किया जाए, किसी भी फरियादी को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार चक्कर न लगाने पड़े। आज जनसुनवाई के दौरान ग्राम विघरूआ नि. सियादेवी ने विपक्षियों द्वारा चल-अचल सम्पत्ति पर अवैध कब्जे को हटवाने, उदनाडाडा नि. गोविन्द ने भूमि पर अवैध रूप से दीवार तोडकर कब्जा करने, अरविन्द सिंह नगर नि. इन्द्रपाल सिंह, ज्योत्सना सिंह, नीरज देवी, नवीन कुमार आदि ने घरेलू नवीन 02 कि.वॉ. विद्युत कनेक्शनों को जारी करने, ग्राम पहाड़पुर नि. आशाराम ने भूमि से अनाधिकृत कब्जे को हटवाये जाने की शिकायत अपने शिकायती प्रार्थना पत्रों के माध्यम से की, जिन्हें सम्बन्धित को तत्काल निस्तारण हेतु निर्देशित किया।
इस दौरान जिलाध्यक्ष ममता राजपूत, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि शिवदत्त भदौरिया, उदय चौहान, अमित गुप्ता, धीरू राठौर, अर्जुन चौहान के अलावा डिप्टी कलेक्ट्रेट शिव नरेश, क्षेत्राधिकारी नगर संतोष कुमार, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली फतेह बहादुर सिंह, विद्युत विभाग से लालू जादौन आदि उपस्थित रहे।



